
विष्णु मांचू।
अमेरिका-इजरायल ने शनिवार देर रात ईरान की राजधानी तेहरान सहित कई शहरों पर मिसाइलें दागीं, जिसके बाद ईरान ने भी जवाबी हमला करते हुए मिडिल ईस्ट के अमेरिका के प्रमुख सैन्य ठिकानों पर मिसाइलें दागीं। अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच शुरू हुए इस युद्ध से पूरे मिडिल ईस्ट में हड़कंप मचा हुआ है। हमलों के बीच दुबई एयरपोर्ट और अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सभी उड़ानें रोक दी गई हैं। हाल ही में बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनल चौहान ने एक्स पोस्ट के जरिए पीएम मोदी से मदद की गुहार लगाई थी और अब मशहूर एक्टर और प्रोड्यूसर विष्णु मांचू ने भी सोशल मीडिया के जरिए फैंस को दुबई के हालातों से रूबरू कराया है। विष्णु मांचू ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें आसमान में मिसाइलें साफ तौर पर देखी जा सकती हैं।
विष्णु मांचू को सताई परिवार की चिंता
‘कन्नप्पा’ स्टार विष्णु मांचू इन दिनों अपने परिवार के साथ दुबई में हैं, जिन्होंने X पर एक वीडियो शेयर करते हुए दुबई का हाल दिखाया है। अभिनेता ने जो वीडियो शेयर किया है, उसमें आसमान में मिसाइलें साफ नजर आ रही हैं। वीडियो शेयर करते हुए विष्णु मांचू ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ इस समय दुबई में हैं और लगातार हो रहे हमलों से बेहद परेशान और चिंतित हैं। खासतौर पर उन्हें अपने परिवार की चिंता है। उनकी छोटी बेटी आयरा इससे बुरी तरह डरी हुई है।
कैसे हैं दुबई के हालात?
विष्णु मांचू ने एक्स पर एक खौफनाक वीडियो शेयर किया है। वीडियो में अभिनेता नजर आ रहे हैं और उन्होंने बताया कि ये वीडियो शनिवार देर रात यानी 28 फरवरी की रात का है। रात के समय आसमान में मिसाइलें साफ नजर आ रही थीं और धमाकों की गूंज से उनका घर बुरी तरह दहल उठा। अपने पोस्ट में अभिनेता ने लिखा- ‘परिवार से मिलने आज रात दुबई आया। आसमान में मिसाइलें साफ दिखाई दे रही हैं। तेज धमाकों से हमारा घर बुरी तरह हिल गया और छोटी आयरा भी डर गई है। शांति के लिए प्रार्थना कर रहा हूं। दुनिया में किसी भी बच्चो के अपने घर के ऊपर युद्ध की आवाज सुनते हुए बड़े नहीं होना चाहिए। नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यूएई सुरक्षा बलों का आभारी हूं। ऐसे क्षण हमें याद दिलाते हैं कि जिंदगी कितनी क्षणभंगुर है। शक्ति और शांति के लिए प्रार्थना कर रहा हूं। हर हर महादेव।’
केआरके ने जताई चिंता
मिडिल ईस्ट में हमलों के कारण हवाई सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। दुबई में भी उड़ानें रोक दी गई हैं। इस बीच एक्टर केआरके यानी कमाल आर खान ने भी एक्स पर अपनी फैमिली की तस्वीर शेयर करते हुए चिंता जताई है। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी, बेटी और बेटा भी इस समय दुबई में है और उन्हें उनकी चिंता सता रही है।
दुबई में फंसीं सोनल चौहान
विष्णु मांचु के अलावा सोनल चौहान भी इस वक्त दुबई में फंसी हुई हैं। अभिनेत्री ने देर रात एक पोस्ट शेयर करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी से मदद की गुहार भी लगाई थी। एक्ट्रेस ने एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा- ‘माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, मौजूदा संकट के कारण मैं दुबई में फंसी हुई हूं। सभी उड़ानें रद्द हो चुकी हैं और भारत लौटने का कोई स्पष्ट रास्ता नहीं दिख रहा है। मैं सरकार से विनम्रतापूर्वक सुरक्षित घर वापसी के लिए मार्गदर्शन चाहती हूं। आपकी किसी भी सहायता के लिए आभारी हूं।’
ये भी पढ़ेंः थलापति विजय को बेटे ने किया अनफॉलो, मां संगीता ने दायर की तलाक की याचिका, लगाए गंभीर आरोप
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited



