
‘दो दीवाने सहर में’ और ‘अस्सी’ पर भारी पड़ी शाहिद की ओ’रोमियो।
तापसी पन्नू पिछले कुछ समय से अपनी अपकमिंग फिल्म ‘अस्सी’ को लेकर सुर्खियों में बनी हुई हैं, जो इस शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। यह फिल्म एक गंभीर सामाजिक मुद्दे पर आधारित है। इसी फिल्म के साथ यानी 20 फरवरी को ही निर्देशक रवि उदयवार की रोमांटिक ड्रामा फिल्म ‘दो दीवाने सहर में’ भी सिनेमाघरों में रिलीज हुई। इन दोनों फिल्मों के अलावा, शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी स्टारर ‘ओ’रोमयो’ भी सिनेमाघरों में चल रही है। तो चलिए जानते हैं कि पहले दिन तापसी पन्नी की अस्सी और मृणाल ठाकुर और सिद्धांत चतुर्वेदी स्टारर ‘दो दीवाने सहर में’ का बॉक्स ऑफिस पर क्या हाल रहा और कमाई के मामले में ये शाहिद-तृप्ति की ओ’रोमियो को टक्कर दे पाईं या नहीं।
‘अस्सी’ फर्स्ट डे कलेक्शन
इंडस्ट्री ट्रैकर Sacnilk के अनुसार, तापसी पन्नू स्टारर ‘अस्सी’ की ओपनिंग कुछ खास नहीं रही। दमदार कहानी के बावजूद, इसने सिर्फ 1 करोड़ रुपये के साथ ओपनिंग की। 20 फरवरी 2026, शुक्रवार को इसकी कुल हिंदी ऑक्यूपेंसी 7.38% रही। अब देखना ये होगा कि वीकेंड पर फिल्म का क्या हाल रहता है।
अस्सी की कहानी और कलाकार
अस्सी की कहानी एक बलात्कार पीड़िता के कानूनी संघर्ष को दिखाती है। यह समाज के कुरूप चेहरे को उजागर करती है। फिल्म में तापसी पन्नू लीड रोल में हैं और उनके अलावा कानी कुस्रुति, जीशान अय्यूब, कुमुद मिश्रा और रेवती जैसे कलाकार अहम भूमिका में हैं। सभी कलाकारों ने दमदार अभिनय किया है। अनुभव सिन्हा ने अपने निर्देशन के जरिए कानूनी व्यवस्था की खामियों और बलात्कार पीड़ितों के साथ होने वाले व्यवहार को बखूबी चित्रित किया है। फिल्म रेप जैसे गंभीर मुद्दे को उठाती है, लेकिन दूसरे भाग के बाद इसकी गति धीमी हो जाती है और कुछ तत्व भी तर्कहीन लगते हैं। शायद यही कारण है कि दर्शकों ने फिल्म में ज्यादा रुचि नहीं दिखाई।
दो दीवाने शहर में का पहले दिन का कलेक्शन
शुक्रवार को रिलीज हुई इस रोमांटिक ड्रामा फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 1.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। यानी कमाई के मामले में फिल्म तापसी पन्नू की ‘अस्सी’ से कुछ ही कदम आगे रही। फिल्म में सिद्धांत ने शशांक नाम के एक ऐसे लड़के का किरदार निभाया है जिसे बोलने में थोड़ी हकलाहट या झिझक होती है। उन्होंने इस कमी को बेहद संवेदनशीलता के साथ दिखाया है। वहीं मृणाल ने रोशनी का किरदार निभाया है, जो बाहर से तो आत्मविश्वास से भरी दिखती है, लेकिन अंदर से अपनी खूबसूरती को लेकर संशय में रहती है।
दो दीवाने शहर में की कहानी
रवि उदयावर के निर्देशन में बनी ‘दो दीवाने सहर में’ मुंबई में रहने वाले दो नौजवानों, रोशनी और शशांक की लव स्टोरी है। दोनों ही बहुत अच्छे और बुद्धिमान हैं, लेकिन अपनी असुरक्षाओं से जूझते हैं। फिल्म पुराने जमाने की प्रेम कहानियों की तरह बड़े सपनों पर नहीं, बल्कि आज के युवाओं के छोटे-छोटे डर और कमजोरियों पर केंद्रित है। फिल्म का निर्देशन रवि उदयवार ने किया है। कहानी अभिरुचि चंद ने लिखी है। संजय लीला भंसाली और प्रेरणा सिंह इसके निर्माता हैं। कुल मिलाकर, यह एक हल्की-फुल्की, दिल को छू लेने वाली प्रेम फिल्म है। फिल्म में इला अरुण, जॉय सेनगुप्ता, आयशा रजा मिश्रा, संदीपा धर जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं।
ओ’रोमियो का कलेक्शन
शाहिद कपूर, तृप्ति डिमरी स्टारर ‘ओ’रोमियो’ आठ दिनों से सिनेमाघरों में चल रही है। शुक्रवार को फिल्म ने 2.25 करोड़ रुपये कमाए और इसी के साथ इसका कुल कलेक्शन 49.35 करोड़ रुपये हो गया है। शाहिद और तृप्ति के अलावा फिल्म में अविनाश तिवारी, नाना पाटेकर और फरीदा जलाल जैसे स्टार भी अहम रोल में हैं।
ये भी पढ़ेंः 5 मार्च को रिलीज होगा धुरंधर 2 का ट्रेलर? टॉक्सिक के साथ होगी बॉक्स ऑफिस भिड़ंत
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited



