
प्रियंका चोपड़ा और सुनील थापा
प्रियंका चोपड़ा की फिल्म मैरी कॉम में उनके कोच की भूमिका निभाने वाले सीनियर एक्टर सुनील थापा का आज 68 साल की उम्र में निधन हो गया। उनके मैरी कॉम के किरदार को लोगों ने खूब पसंद किया था और प्यार लुटाया था। अब सुनील थापा के निधन के बाद प्रियंका चोपड़ा ने भी उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी है। प्रियंका ने सुनील के साथ एक पुरानी तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि आप हमेशा मेरे को रहेंगे। प्रियंका ने लिखा, ‘आप हमेशा मेरे कोच रहेंगे सर। जब मैंने अपने पिता को खोया था, तब आपने मुझे संभाला। आपने मुझे प्यार किया और कई कठिन दिनों में बिना जाने ही मेरी मदद की। आपके प्यार भरे आलिंगन और आपकी हंसी हमेशा मेरी यादों में रहेंगी। बहुत कम उम्र में चले गए, लेकिन कभी भुलाए नहीं जा सकते। मेरे टूटे हुए दिल के समय में आपकी दयालुता के लिए धन्यवाद। सुनील थापा, आपकी आत्मा को शांति मिले। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके परिवार और प्रियजनों के साथ हैं।’
काठमांडू में हुआ निधन
फिल्म ‘मैरी कॉम’ और धारावाहिक ‘फैमिली मैन’ में अपनी भूमिका के लिए मशहूर अभिनेता सुनील थापा का शनिवार को काठमांडू में 68 वर्ष की आयु में निधन हो गया। अभिनेता काठमांडू के नॉर्विक अस्पताल में इलाज के दौरान चल बसे। अस्पताल के अनुसार, मरीज को बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया था। ईसीजी के बाद डॉक्टरों ने थापा की मृत्यु की पुष्टि की और संभवतः हृदय गति रुकने को इसका कारण बताया।
सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने अभिनेता के परिवार और मित्रों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने नेपाली सिनेमा में अभिनेता के योगदान को याद करते हुए कहा कि थापा की विरासत कलाकारों की पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। मुख्यमंत्री ने अपने फेसबुक हैंडल पर लिखा, ‘वयोवृद्ध अभिनेता सुनील थापा के निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है। उनके दमदार अभिनय, विशेष रूप से रेट कैला के किरदार ने नेपाली सिनेमा पर अमिट छाप छोड़ी है। उनकी प्रतिभा और विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। उनके परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।’
नेपाली सिनेमा के प्रमुख चेहरे थे थापा
नेपाली सिनेमा के एक प्रमुख चेहरे, थापा ने कई दशकों तक नेपाली, बॉलीवुड और भोजपुरी फिल्मों में व्यापक रूप से काम किया है। नेपाली एक्शन-ड्रामा फिल्म ‘चीनो’ में ‘राते कैला’ के अपने यादगार किरदार के लिए अभिनेता को व्यापक रूप से जाना जाता था। भारतीय सिनेमा में, थापा को प्रियंका चोपड़ा अभिनीत बायोपिक फिल्म ‘मैरी कॉम’ में सहायक भूमिका के लिए व्यापक पहचान मिली। उन्होंने इससे पहले ‘एक दूजे के लिए’ से बॉलीवुड में पदार्पण किया था और कई हिंदी, तमिल और भोजपुरी फिल्मों में काम किया। थापा ‘द फैमिली मैन’ के तीसरे भाग में भी नजर आए, जहां उन्होंने श्रृंखला में डेविड खुजू की भूमिका निभाई थी।
ये भी पढ़ें- ‘बॉर्डर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर तोड़े ये नए रिकॉर्ड, सनी देओल की फिल्म ने 300 करोड़ का आंकड़ा किया पार
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited



