
4 ही साल में टूटा एक्ट्रेस का रिश्ता।
पिछले कुछ सालों में फिल्मी दुनिया में कुछ ऐसी जोड़ियां हमेशा-हमेशा के लिए अलग हो गईं, जिनके अलग होने की फैंस ने कभी कल्पना तक नहीं की थी। हाल ही में आई हंसिका मोटवानी की तलाक की खबर ने भी सबको चौंका दिया। 2022 में हंसिका मोटवानी ने धूम-धाम से बिजनेसमैन सोहेल खतूरिया से शादी की, जिसकी हर तरफ चर्चा रही। लेकिन, दोनों का ये सात जन्मों का बंधन चार साल भी नहीं टिक पाया। 11 मार्च को ही इनके तलाक की खबर आई, जिसने हंसिका के फैंस को भी चौंका दिया, क्योंकि अभइनेत्री ने अब तक अपने और सोहेल के बीच खटपट की खबरों पर चुप्पी साध रखी थी। हंसिका और सोहेल के तलाक की खबरें 2025 से ही जोरों पर थीं और अब कोर्ट ने इनका डिवोर्स फाइनल कर दिया है। इस एक्स कपल के तलाक की ही तरह इनकी शादी भी काफी चर्चा में रही, जिसकी वजह थीं सोहेल की एक्स वाइफ।
शादी को लेकर खूब ट्रोल हुई थीं हंसिका
हंसिका मोटवानी ने 2022 में जब सोहेल खतूरिया से शादी का ऐलान किया, तब भी दोनों खूब ट्रोल हुए थे। यूं तो जब भी कोई सेलिब्रिटी अपनी शादी का ऐलान करता है, इनके फैंस की खुशी का ठिकाना नहीं रहता, लेकिन हंसिका और सोहेल के साथ ऐसा नहीं था। दोनों को सोशल मीडिया पर खूब ट्रोल किया गया। लोग इनकी शादी को लेकर इसलिए भी खुश नहीं थे, क्योंकि सोहेल की ये दूसरी शादी थी और हंसिका उनकी पहली पत्नी की बेस्ट फ्रेंड थीं। सोहेल की पहली शादी रिंकी बजाज से हुई थी, जो हंसिका की बहुत अच्छी दोस्त थीं। ऐसे में हंसिका पर अपनी ही सहेली का घर तोड़ने के आरोप लगने लगे।
पति की पहली शादी में शामिल हुई थीं हंसिका
हंसिका मोटवानी भी सोहेल और रिंकी की शादी में शामिल हुई थीं, जिसकी कई तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर मौजूद हैं, जिनमें हंसिका को रिंकी और सोहेल के साथ उनकी शादी में पोज देते देखा जा सकता है। बताया जाता है कि रिंकी के जरिए ही हंसिका सोहेल से मिली थीं और फिर दोनों की नजदीकियां बढ़ने लगीं और आखिरकार बात शादी तक पहुंच गई। हालांकि, हंसिका ने इन सभी आरोपों को खारिज कर दिया था, लेकिन फिर भी वह इस शादी को लेकर लगातार निशाने पर बनी रहीं। अपने शो के एक एपिसोड में हंसिका ने दावा किया था कि अगर वह किसी शख्स को पहले से जानती हैं, इसका ये मतलब नहीं है कि उसके पास्ट से भी उनका कुछ लेना-देना है। उन्होंने दावा किया था कि रिंकी और सोहेल के तलाक से उनका कोई लेना-देना नहीं था।
शादी के कुछ महीनों में ही शुरू हो गई खिटपिट
बताया जाता है कि शादी के कुछ महीने बाद ही हंसिका मोटवानी और सोहेल खतूरिया के बीच खिटपिट शुरू हो गई थी। शादी के बाद दोनों ने अपना घर भी लिया था, लेकिन इनके रिश्ते में धीरे-धीरे खटास आने लगी और फिर दोनों अलग-अलग रहने लगे। कहा गया कि हंसिका, सोहेल के घरवालों के साथ नहीं रहना चाहती थीं। वह अलग रहना चाहती थीं, लेकिन सोहेल का कुछ और ही मानना था। इसी के चलते दोनों के बीच खटास आने लगी और दोनों अलग-अलग रहने लगे। इसके बाद भी दोनों के बीच झगड़े कम नहीं हुए और आखिरकार दोनों ने अलग होना ही बेहतर समझा।
ये भी पढ़ेंः ‘धुरंधर 2’ पर मंडराया संकट, सिख समुदाय ने दी सीधी चेतावनी, बदलाव करो नहीं तो विरोध के लिए रहो तैयार
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited



