
अपरा मेहता टीवी इंडस्ट्री की जानी-मानी एक्ट्रेस हैं। अपरा मेहता ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत 1998 में ‘अल्पविराम’ से की थी, मगर उन्हें एकता कपूर के हिट टीवी शो ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ ने पहचान दिलाई। स्मृति ईरानी स्टारर इस डेली सोप में अपरा मेहता ने सविता मनसुख विरानी का किरदार निभाया था। इस बीच अपरा एक बार फिर चर्चा में हैं। मगर इस बार उनके चर्चा में होने की वजह कोई शो नहीं बल्कि उनकी पर्सनल लाइफ है। दिग्गज अभिनेत्री ने हाल ही में अपने पति और एक्टर दर्शन जरीवाला से अलग होने के उस किस्से के बारे में खुलकर बात की, जिसने उनका दिल बुरी तरह तोड़ दिया था। उन्होंने दर्शन जरीवाला की वो बात याद की, जो उन्होंने उनसे उनकी वेडिंग एनिवर्सरी के दिन कही थी और इसके बाद से ही वो और दर्शन जरीवाला अलग रहने लगे।
कौन हैं दर्शन जरीवाला?
अपरा मेहता ने अपने पति दर्शन जरीवाला के बारे में क्या कहा, ये जानने से पहले आपको दर्शन जरीवाला के बारे में बताते हैं। दर्शन जरीवाला एक मशहूर एक्टर हैं, जो फिल्मों, टीवी और थिएटर की दुनिया में अपने बेहतरीन अभिनय के लिए मशहूर हैं। दर्शन जरीवाला को 2007 में ‘गांधी, माय फादर’ में महात्मा गांधी का किरदार निभाने के लिए ‘सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता’ का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिल चुका है। उनकी मशहूर फिल्मों की बात करें तो वह ‘आजा नचले’, ‘गुरु’, ‘राजनीति’, ‘हनीमून ट्रेवल्स प्राइवेट लिमिटेड’, ‘आरक्षण’, ‘जोकर’, ‘फटा पोस्टर निकला हीरो’ और ‘सेक्टर 36’ जैसी फिल्मों में नजर आ चुके हैं। उनकी अपकमिंग फिल्मों की बात करें तो अब वह ‘गबरू’ में नजर आएंगे, जो इसी साल रिलीज होगी।
अपरा से शादी खत्म करना चाहते थे दर्शन जरीवाला
अपरा मेहता ने ‘हाउटरफ्लाई’ से बातचीत के दौहान खुलासा किया कि उनके पति और अभिनेता दर्शन जरीवाला उनसे शादी खत्म करना चाहते थे, क्योंकि वह उनसे प्यार नहीं करते थे। उन्होंने बताया कि उनकी वेडिंग एनिवर्सरी पर दर्शन ने उनसे कुछ ऐसा कहा, जिससे उनका दिल बुरी तरह टूट गया। इसके बाद वह और दर्शन अलग-अलग रहने लगे। दोनों 23 साल से अलग-अलग रह रहे हैं, लेकिन अब तक दोनों ने कानूनी तौर पर अपनी शादी खत्म नहीं की है।
अपरा मेहता का दर्द
अपरा महेता ने बताया कि वह एक शो के चलते अमेरिका गई थीं, जहां से उन्होंने अपने पति दर्शन जरीवाला को कॉल किया, क्योंकि उस दिन दोनों की एनिवर्सरी थी। वह कहती हैं- ‘मैं अमेरिका गई थी। उस दिन हमारी शादी की सालगिरह थी, तभी मैंने दर्शन को वहां से कॉल किया तो उन्होंने मुझसे कहा- हमें बात करने की जरूरत है। मैंने सोचा, किसी विषय पर बात करना चाहते होंगे। अमेरिका में अपना शो खत्म करके मैं वापस लौटी। मैं तीन बजे पहुंची और पांच बजे के करीब उनसे मिली। तो उन्होंने मुझसे कहा- तुम जानती हो कि हमें अलग रहना चाहिए, क्योंकि मेरे दिल में तुम्हारे लिए प्यार खत्म हो चुका है। मैं तुमसे प्यार नहीं करता और तुम मेरी जिंदगी की सबसे बदसूरत महिला हो।’
23 साल से अलग-अलग रह रहे हैं अपरा मेहता-दर्शन जरीवाला
अपरा मेहता ने अपनी बात जारी रखते हुए कहा- ‘वो झूले पर बैठकर चाय पी रहे थे और मैं शूटिंग पर निकल गई। सुबह 5 बजे ही अमेरिका से वापस लौटी थी तो नींद पूरी नहीं हुई थी। मुझे बार-बार झपकी आ रही थी। जब पूरी तरह होश में आई तो सोचा- दर्शन ने अभी-अभी क्या कहा? मैं उसका मतलब ही ढूंढती रह गई और एक दिन वो घर से चले गए। वो हमारा घर था और वो चले गए। उस घर का दरवाजा उनके लिए हमेशा खुला था। मगर मैं ये जानती हूं कि उन्हें मेरे जैसा कोई नहीं मिलेगा और मुझे उनके जैसा। अलग-अलग रहते हुए भी हम एक-दूसरे के साथ बहुत सहज हैं। आज भी हम एक-दूसरे को पूरा कर सकते हैं।’
अपरा मेहता का वर्क फ्रंट
अपरा मेहता के वर्कफ्रंट की बात करें तो वह इन दिनों स्मृति ईरानी स्टारर ”क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ 2′ में काम कर रही हैं। वह शो में सविता मनसुख विरानी का किरदार निभा रही हैं और शो में आए दिन नए-ने ट्विस्ट देखने को मिल रहे हैं। शो में 10 साल के लीप के बाद तृप्ति की वापसी हो चुकी है और वह फिर से तुलसी को बर्बाद करने की कोशिश करती है। अब सभी की नजरें अपकमिंग एपिसोड पर टिकी हैं।
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited
https://doonitednews.in/advertisement-rate-card/