
सीरीज से लिया गया एक सीन।
क्या आप खौफ से भरी हॉरर और क्राइम थ्रिलर फिल्में और वेब सीरीज देखना पसंद करते हैं? अगर आपका जवाब हां है तो आपके लिए एक धमाकेदार वेब सीरीज दस्तक देने के लिए तैयार है। ये सीरीज पहले ही अपने पोस्टर, टीजर और ट्रेलर के जरिए डर का एहसास करा चुकी है। साउथ सिनेमा देखना पसंद करने वाले लोगों के लिए ये उत्साह डबल होने वाला है। विजय राघवेंद्र स्टारर नई डरावनी क्राइम थ्रिलर वेब सीरीज ‘राक्षस’ अपने डिजिटल डेब्यू के लिए पूरी तरह तैयार है। अनाउंसमेंट के बाद से ही इस सीरीज ने अपने रहस्यमयी पोस्टर्स और सस्पेंस से भरपूर ट्रेलर के जरिए दर्शकों के बीच खास उत्सुकता पैदा कर दी है। अब यह सीरीज ओटीटी प्लेटफॉर्म के माध्यम से बड़े पैमाने पर दर्शक वर्ग तक पहुंचने जा रही है, जिससे हॉरर और थ्रिलर पसंद करने वाले दर्शक घर बैठे एक रोमांचक और रोंगटे खड़े कर देने वाली कहानी का अनुभव कर सकेंगे।
कब और कहां देखें?
‘राक्षस’ कन्नड़ स्ट्रीमिंग स्पेस में हॉरर जॉनर की एक नई और महत्वाकांक्षी पेशकश है। इसमें सुपरनैचुरल एलिमेंट्स के साथ-साथ गहरा साइकोलॉजिकल टेंशन और रहस्यमयी घटनाओं की परतें देखने को मिलेंगी। सीरीज में विजय राघवेंद्र एक बेहद अहम भूमिका निभा रहे हैं, जो कहानी का केंद्र बिंदु है। यह बहुप्रतीक्षित सीरीज 20 फरवरी 2026 से ZEE5 पर स्ट्रीम की जाएगी। प्लेटफॉर्म द्वारा जारी किए गए ट्रेलर ने पहले ही दर्शकों के बीच जिज्ञासा और सस्पेंस का माहौल बना दिया है। ट्रेलर के साथ शेयर किए गए कैप्शन में लिखा गया, ‘नॉर्थ कर्नाटक की पहली वेब सीरीज ‘राक्षस।’ सवादत्ती गांव में मगरमच्छ के हमले में कई लाशें मिलीं… SI हनुमप्पा राक्षस की तलाश में जवाब ढूंढ रहे हैं।’
कैसी है कहानी?
कहानी नॉर्थ कर्नाटक के मालाप्रभा नदी के किनारे बसे सवादत्ती क्षेत्र में स्थापित है, जो येल्लम्मा मंदिर के आसपास के इलाके के लिए जाना जाता है। लोककथाओं और धार्मिक आस्थाओं से जुड़ा यह स्थान कहानी को एक गहरा सांस्कृतिक और रहस्यमयी बैकड्रॉप देता है। सीरीज की मुख्य कहानी सब-इंस्पेक्टर हनमप्पा के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका किरदार विजय राघवेंद्र निभा रहे हैं। क्षेत्र में अचानक होने वाली कई संदिग्ध मौतों को शुरुआत में मगरमच्छ के हमले का परिणाम माना जाता है। हालांकि जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ती है, घटनाओं की परतें खुलने लगती हैं और मामला साधारण हादसा नहीं बल्कि किसी बड़े रहस्य की ओर इशारा करता है। सात एपिसोड की इस थ्रिलर सीरीज में क्राइम, लोककथा, आस्था और मनोवैज्ञानिक ड्रामा का प्रभावशाली मिश्रण देखने को मिलेगा। कहानी केवल एक जांच तक सीमित नहीं रहती, बल्कि यह कर्तव्य और विश्वास के बीच के संघर्ष को भी उजागर करती है। हनमप्पा एक ऐसी साइकोलॉजिकल भूलभुलैया में फंस जाता है, जहां उसे यह तय करना मुश्किल हो जाता है कि वह जो देख रहा है, वह वास्तविक है या किसी गहरी साजिश का हिस्सा। यह आंतरिक और बाहरी संघर्ष ही सीरीज को एक अलग आयाम देता है।
फिल्म की कास्ट
‘राक्षस’ का निर्देशन सुहान प्रसाद ने किया है, जिन्होंने इसकी कहानी अपूर्व कुमार के साथ मिलकर लिखी है। प्रोडक्शन की कमान थारुन किशोर सुधीर ने संभाली है। दमदार कहानी के साथ-साथ सीरीज में मयूरी, अविनाश, मालविका, अपन्ना और अभिजीत जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे, जो कथा को और भी प्रभावशाली बनाते हैं। कुल मिलाकर ‘राक्षस’ कन्नड़ ओटीटी स्पेस में हॉरर और सस्पेंस की एक नई लहर लेकर आने के लिए तैयार है। मजबूत कहानी, रहस्यमयी लोकेशन और सशक्त अभिनय के साथ यह सीरीज़ दर्शकों को शुरुआत से अंत तक बांधे रखने का वादा करती है।
ये भी पढ़ें: जोधपुर की गलियों में बेफिक्र घूम रहीं डिंपल कपाड़िया-ट्विंकल, मां-बेटी ने शख्स को चुटकियों में बना दिया बुद्धू
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited



