
ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा हमेशा सुर्खियों में बनी रहती हैं। इन दिनों वो भारत में अपने कमबैक को लेकर सुर्खियों में है। हाल ही में एक्ट्रेस अमेरितका से भारक आईं और मंगलवार 31 मार्च 2026 को उन्हें अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में मत्था टेकते देखा गया। अभिनेत्री यहां अपनी टीम और सुरक्षा घेरे के बीच पूरी श्रद्धा के साथ प्रार्थना करती नजर आईं। दिलचस्प बात यह है कि प्रियंका केवल दर्शन तक ही सीमित नहीं रहीं, बल्कि उन्होंने गुरुद्वारा परिसर के भीतर सेवा भी की।
स्वर्ण मंदिर में प्रियंका की सेवा
अपने इस आध्यात्मिक दौरे के लिए प्रियंका चोपड़ा ने बेहद शालीन पीच रंग का सलवार सूट चुना था। गुरुद्वारे में मत्था टेकने के बाद उन्हें अपनी टीम के साथ बाहर निकलते हुए देखा गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक इनसाइड वीडियो में अभिनेत्री अन्य महिलाओं के साथ बैठकर सेवा करती हुई दिखाई दे रही हैं, जिसकी फैंस जमकर तारीफ कर रहे हैं। प्रियंका का यह सादगी भरा अंदाज एक बार फिर लोगों का दिल जीत रहा है।
धर्म और आध्यात्मिकता पर प्रियंका के विचार
प्रियंका चोपड़ा हमेशा से ही अपनी आध्यात्मिक जड़ों से जुड़ी रही हैं। साल 2021 में ओपरा विनफ्रे के शो पर अपनी आत्मकथा ‘अनफिनिश्ड’ के प्रचार के दौरान उन्होंने भारत की आध्यात्मिक ऊर्जा पर गहराई से बात की थी। उन्होंने बताया था कि भारत जैसे देश में पलने-बढ़ने के कारण विभिन्न धर्मों और विश्वास प्रणालियों के प्रति जागरूक होना बहुत स्वाभाविक है। बचपन से ही अलग-अलग मान्यताओं के बीच रहने के कारण उनके मन में सभी धर्मों के लिए सम्मान विकसित हुआ।
विविधता में एकता का पाठ
ओपरा से बातचीत के दौरान प्रियंका ने साझा किया था, ‘भारत में आध्यात्मिकता से अछूता रहना लगभग असंभव है। वहां इतने सारे धर्म एक साथ रहते हैं। मैं खुद एक कॉन्वेंट स्कूल में पढ़ी, इसलिए ईसाई धर्म से वाकिफ थी। मेरे पिता मस्जिद में गाते थे, इसलिए मैं इस्लाम से परिचित थी और एक हिंदू परिवार में पली-बढ़ी तो उसे भी करीब से देखा।’ प्रियंका का मानना है कि भारत का आध्यात्मिक ताना-बाना इतना विशाल है कि आप इसे अनदेखा नहीं कर सकते।
प्रियंका पर रहा पिता का असर
प्रियंका ने अपने दिवंगत पिता डॉ. अशोक चोपड़ा के प्रभाव के बारे में भी बताया था। उन्होंने कहा, ‘मेरे पिता मुझसे कहते थे कि हर धर्म उस एक सर्वोच्च शक्ति (सुप्रीम पावर) तक पहुंचने का एक अलग रास्ता है। हर धर्म का चेहरा अलग हो सकता है, लेकिन दिशा एक ही है। मैं एक हिंदू हूं, मेरे घर में मंदिर है और मैं जितना हो सके प्रार्थना करती हूं, लेकिन साथ ही मेरा यह भी मानना है कि एक उच्च शक्ति अस्तित्व में है और मैं उसमें पूरा विश्वास रखती हूं।’
इस फिल्म में नजर आएंगी प्रियंका
काम की बात करें तो प्रियंका चोपड़ा जल्द ही एसएस राजामौली की फिल्म ‘वाराणसी’ के साथ भारतीय सिनेमा में वापसी कर रही हैं, जो 2027 में रिलीज होने वाली है। इससे पहले वो ‘द ब्लफ’ में नजर आईं।
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited



