
‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ टीवी इंडस्ट्री के सबसे पॉपुलर शोज में से एक है। ये शो करीब 18 सालों से दर्शकों का मनोरंजन कर रहा है और अभी भी टीआरपी चार्ट पर टॉप पर अपनी जगह बनाए रहता है। आज भी ये शो दर्शकों का फेवरेट बना हुआ है। हालांकि, बीते सालों में इस शो के कई कलाकार इसका साथ छोड़ चुके हैं, जिनमें से एक राज अनादकत भी हैं। राज अनादकत ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में टप्पू सेना के लीडर टप्पू की भूमिका निभाते थे। इस किरदार ने उन्हें जबरदस्त लोकप्रियता दिलाई, लेकिन कुछ ही सालों में उन्होंने इस टीवी शो से दूरी बना ली। अब राज अनादकत एक बार फिर सुर्खियों में हैं, जल्दी ही वह टीवी पर वापसी कर रहे हैं और वो भी बेहद धमाकेदार अंदाज में।
राज अनादकत का टीवी पर कमबैक
राज अनादकत सोनी सब के एक शो से कमबैक कर रहे हैं, जिसमें वह लीड रोल में दिखाई देंगे। इस शो के साथ राज एक फ्रेश जर्नी शुरू कर रहे हैं और इसे लेकर वह बेहद खुश भी हैं। राज अनादकत के फैंस भी उन्हें टीवी पर देखने को लेकर काफी उत्साहित हैं। हालांकि, अभी खुद राज अनादकत ने इसे लेकर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन एक्टर के फैंस जरूर इस चर्चा से फूले नहीं समा रहे हैं।
अविनाश मिश्रा थे मेकर्स की पहली पसंद
बताया जा रहा है कि इस शो के लिए पहले मेकर्स की पसंद ‘बिग बॉस’ फेम अविनाश मिश्रा थे। बिग बॉस के दौरान अविनाश अपनी पर्सनैलिटी को लेकर काफी चर्चा में रहे। वहीं पिछले दिनों खबर आई कि अविनाश मिश्रा सोनी सब के इस नए प्रोजेक्ट का हिस्सा होंगे, लेकिन किसी वजह से बात नहीं बन पाई और अब मेकर्स ने आखिरी वक्त पर अपना फैसला बदलकर राज अनादकत को इस शो के लिए चुन लिया है। इस शो में राज अनादकत लीड रोल में नजर आएंगे, जिसे लेकर उनके फैंस और भी ज्यादा उत्साहित हैं। दूसरी तरफ रिप्लेसमेंट की खबरों ने सोशल मीडिया पर राज अनादकत और अविनाश मिश्रा के फैंस के बीच बहस छेड़ दी है।
क्यों छोड़ा तारक मेहता का उल्टा चश्मा?
राज अनादकत ने करीब 5 साल तक ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में काम किया और इस दौरान करीब 1000 एपिसोड्स के लिए शूटिंग की, लेकिन फिर उन्होंने ये शो छोड़ दिया और फिर उन्होंने अपने व्लॉग के जरिए फैंस को ये शो छोड़ने की वजह बताई थी। राज अनादकत के अनुसार, उन्होंने करियर में ग्रोथ के लिए तारक मेहता का उल्टा चश्मा छोड़ दिया। उन्होंने कहा कि वह अपने करियर में कुछ नया ट्राई करना चाहते थे और इसीलिए उन्होंने ये फैसला लिया। वहीं इस नए शो की बात करें तो राज अनादकत के साथ इस शो में खुशी दुबे लीड रोल में नजर आएंगी, जो टीवी और ओटीटी की दुनिया में अपनी पहचान बना चुकी हैं। हालांकि, शो के टाइटल और कहानी को फिलहाल गुप्त ही रखा गया है।
ये भी पढ़ेंः KING की शूटिंग पर लाडली सुहाना संग कैसा होता है शाहरुख खान का व्यवहार? को-एक्टर ने खोले राज, बताया सेट का सीक्रेट
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited





