
विजय और रश्मिका।
दक्षिण भारतीय सिनेमा की सबसे चर्चित जोड़ी विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना अपनी रील-लाइफ केमिस्ट्री को रीयल-लाइफ की मंजिल देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। सालों की अटकलों और सिर्फ अच्छे दोस्त वाले टैग को पीछे छोड़ते हुए यह पावर कपल इसी महीने 26 फरवरी को सात फेरे लेने जा रहा है। हालांकि आधिकारिक तौर पर जगह गुप्त रखी गई है, लेकिन गलियारों में चर्चा है कि राजस्थान के शाही शहर उदयपुर में एक भव्य डेस्टिनेशन वेडिंग की तैयारियां जोरों पर हैं। शादी भले ही परिवार और करीबी दोस्तों के बीच एक निजी समारोह होगी, लेकिन इसके बाद जश्न का एक बड़ा दौर शुरू होगा।
शादी और रिसेप्शन की डेट
विजय और रश्मिका 3 मार्च को हैदराबाद में एक शानदार वेडिंग रिसेप्शन होस्ट करेंगे। विजय की ओर से भेजे गए निमंत्रण पत्र में उनके दिल की बात झलकती है, जिसमें लिखा है कि वे अपनी इस नई शुरुआत का जश्न उन लोगों के साथ मनाना चाहते हैं जो उनके उतार-चढ़ाव भरे सफर का हिस्सा रहे हैं। रिसेप्शन का यह कार्यक्रम शाम 7 बजे से शुरू होगा, जहां सिनेमा जगत की कई दिग्गज हस्तियों के जुटने की उम्मीद है। बता दें, शादी के लिए 26 फरवरी की तारीख तय की गई है। कपल उदपुर में शादी करेगा। शादी की तैयारियां जारी हैं, ये शादी किसी रॉयल ग्रैंड वेडिंग से कम नहीं होने वाली।
कब शुरू हुई अफेयर की चर्चा
इन दोनों के बीच प्यार की चिंगारी साल 2018 में फिल्म ‘गीता गोविंदम’ के सेट पर जली थी। पर्दे पर उनकी मासूम और शरारती केमिस्ट्री इतनी हिट हुई कि वे रातों-रात नेशनल क्रश बन गए। इसके बाद 2019 में आई फिल्म ‘डियर कॉमरेड’ ने उनके बंधन को और मजबूत कर दिया। एक ही समय पर एक ही लोकेशन से वेकेशन की तस्वीरें शेयर करना और हर मुश्किल वक्त में एक-दूसरे का सपोर्ट सिस्टम बने रहना, फैंस के लिए उनके रिश्ते का सबसे बड़ा सबूत था।
सगाई की हुई चर्चा
खबरों की मानें तो इस प्रेम कहानी ने पिछले साल अक्टूबर में एक नया मोड़ लिया था, जब हैदराबाद में एक बेहद निजी समारोह में दोनों ने सगाई कर ली थी। हालांकि उन्होंने कभी खुलकर इसे स्वीकार नहीं किया, लेकिन हाल ही में रश्मिका की फिल्म ‘द गर्लफ्रेंड’ के सक्सेस बैश के दौरान विजय का उनके प्रति प्यार और सपोर्ट सब कुछ बयां कर गया। वायरल वीडियो में विजय को रश्मिका का हाथ चूमते हुए देखा गया, जिसने सोशल मीडिया पर उनके फैंस के बीच खुशी की लहर दौड़ा दी।
कैसा है प्रोफेशनल फ्रंट?
प्रोफेशनल फ्रंट पर दोनों ही सितारे अपने करियर के शिखर पर हैं। विजय देवरकोंडा, जिन्होंने ‘अर्जुन रेड्डी’ के जरिए देशभर में अपनी इंटेंस पहचान बनाई, अब भारतीय सिनेमा के सबसे प्रभावशाली अभिनेताओं में गिने जाते हैं। वहीं,रश्मिका मंदाना ने ‘किरिक पार्टी’ से शुरुआत कर ‘पुष्पा’ की ‘श्रीवल्ली’ के रूप में ग्लोबल स्टारडम हासिल किया है। साल 2025 में रश्मिका ‘सिकंदर’ और ‘थम्मा’ जैसे बड़े हिंदी प्रोजेक्ट्स के साथ बॉलीवुड में भी अपनी धाक जमाने के लिए तैयार हैं।
ये भी पढ़ें: रणबीर कपूर की फिल्म से चमकी IITian की किस्मत, 7 साल बड़ी नेशनल अवॉर्ड विनिंग एक्ट्रेस से लगा बैठा दिल
10 दिन जेल में गुजारने के बाद राजपाल यादव को मिली जमानत, बाहर आने के लिए एक्टर ने पूरी की 2 शर्तें
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited



