
फिल्म निर्माता आदित्य धर फिलहाल ‘धुरंधर: द रिवेंज’ की सफलता का जश्न मना रहे हैं और अपनी टीम की तारीफ करते नहीं थक रहे। हाल ही में आदित्य धर ने शाश्वत सचदेव के लिए तारीफों भरा पोस्ट शेयर किया था, जो धुरंधर और धुरंधर 2 के म्यूजिक कंपोजर हैं। अब आदित्य धर ने एक और पोस्ट शेयर किया है और कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा और उनकी टीम की लगन और मेहनत की जमकर तारीफ की है। अपने लंबे-चौड़े पोस्ट में धर ने ये भी बताया कि उन्होंने कास्टिंग के लिए छाबड़ा को सिर्फ ‘एकमात्र निर्देश’ दिया था और उनकी इस एक बात पर मुकेश छाबड़ा ने पूरा ध्यान दिया और इसे पूरा करने में उन्होंने दिन रात एक कर दिए।
धुरंधर के कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा के लिए आदित्य धर का पोस्ट
आदित्य ने अपने नोट की शुरुआत करते हुए लिखा, “मुकेश छाबड़ा को सलाम, जिन्होंने धुरंधर को मुझसे बहुत पहले ही देख लिया था। कुछ लोग फिल्म में आते हैं और अपना काम करते हैं, और कुछ लोग चुपचाप फिल्म को नया रूप देते हैं। मुकेश इन दोनों में से बाद वाले थे। जब मैंने उन्हें पहला नरेशन दिया, उन्हें धुरंधर की भव्यता, महत्वाकांक्षा और अपार संभावनाओं पर मुझसे कहीं अधिक विश्वास हो गया था। जहां मैं सतर्क था, वे हर समय निडर थे। जहां मैं सीमित सोच रहा था, उन्होंने मुझे बड़े पैमाने पर सोचने के लिए प्रेरित किया, न केवल आंकड़ों में, बल्कि गहराई में, बारीकियों में, सच्चाई में।”
मुकेश छाबड़ा के लिए आदित्य धर का ‘एकमात्र निर्देश’
उन्होंने ‘धुरंधर’ की कास्टिंग के लिए मुकेश छाबड़ा को दिए गए ‘एकमात्र निर्देश’ का भी खुलासा किया और लिखा, “इस फिल्म की कास्टिंग आसान नहीं होने वाली थी। अभिनेताओं की भारी संख्या, किरदारों की विविधता, हर चेहरे को सही ढंग से चुनने की जिम्मेदारी, यह सब बहुत चुनौतीपूर्ण था। लेकिन मुकेश और उनकी टीम ने पूरी लगन से काम किया। मैंने उन्हें बस इतना ही निर्देश दिया था- मुझे बेहतरीन अभिनेता लाकर दो, चाहे नए हों या पुराने, बड़े हों या छोटे, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। और उन्होंने इसे एक मिशन में बदल दिया। इसके बाद अनगिनत दिन-रात साथ बैठकर हर किरदार का विश्लेषण किया, बहस की, खोजबीन की, अस्वीकार किया, नई बातें खोजीं। ये बातचीत काम जैसी नहीं लग रही थी, बल्कि ऐसा लग रहा था जैसे हम पूरी ईमानदारी से ईंट-दर-ईंट कुछ बना रहे हों।”
मुकेश के लिए कास्टिंग का मतलब सिर्फ भूमिकाएं भरना नहीं- आदित्य धर
मुकेश छाबड़ा के काम के प्रति समर्पण की तारीफ करते हुए आदित्य ने लिखा, “उनके लिए कास्टिंग का मतलब सिर्फ भूमिकाएं भरना नहीं था, बल्कि ऐसे लोगों को खोजना था जो उस भूमिका के लिए उपयुक्त हों। छोटी से छोटी भूमिका के लिए भी वे उतनी ही गहराई और लगन से काम करते थे, यह सुनिश्चित करते हुए कि पर्दे पर हर किरदार वास्तविक, जीवंत और उस दुनिया के अनुरूप लगे। लेकिन उनकी कला से परे, मुझे उनमें कुछ और भी दुर्लभ मिला – एक दोस्त, एक शुभचिंतक, एक भाई। एक ऐसा व्यक्ति जो फिल्म के साथ पूरे विश्वास के साथ खड़ा रहा, तब भी जब मेरा विश्वास डगमगा गया था। मुझे पूरी उम्मीद है कि यह फिल्म लोगों को कास्टिंग की शक्ति का एहसास कराएगी, जो फिल्म निर्माण का सबसे महत्वपूर्ण, लेकिन अक्सर अनदेखा किया जाने वाला पहलू है। यह किसी फिल्म को बना भी सकती है और बिगाड़ भी सकती है। और यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि हमारी इंडस्ट्री अभी भी कास्टिंग निर्देशकों को उस तरह से सम्मान नहीं देती जैसा देना चाहिए। मुकेश, इस फिल्म के हर फ्रेम में आपके द्वारा किए गए चयन झलकते हैं! आपके प्रति असीम कृतज्ञता, सम्मान और प्रेम।”
मुकेश छाबड़ा ने आदित्य धर की पोस्ट पर प्रतिक्रिया दी
आदित्य धर की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए मुकेश छाबड़ा ने लिखा, “यह पोस्ट पढ़कर मैं बहुत भावुक हो गया हूँ। सच कहूं तो मुझे समझ नहीं आ रहा कि क्या कहूं। बहुत-बहुत धन्यवाद… मैं आपसे प्यार करता हूं। आप हर HOD और सेट पर मौजूद हर व्यक्ति को जो प्यार और सम्मान देते हैं, वह बहुत कम देखने को मिलता है, ऐसा बॉलीवुड में बहुत कम लोग करते हैं। मैं सचमुच बहुत खुश और आप पर गर्व महसूस कर रहा हूं। लव यू, भाई।”
धुरंधर 2 के बारे में
‘धुरंधर: द रिवेंज’ की बात करें तो 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 1600 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर ली है। फिल्म में रणवीर सिंह, सारा अर्जुन, आर माधवन, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, गौरव गेरा और दानिश पंडोर जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं।
ये भी पढ़ेंः नेटफ्लिक्स पर 4 दिन पहले रिलीज हुई 1 घंटे 59 मिनट की सस्पेंस थ्रिलर, नंबर 2 पर किया कब्जा, सोच से परे है क्लाइमैक्स
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited




