
ऊषा उथुप
बॉलीवुड की सुपरहिट सिंगर ऊषा उथुप आज 78वां जन्मदिन मना रही हैं। कभी नाइट क्लब में गाने गाकर गुजारा करने वाली सिंगर की फिल्मी जर्नी काफी इंस्पिरेशनल रही है। अपने करियर में 92 से ज्यादा फिल्मों के गानों में अपनी आवाज का जादू फूंकने वाली सिंगर ऊषा उथुप के जन्मदिन पर लोगों ने उन्हें सोशल मीडिया पर बधाई दी है। इस खास मौके पर हम जानते हैं ऊषा की करियर जर्नी। कैसे नाइट क्लब्स में गाने वाली ऊषा को बॉलीवुड में ब्रेक मिला और स्टार सिंगर बन गईं।
खुद बताया था नाइट क्लब का किस्सा
उषा उथुप ने कई फिल्मों जैसे हरे रामा हरे कृष्णा (1971), चटक्करी (1974), ऊरुक्कु उझाइपवन (1976), प्यारा दुश्मन और शान (1980), अरमान (1981), और डिस्को डांसर (1982) के लिए गाया है। गायिका ने दुश्मन देवता (1991), कभी खुशी कभी गम (2001), डॉन 2 और 7 खून माफ (2011), और कहानी (2012) में कई गानों में अपनी आवाज दी। टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए एक इंटरव्यू में उषा ने बताया था, ‘यह संयोग से हुआ। मेरी चाची ने मुझे कुछ गिग्स दिलाने में मदद की और मुझे हमेशा सबके लिए गाना पसंद था। इसलिए मैंने एक होटल के साथ अपना प्रोफेशनल कॉन्ट्रैक्ट साइन किया। और यह वाकई कमाल की बात थी क्योंकि इसके अंत में मुझे 750 रुपये मिले। एक शो के लिए नहीं, बल्कि मुझे यह रकम एक महीने के लिए मिली। मैं क्लब में खड़े होकर गाती थी और यह शानदार था और मैं उन दिनों सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली गायिका थी, मेरा मतलब एक नाइट क्लब सिंगर के तौर पर। इसलिए उस पैसे को कमाने का रोमांच ही कुछ और था।’
देव आनंद ने दिलाई बॉलीवुड में एंट्री
बॉलीवुड में गाने के बारे में बात करते हुए, उषा ने बताया था कि कैसे देव आनंद ने उन्हें फिल्मी दुनिया में एंट्री दिलाई थी। उषा ने एक इंटरव्यू में बताया था, ‘बॉलीवुड में गायन की शुरुआत तब हुई जब देव आनंद एक बार दिल्ली के एक नाइट क्लब में मेरे गाने सुनने आए। उनके साथ यह एक बहुत ही खास जुड़ाव था और मैं उनसे मिलने के बाद बहुत उत्साहित थी क्योंकि शो खत्म होने के बाद, उन्होंने मुझसे पूछा कि क्या मैं उनके प्रोजेक्ट हरे रामा हरे कृष्णा में काम करूंगी। यह मुलाकात बहुत ही खास थी क्योंकि उन्हें मेरी आवाज बहुत पसंद थी। और उन्हें मेरा गाना भी बहुत पसंद आया। इसके बाद मैंने आरडी बर्मन, बप्पी लाहिड़ी जैसे कुछ बेहद शानदार संगीतकारों के साथ काम किया।’ उषा ने ‘बॉम्बे टू गोवा’ (1973), ‘7 खून माफ’ (2011) और ‘रॉक ऑन 2’ (2016) सहित कई फिल्मों में काम किया। आज जन्मदिन के मौके पर फैन्स ने सोशल मीडिया पर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी है। साथ ही उनके गाने भी लोग शेयर कर रहे हैं।
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited



