
टेलीविजन की दुनिया में कुछ धारावाहिक ऐसे होते हैं जो अपनी कहानी और पात्रों के माध्यम से दर्शकों के दिलों में एक अमिट छाप छोड़ जाते हैं। छोटे पर्दे के इतिहास में एक ऐसा ही लोकप्रिय शो रहा है, जिसने दोस्ती और अमीरी-गरीबी की जटिलताओं को बेहद खूबसूरती से पेश किया था। सालों पहले शुरू हुए इस पारिवारिक ड्रामे ने न केवल टीआरपी के रिकॉर्ड तोड़े, बल्कि घर-घर में अपनी पहचान बनाई। आज भले ही वह शो बंद हो चुका है, लेकिन उसकी मासूमियत और किरदारों का संघर्ष आज भी लोगों के जहन में ताजा है। खास तौर से वे दो छोटी बच्चियां, जिनकी केमिस्ट्री ने पूरी कहानी को अलग मोड़ दे दिया था।
दो सहेलियों की अनोखी दास्तां
इस चर्चित शो की कहानी तपस्या और इच्छा नाम की दो छोटी बच्चियों के इर्द-गिर्द बुनी गई थी। शुरुआत में इनके बीच एक अटूट और गहरी दोस्ती दिखाई गई थी, जो समय के साथ परिस्थितियों के कारण कड़वाहट में बदल जाती है। इच्छा एक नौकरानी की बेटी थी, जबकि तपस्या उस घर के मालिक की लाडली। सामाजिक असमानता के बावजूद दोनों की मासूमियत ने उन्हें एक-दूसरे का सबसे अच्छा दोस्त बना दिया था। हालांकि कहानी में मोड़ तब आता है जब तपस्या के पिता इच्छा को अपनी दूसरी बेटी की तरह मानने लगते हैं, जो तपस्या की मां और नानी को बिल्कुल पसंद नहीं आता। वे इच्छा को हमेशा नीचा दिखाने की कोशिश करते हैं और उसे तपस्या की उतरन पर गुजारा करने के लिए मजबूर किया जाता है। यही वह संघर्ष था जिसने इस शो को यादगार बना दिया।
एक्टिंग छोड़ वकालत की ओर इच्छा
शो में ‘इच्छा’ का मासूम किरदार निभाने वाली नन्ही कलाकार स्पर्श खानचंदानी अब 22 सालों की हो चुकी हैं। पर्दे पर अपनी मुस्कान से सबका दिल जीतने वाली स्पर्श अब अभिनय की दुनिया से पूरी तरह दूर हैं। उनकी इस दूरी का सबसे बड़ा कारण उनकी शिक्षा रही। स्पर्श ने अपनी पढ़ाई को प्राथमिकता दी और ग्लैमर की दुनिया को अलविदा कह दिया। वर्तमान में वह अपने पिता के नक्शेकदम पर चल रही हैं। उनके पिता एक वकील हैं और स्पर्श भी वकालत की पढ़ाई कर अपना करियर कानून के क्षेत्र में बना रही हैं। उन्हें आखिरी बार लगभग पांच साल पहले एक पौराणिक शो ‘विक्रम बेताल’ में देखा गया था, लेकिन अब वह अपनी निजी जिंदगी और शिक्षा में व्यस्त हैं।
इशिता पांचाल।
डॉक्टर बन सेवा में समर्पित
वहीं शो में ‘तपस्या’ का चुलबुला और जिद्दी किरदार निभाने वाली इशिता पांचाल भी अब 24 साल की हो गई हैं। इशिता का लुक अब पूरी तरह बदल चुका है और वह काफी ग्लैमरस दिखने लगी हैं, लेकिन उन्होंने भी चकाचौंध भरी लाइफ के बजाय एक गंभीर पेशे को चुना। इशिता के माता-पिता डॉक्टर हैं और उन्होंने भी इसी नेक पेशे को अपनी मंजिल बनाया। इशिता ने अपनी एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी कर ली है और अब वह एक डॉक्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं। उन्होंने न केवल टीवी इंडस्ट्री बल्कि सोशल मीडिया से भी एक दूरी बना रखी है ताकि वह अपने करियर और मरीजों पर ध्यान केंद्रित कर सकें।
ये भी पढ़ें: आर माधवन का 29 साल पुराना शो, ओम पुरी और मिलिंद सोमन से सजी थी देशभक्ति से लबरेज कहानी, मिली है 8.3 रेटिंग
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited






