
जूनियर एनटीआर।
जूनियर एनटीआर तेलुगु सिनेमा के सबसे बड़े और चहेते सुपरस्टार्स में से एक हैं। उनके स्टारडम का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जब भी उनकी कोई फिल्म आने वाली होती है, उनके फैंस में टिकट तक के लिए होड़ मच जाती है। अब अगर ऐसे में सुपरस्टार के फैंस को कहीं से अगर ये पता चल जाए कि वह उनके आस-पास के इलाके में आ रहे हैं तो तहलका तो तय है। हाल ही में जूनियर एनटीआर बेंगलुरु में केआईएमएस सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के उद्घाटन के लिए पहुंचे, जहां सुपरस्टार की एक झलक पाने के लिए उनके फैंस के बीच उथल-पुथल मच गई। 8 मार्च को महादेवपुरा में आयोजित इस कार्यक्रम में जूनियर एनटीआर के हजारों फैंस उमड़ पड़े, जिससे सुरक्षा व्यवस्था चरमरा गई। भारी भीड़ के चलते अस्पताल का एस्केलेटर क्षतिग्रस्त हो गया और अफरा-तफरी मच गई, जिसके चलते स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
उद्घाटन समारोह में प्रशंसकों का सैलाब
जूनियर एनटीआर जैसे ही अस्पताल के उद्घाटन के लिए बेंगलुरु पहुंचे, उनकी एक झलक के लिए फैंस का सैलाब उमड़ पड़ा। अभिनेता ने कार की छत पर खड़े होकर अपने फैंस का अभिवादन किया। इसके बाद अभिनेता के फैंस का उत्साह और बढ़ गया और बड़ी संख्या में फैंस अस्पताल के अंदर जाने और सुपरस्टार को पास से देखने के लिए आगे बढ़ने लगे। बड़ी संख्या में प्रशंसक अस्पताल के अंदर और बाहर जमा हो गए और नारे लगाते हुए सेल्फी के लिए धक्का-मुक्की करने लगे। फैंस ने बैरिकेड तक तोड़ दिए और सुरक्षाकर्मियों के बावजूद कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के लिए लॉबी में घुस गए।
एस्केलेटर से नीचे गिरा फैन
इस भगदड़ में जूनियर एनटीआर का एक फैन एस्केलेटर से नीचे गिर गया। अस्पताल के अंदर का एस्केलेटर भारी भीड़ के चलते बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। रिसेप्शन एरिया में रखा फर्नीचर भी क्षतिग्रस्त हो गया। देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को हल्का लाठीचार्ज भी करना पड़ा। पुलिस ने सुरक्षा घेरा बनाकर सुपरस्टार को सुरक्षित रूप से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाया।
सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई
जैसे ही वीडियो X (पूर्व में ट्विटर) पर वायरल हुआ, इस पर बहस छिड़ गई। कई ने फैंस की इस दीवानगी को गलत और डरावना बताया। एक यूजर ने वायरल वीडियो पर रिएक्ट करते हुए लिखा, ‘दुनिया का सबसे बुरा फैनडम,’ जबकि दूसरे ने कहा, ‘अस्पताल में यह हंगामा गलत है।’ वहीं एक लिखता है- ‘यह घटना स्टारडम के काले पक्ष को उजागर करती है।’ ऐसे ही कमेंट करते हुए यूजर फैंस के इस पागलपन को लेकर निराशा जाहिर कर रहे हैं।
ये भी पढ़ेंः OTT पर मौजूद सनकी साइंटिस्ट वाली फिल्म, जिसके अविष्कार ने हिला दी उसी की जिंदगी, दिमाग के उड़ा देगी तोते
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited



