
एस्पिरेंट।
TVF की सीरीज के लोग दीवाने हैं, फिर चाहे वो पंचायत का कोई भी सीजन हो या गुल्लक और कोटा फैक्ट्री हो, इसी कड़ी में एक और सीरीज है, जिसने लोगों का दिल जीता और इसकी लोकप्रियता पंचायत और गुल्लक से भी ज्यादा रही। अब सीरीज का तीसरा सीजन ओटीटी के पर्दे पर आ रहा है। इस सीरीज का नाम एस्पिरेंट्स है। इसे IMDb पर 9.1 की रेटिंग मिली है, जो कि पंचायत से भी ज्यादा है। इस सीरीज के तीसरे सीजन की घोषणा एंटरटेनमेंट प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो ने कर दी है। ये सीरीज कब रिलीज हो रही है और इसे कहां देख सकते हैं, ये जानने के लिए नीचे स्क्रोल करें।
कब और कहां रिलीज हो रही सीरीज?
प्राइम वीडियो ने आज अपनी सुपरहिट हिंदी ड्रामा सीरीज एस्पिरेंट्स सीजन 3 की वर्ल्डवाइड रिलीज डेट 13 मार्च घोषित कर दी है। द वायरल फीवर (TVF) ने इसे बनाया है और दीपेश सुमित्रा जगदीश ने डायरेक्ट किया है। इसमें नवीन कस्तुरिया, शिवांकित सिंह परिहार, अभिलाष थपलियाल, सन्नी हिंदुजा, नमिता दुबे और टेंगम सेलिन मुख्य रोल में हैं और जतिन गोस्वामी नई एंट्री हैं। नया सीजन डीएम अभिलाष की कहानी दो टाइमलाइन में दिखाता है। अभी के समय में संदीप ओझा द्वारा लगाए गए आरोपों के कारण अभिलाष के खिलाफ जांच शुरू हो जाती है, जिससे उसके दोस्तों और परिवार के साथ रिश्ते खराब होने लगते हैं और करियर पर भी संकट आ जाता है। वहीं पास्ट में आईआरएस बनने के बाद युवा अभिलाष आखिरी बार आईएएस की तैयारी करने का फैसला करता है। एस्पिरेंट्स सीजन 3 का प्रीमियर 13 मार्च को भारत और दुनिया भर में प्राइम वीडियो पर होगा।
यहां देखें पोस्ट
क्या है पहले सीजन की कहानी?
TVF की सीरीज ‘एस्पिरेंट्स’ सीजन 1 की कहानी दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर में यूपीएससी की तैयारी कर रहे तीन दोस्तों अभिलाष, गुरी और एसके के संघर्ष, दोस्ती और सपनों के इर्द-गिर्द घूमती है। यह कहानी दो टाइमलाइन्स में चलती है, जिसमें एक तरफ उनके छात्र जीवन का कड़ा संघर्ष, कोचिंग की दुनिया और आपसी मनमुटाव को दिखाया गया है तो दूसरी तरफ वर्तमान में एक आईएएस अधिकारी बन चुके अभिलाष की एकाकी जिंदगी और अपने पुराने दोस्तों से उसके बदले हुए रिश्तों को दर्शाया गया है। सीरीज में संदीप भैया का किरदार एक मार्गदर्शक के रूप में उभरता है, जो विफलता के बावजूद धैर्य और मेहनत की सीख देता है। यह कहानी केवल एक कठिन परीक्षा पास करने के बारे में नहीं है, बल्कि यह इस अहसास के बारे में है कि जीवन की असली सफलता पद पाने में नहीं, बल्कि उन रिश्तों को सहेजने में है जो संघर्ष के दिनों में आपके साथ खड़े थे।
क्या है मेकर्स का कहना?
अमेजन प्राइम वीडियो इंडिया के कंटेंट लाइसेंसिंग डायरेक्टर मनीष मेघानी ने कहा, ‘प्राइम वीडियो पर हम दर्शकों के लिए ऐसी कहानियां लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं जो असलियत से जुड़ी हों और आज के समय को दर्शाती हों। एस्पिरेंट्स ने अपनी ईमानदारी से सपनों, महत्वाकांक्षाओं और जिम्मेदारियों को दिखाकर दर्शकों के साथ गहरा रिश्ता बना लिया है। द वायरल फीवर के साथ हमारे पुराने सहयोग ने हमें कई सीजन तक इस कहानी को जोश के साथ आगे बढ़ाने में मदद की है और हम एस्पिरेंट्स का अगला चैप्टर भारत और दुनिया भर के दर्शकों के सामने लाने के लिए बहुत खुश हैं।’
द वायरल फीवर (TVF) के प्रेसिडेंट और बिजनेस हेड विजय कोशी ने कहा, ‘मूल रूप से एस्पिरेंट्स हमेशा उन फैसलों के बारे में रही है जो किसी व्यक्ति की यात्रा को आकार देते हैं। सीजन 3 हमें अभिलाष की जिंदगी के एक महत्वपूर्ण पड़ाव को एक्सप्लोर करने का मौका देता है, क्योंकि पर्सनल और प्रोफेशनल चुनौतियां उसे नए तरीकों से परखती हैं। दो अलग-अलग टाइमलाइन के माध्यम से हम आईएएस परीक्षा के लिए उसके आखिरी प्रयास को फिर से देखते हैं, जबकि प्रेजेंट में वह अपने चुने हुए रास्ते के नतीजों का सामना करता है। हम प्राइम वीडियो के आभारी हैं कि उन्होंने सीरीज का समर्थन जारी रखा और इसे विश्व स्तर पर दर्शकों तक पहुंचाने में मदद की।’
ये भी पढ़ें: ईरान-इजरायल युद्ध के बीच दुबई में फंसे हैं आर माधवन? परिवार के साथ हैं एक्टर, फैंस हुए परेशान तो खुद दिया अपडेट
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited



