
भाग्यश्री
अपने समय की टॉप हीरोइन रहीं भाग्यश्री की सलमान खान के साथ आइकॉनिक जोड़ी रही है। आज भी उनकी फिल्मों को याद किया जाता है। बीते साल रिलीज हुई फिल्म चंदू चैंपियन में नजर आईं भाग्यश्री ने आज अपने बेटे के जन्मदिन पर खूब प्यार लुटाया है। साथ ही उन्हें अपनी जिंदगा का एक सुखद अनुभव बताया है। बेटे के जन्मदिन पर भाग्यश्री ने उनकी बचपन से लेकर जवानी तक की तस्वीरों की एक सीरीज शेयर की है। भाग्यश्री ने लिखा, ‘तुमने मेरी जिंदगी बदल दी। प्यार से लिपटा हुआ, मेरे सपने, मेरी दुनिया… तुम मेरे सूरज हो। उस नन्ही सी खुशी से भरी हुई बच्ची से, जिसे मैं अपना कह सकती थी, लेकर उस खूबसूरत, प्रतिभाशाली, अटूट ताकत के स्तंभ तक, जिस पर हम पूरे भरोसे के साथ खड़े हो सकते हैं… उस सफर को याद करते हुए मेरे चेहरे पर मुस्कान आ जाती है। इनमें से हर तस्वीर एक खास याद समेटे हुए है। अभिमन्यू भगवान का प्रकाश तुम पर सदा चमकता रहे। जन्मदिन मुबारक हो।’
बेटे के बचपन की दिखाई तस्वीरें
पहली तस्वीर में भाग्यश्री अपने नवजात बेटे को गोद में लिए हुए हैं, जो धारीदार कंबल में लिपटा हुआ है। एक अन्य तस्वीर में उनके बचपन के जन्मदिन का जश्न दिखाया गया है, जिसमें नन्हा अभिमन्यु अपने माता-पिता के साथ केक काटते हुए बो टाई पहने नजर आ रहा है। एक और बचपन की तस्वीर में वह हाथ में खिलौना लिए मासूमियत से बैठे हैं, जबकि एक अन्य तस्वीर में उनके चेहरे पर रंग लगा हुआ है, जो 1996 की है और उनके स्कूल के चंचल और मस्ती भरे दिनों की याद दिलाती है। एक और हालिया तस्वीर में मां-बेटे काले रंग के कपड़े पहने कैमरे के सामने पोज दे रहे हैं। भाग्यश्री की बात करें तो, उन्होंने 1989 में आई ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ में सलमान खान के साथ बॉलीवुड में पदार्पण किया था। वे महाराष्ट्र के सांगली के शाही पटवर्धन परिवार से संबंध रखती हैं, इसलिए उन्हें सांगली की राजकुमारी कहा जाता है।
करियर के पीक पर छोड़ दी इंडस्ट्री
अपने करियर की पीक पर, भाग्यश्री ने 1990 में व्यवसायी हिमालय दासानी से शादी कर ली और पारिवारिक जीवन पर ध्यान केंद्रित करने के लिए मनोरंजन जगत से दूरी बना ली। खबरों के अनुसार, उन्होंने यह शर्त रखी थी कि वे तभी फिल्में साइन करेंगी जब उनके पति हिमालय उनके साथ मुख्य भूमिका में होंगे। दुर्भाग्य से, उनका यह निर्णय बॉक्स ऑफिस पर उन्हें अपेक्षित सफलता नहीं दिला सका। इस दंपति के बेटे अभिमन्यु दासानी का जन्म 1990 में और बेटी अवंतिका दासानी का जन्म 1995 में हुआ। अभिमन्यु ने 2018 में ‘मर्द को दर्द नहीं होता’ से अभिनय की शुरुआत की और बाद में ‘निकम्मा’ जैसी फिल्मों में भी दिखाई दिए। वहीं, अवंतिका ने वेब सीरीज ‘मिथ्या’ से अभिनय जगत में कदम रखा। हाल के वर्षों में, भाग्यश्री ने मनोरंजन जगत में वापसी की और अपने पति हिमालय के साथ रियलिटी शो ‘स्मार्ट जोड़ी’ में भाग लेती नजर आईं। अब वह रितेश देशमुख की छत्रपति शिवाजी महाराज पर आधारित आगामी फिल्म में दिखाई देंगी, जो 1 मई को रिलीज होने वाली है।
ये भी पढ़ें- ‘द केरल स्टोरी 2’ पर भड़के अनुराग कश्यप, विवादित बीफ सीन पर फूटा गुस्सा, बोले- ‘फिल्ममेकर लालची है’
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited



