
अक्सर कहा जाता है कि टूटे हुए दिल फिर कभी नहीं जुड़ते, लेकिन डिजिटल पर्दे की एक ऐसी कहानी ने इस धारणा को पूरी तरह बदल दिया। यह कहानी रोमांस के पारंपरिक रास्तों से हटकर, दर्द से उबरने और खुद को फिर से तलाशने के सफर पर ले जाती है। एक ऐसा शो, जिसने प्यार के अधूरेपन को भी बेहद खूबसूरती से पेश किया और दर्शकों को यह सिखाया कि हर अंत के बाद एक नई शुरुआत मुमकिन है। इस शो ने लोगों को हीलिंग के प्रॉसेस से रू-ब-रू कराया। इसका तीसरा सीजन सबसे सफल रहा है और इसकी सफलता में बहुत बड़ा योगदान ये दुनिया छोड़ चुके लीड एक्टर का रहा है। हम जिस सीरीज तकी बात कर रेह हैं ये ‘ब्रोकन बट ब्यूटीफुल’ है।
पहले दो सीजन
‘ब्रोकन बट ब्यूटीफुल’ का पहला और दूसरा सीजन वीर (विक्रांत मैसी) और समीरा (हरलीन सेठी) की प्रेम कहानी पर केंद्रित है। वीर अपनी पत्नी की मौत के गम में डूबा है, जबकि समीरा एक टूटे हुए रिश्ते के दर्द से जूझ रही है। दो टूटे हुए दिल जब मिलते हैं तो वे एक-दूसरे के जख्मों को भरने में मदद करते हैं। कहानी दिखाती है कि प्यार केवल पहली बार नहीं होता, बल्कि आप दोबारा भी गिरकर संभल सकते हैं। अंत में वे अपने अतीत के बोझ को पीछे छोड़कर खुद से प्यार करना और जीवन में आगे बढ़ना सीखते हैं।
तीसरा सीजन
तीसरा सीजन एक बिल्कुल नई जोड़ी, अगस्त्य राव (सिद्धार्थ शुक्ला) और रूमी देसाई (सोनिया राठी) की कहानी पेश करता है। अगस्त्य एक महत्वाकांक्षी और गुस्सैल थिएटर निर्देशक है, जबकि रूमी एक अमीर और बिगड़ी हुई लड़की है। यह सीजन लस्ट और लव के बीच की बारीक लकीर को दर्शाता है। उनके बीच का आकर्षण जुनून और जटिलताओं से भरा है, जो उन्हें मानसिक और भावनात्मक रूप से झकझोर देता है। यह सीजन खूबसूरती से दिखाता है कि कभी-कभी प्यार में खुद को खो देने के बाद वापस पाना कितना कठिन और जरूरी होता है।
सीरीज के मोड़
इस सीरीज का मूल संदेश हीलिंग और सेल्फ-लव के इर्द-गिर्द घूमता है। चाहे वह वीर-समीरा का शांत जुड़ाव हो या अगस्त्य-रूमी का विस्फोटक रिश्ता, हर सीजन यह सिखाता है कि टूटना अंत नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत है। सीरीज मानवीय भावनाओं, अधूरेपन और रिश्तों की कड़वाहट को बहुत ही संवेदनशीलता के साथ पर्दे पर उतारती है। संगीत और डायलॉग्स कहानी में जान फूंक देते हैं, जिससे दर्शक किरदारों के दर्द और उनकी खुशी से गहराई से जुड़ जाते हैं। यह केवल रोमांस नहीं, बल्कि खुद की तलाश की एक प्रभावशाली यात्रा है।
सीरीज की कास्ट
‘ब्रोकन बट ब्यूटीफुल’ के पहले दो सीजन में मुख्य भूमिका विक्रांत मैसी और हरलीन सेठी ने निभाई है, जबकि तीसरे सीजन में दिवंगत अभिनेता सिद्धार्थ शुक्ला और सोनिया राठी ने अपनी अदाकारी से दर्शकों का दिल जीता। इस सीरीज के रिलीज होने के कुछ ही वक्त बाद सिद्धार्थि शुक्ला की मौत हो गई। इनके अलावा सीरीज में जतिन गुलाटी, अक्षित सुखीजा और गौरव अरोड़ा जैसे कलाकारों ने भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं। निर्देशन की बात करें तो पहले दो सीजन का कुशल निर्देशन संतोष सिंह ने किया है, जबकि तीसरे सीजन की कमान प्रियंका घोष ने संभाली थी।
ओटीटी पर कहां देखें?
इस सीरीज को देखने के इच्छुक दर्शक इसे ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 और एएलटी बालाजी पर देख सकते हैं। एकता कपूर द्वारा निर्मित यह शो अपनी गहरी भावनाओं, बेहतरीन संगीत और प्रभावशाली संवादों के लिए जाना जाता है। यदि आप टूटे हुए दिलों की हीलिंग और प्यार के दूसरे मौके की तलाश वाली कहानियों के शौकीन हैं तो यह सीरीज आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प है।
IMDb रेटिंग
अब ये शो कितना शानदार था इसका अंदाजा आप IMDb रेटिंग से लगा सकते हैं। तीनों सीजन की कंबाइन्ड रेटिंग 8.5 है। पहले सीजन के हर एपिसोड की रेटिंग 8 से ज्यादा है, वहीं दूसरे सीजन के हर एपिसोड की 8.5 से ज्यादा है, जबकि तीसरे सीजन के हर एपिसोड को 9 से ज्यादा की रेटिंग मिली है। ये साबित करता है कि ये शो हर सीजन में बेहतर होता गया और एपिसोड दर एपिसोड इसकी कहानी में ट्विस्ट और सस्पेंस बढ़ते गए। तीनों ही सीजन के क्लाइमैक्स दमदार हैं।
ये भी पढ़ें: ‘उतरन’ की मासूम इच्चा-तपस्या याद हैं? TV पर किया था कमाल, अब एक्टिंग छोड़ एक बनी डॉक्टर, दूसरी ने पहना इंसाफ का कोट
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited






