
मनोरंजन जगत में ऐसे कई स्टार हैं, जिन्होंने अभिनय की दुनिया में छोटे-मोटे काम करते हुए अपना करियर शुरू किया। एक्टर बनने से पहले किसी ने बैकग्राउंड डांसर बनकर तो किसी ने क्लैपरबॉय बनकर काम शुरू किया और आज के समय में इंडस्ट्री का बड़ा नाम बन चुके हैं। इन्हीं में से एक हैं अनुद सिंह ढाका, जो इन दिनों अपनी सीरीज ‘साइको सैयां’ को लेकर सुर्खियों में हैं। अनुद कभी इंडस्ट्री में बतौर क्लैपरबॉय काम करते थे, तभी दिवंगत अभिनेता इरफान खान की नजर अनुद पर पड़ी, जिन्होंने उन्हें एक्टर बनने की सलाह दी। अनुद को देखकर इरफान खान ने कहा- ‘तुझे एक्टर बनना चाहिए।’ बस फिर क्या था, अनुद ने भी क्लैपरबॉय से एक्टर बनने की कोशिशें शुरू कर दीं और अब अपनी हालिया सीरीज से सुर्खियां बटोर रहे हैं।
इरफान खान की सलाह पर बने एक्टर
दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार, अनुद को जब पहली बार इरफान खान ने देखा था तो उनमें छुपी अभिनय क्षमता को भांप गए और कहा- ‘तुझे एक्टर बनना चाहिए।’ अनुद भी हमेशा से एक्टर ही बनना चाहते थे, लेकिन एक्टिंग जगत में एंट्री उनके लिए आसान बात नहीं थी, क्योंकि उनके पास मुंबई में कोई सपोर्ट नहीं था। लेकिन, उन्होंने मेहनत जारी रखी और अब ‘साइको सैयां’ में अपने किरदार के लिए सुर्खियां बटोर रहे हैं, जिसमें उनके साथ तेजस्वी प्रकाश, रवि किशन, सुरभि चंदना, अश्विनी कालसेकर और सृष्टि श्रीवास्तव जैसे कलाकार मुख्य भूमिका में हैं।
IIT की तैयारी की
अनुद के अनुसार, वह हमेशा से ही एक्टर बनना चाहते थे। अक्सर शीशे के सामने खड़े होकर खुद को निहारते थे और खुद को हीरो समझते थे। उनके हाव-भाव देखकर उनका परिवार समझ गया था कि वह एक्टिंग की तरफ झुक रहे हैं। इस बीच अनुद ने आईआईटी की भी तैयारी की, लेकिन आखिरकार आईआईटी नहीं हुआ और 2013 में अनुद भोपाल से मुंबई पहुंच गए। मुंबई में अनुद के लिए शुरुआती दिन काफी मुश्किलों भरे रहे। उनके पास न तो पैसे थे और न ही सपोर्ट, लेकिन एक्टिंग करने का जुनून कभी मन से नहीं गया। यही वजह थी कि अनुद ने कभी कोई बैकअप प्लान भी नहीं रखा।
करीब-करीब सिंगल में बतौर एडी किया काम
अनुद के लिए सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट था इरफान खान स्टारर ‘करीब करीब सिंगल’ में बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर काम करना। अनुद के अनुसार, इसी फिल्म के सेट पर उनकी मुलाकात इरफान खान से हुई थी। उस दौरान वह बतौर क्लैपर बॉय काम कर रहे थे। एक दिन इरफान खान ने अनुदको देखा और बुलाकर कहा- ‘मुझे लगता है तुम्हें एक्टर बनना चाहिए।’ अनुद, इरफान खान को अपना आदर्श मानते थे और जब उन्होंने उनसे ये बात कही तो वह अंदर तक हिल गए और ठान लिया कि वह एक्टर ही बनेंगे। इसके बाद अनुद ने कई फिल्मों के लिए ऑडिशन दिया। ऋतिक रोशन स्टारर ‘सुपर 30’ में उन्हें छोटा सा रोल मिला। इसके बाद ‘छिछोरे’ में भी छोटा सा रोल मिला और फिर ‘ताजमहल 1989’ से पहचान मिलनी शुरू हुई। अब अनुद ‘साइको सैयां’ को लेकर सुर्खियों में है, जो एमएक्स प्लेयर पर स्ट्रीम हो रही है।
ये भी पढ़ेंः धुरंधर 2 की सफलता के बाद 7वें आसमान पर रणवीर का स्टारडम, दीपिका संग निकले बाहर, 1 झलक को बेकाबू हुए फैन
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited



