
दिग्गज गायिका और संगीत जगत की महान हस्ती आशा भोसले के निधन से पूरे फिल्म जगत में शोक की लहर है। अक्षय कुमार से लेकर करण जौहर तक कई बड़ी हस्तियों ने उनके निधन पर शोकर जाहिर किया है। रविवार को 92 वर्ष की उम्र में आशा भोसले का निधन हो गया। उनका इलाज करने वाले चिकित्सकों की टीम में शामिल डॉ. प्रतीत समदानी ने बताया कि उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था। भोसले को शनिवार शाम सीने में संक्रमण और कमजोरी के चलते मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी पोती जनाई भोसले ने एक मीडिया पोस्ट में यह जानकारी साझा की थी।
अक्षय कुमार ने एक्स पर लिखा, “आशा भोसले जी के जाने से मुझे जो नुकसान हुआ है, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। उनकी सुरीली आवाज हमेशा हमेशा के लिए अमर रहेगी। ओम शांति”
इंडियन फिल्ममेकर मधुर भंडारकर ने कहा, “मुझे बहुत दुख है कि आशा ताई, एक सिंगर जो दुनिया भर में इतनी मशहूर थीं और जिन्होंने इतने गाने गाए, अब हमारे बीच नहीं रहीं। उन्होंने इतने सालों में कई पीढ़ियों को इंस्पायर किया। एक फिल्ममेकर के तौर पर, मुझे उनके साथ काम करने का मौका मिला। उन्होंने फिल्मों में कई गाने गाए…उनकी कमी खलेगी।”
लोक गायिका मालिनी अवस्थी ने कहा, “हमारे दिलों पर राज करने वाली आशा ताई अब नहीं रहीं। यह सोचना भी बहुत दुख देता है कि अब हम उनके बिना रह जाएंगे। आशा ताई ने बहुत बड़ी विरासत बनाई। एक बड़े बरगद के पेड़ के नीचे नई पहचान बनाना आसान नहीं होता। लेकिन आशा ताई ने लता जी से पहले गाया। और उन्होंने क्या गायकी की! उन्होंने अपनी काबिलियत साबित की…मुझे लगता है, अपने गानों से उन्होंने एक एम्पायर बनाया और वह दुनिया भर के कला प्रेमियों के दिलों पर राज करती रहेंगी।”
गायिका चिन्मयी श्रीपदा ने लिखा, “क्या मैं जो कुछ भी कहूं, वह उनकी महानता को बताने के लिए काफी होगा? क्या ऐसा कुछ भी है जो वह नहीं कर सकती थीं? वह सही मायने में रास्ता दिखाने वाली थीं, उन्होंने हम सबको दिखाया कि यह कैसे किया जाता है।”
आशा भोसले के लोकप्रिय गीत
आठ दशकों से अधिक लंबे करियर में आशा भोसले अपनी बहुमुखी प्रतिभा के लिए जानी जाती थीं। उन्होंने रोमांटिक गीतों से लेकर गजलों तक कई यादगार नगमे गाए। साथ ही कई ऐसे गीत भी गाए, जिन्होंने लोगों को थिरकने के लिए मजबूर कर दिया। उनके लोकप्रिय गीतों में ‘अभी न जाओ छोड़ कर’, ‘इन आंखों की मस्ती’, ‘दिल चीज क्या है’, ‘पिया तू अब तो आजा’, ‘दुनिया में लोगों को’ और ‘जरा सा झूम लूं मैं’ जैसे गाने शामिल हैं।
12000 से ज्यादा गाने रिकॉर्ड किए
भोसले ने विभिन्न भारतीय भाषाओं में 12,000 से अधिक गाने रिकॉर्ड किए और पद्मिनी एवं वैजयंतीमाला जैसी दक्षिण भारतीय अभिनेत्रियों से लेकर मीना कुमारी, मधुबाला, जीनत अमान, काजोल और उर्मिला मातोंडकर सहित कई प्रमुख अभिनेत्रियों को अपनी आवाज दी। उन्होंने 2023 में अपने जन्मदिन के उपलक्ष्य में दुबई में आयोजित एक विशेष संगीत कार्यक्रम ‘आशा90: लाइव इन कॉन्सर्ट’ में प्रस्तुति दी थी। भोसले, दिग्गज गायिका दिवंगत लता मंगेशकर की छोटी बहन थीं।
यह भी पढ़ें-
Asha Bhosle passes away: आशा भोसले का निधन, 92 की उम्र में ली आखिरी सांस, कल होगा अंतिम संस्कार
आशा भोसले के वो एवरग्रीन गाने, जिन पर थिरकने को मजबूर हो जाते हैं लोग, आज भी दिलों पर करते हैं राज
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited






