
धुरंधर
रणवीर सिंह और आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर’ ने सिनेमाघरों में ऐतिहासिक सफलता हासिल की है और अब यह ओटीटी पर धूम मचा रही है। जासूसी थ्रिलर फिल्म जिसे पाकिस्तानी सिनेमाघरों में रिलीज होने की अनुमति नहीं मिली थी, अब नेटफ्लिक्स पाकिस्तान पर नंबर एक फिल्म बन गई है। ‘धुरंधर’ 30 जनवरी को स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर आई और कुछ ही दिनों में पड़ोसी देश में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई। लयारी शहर और वहां माफिया गिरोहों के कामकाज के चित्रण के कारण यह फिल्म पहले ही पाकिस्तान में सबसे चर्चित फिल्मों में से एक बन चुकी थी। चूंकि इसे देश में सिनेमाघरों में रिलीज नहीं किया गया था, इसलिए लोग इसे देखने के लिए उत्सुक थे और इसी वजह से यह अब वायरल हो गई है।
रिलीज के बाद से पाकिस्तान में नंबर 1 धुरंधर
नेटफ्लिक्स टुडम के अपडेटेड आंकड़ों के अनुसार, धुरंधर 26 जनवरी से 1 फरवरी के सप्ताह में पाकिस्तान में नंबर एक फिल्म रही। गौरतलब है कि फिल्म 30 जनवरी को प्लेटफॉर्म पर आई थी, यानी सिर्फ 3 दिनों में ही यह सप्ताह की सबसे ज्यादा देखी जाने वाली फिल्म बन गई। सूची में दूसरे और तीसरे स्थान पर भी भारतीय फिल्में हैं – धनुष और कृति सैनन की ‘तेरे इश्क में’ और इमरान हाशमी और यामी गौतम की ‘हक’। वहीं दूसरी ओर, बांग्लादेश और श्रीलंका में रणवीर सिंह अभिनीत यह फिल्म इस सप्ताह की दूसरी सबसे ज्यादा देखी जाने वाली फिल्म है। उम्मीद है कि इस सप्ताह यह पहले स्थान पर आ जाएगी।
इन देशों में चला धुरंधर का जलवा
पाकिस्तान और भारत के अलावा, धुरंधर पांच अन्य देशों – बहरीन, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, ओमान और मॉरीशस में भी शीर्ष स्थान पर है। गौरतलब है कि मॉरीशस को छोड़कर इनमें से किसी भी देश में इसे सिनेमाघरों में रिलीज नहीं किया गया था। यह आदित्य धर द्वारा निर्देशित इस फिल्म के प्रति लोगों की बेमिसाल दीवानगी को दर्शाता है, जिसमें अक्षय खन्ना, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, आर माधवन और सारा अर्जुन भी मुख्य भूमिका में हैं। भारत में फिल्म ने बॉक्स ऑफिस की तरह ही ओटीटी पर भी नए रिकॉर्ड बनाए हैं। खबरों के मुताबिक, फिल्म ने पहले तीन दिनों में ही 76 लाख व्यूज हासिल कर लिए हैं, जो अब तक का सबसे अधिक आंकड़ा है। इसने एनिमल, फाइटर और पुष्पा 2 द रूल जैसी फिल्मों के शुरुआती व्यूज को भी पीछे छोड़ दिया है।
सीक्वल पर टिकीं हैं नजरें
अब सबकी निगाहें इसके सीक्वल- धुरंधर द रिवेंज पर टिकी हैं, जिसका पहला टीजर हाल ही में जारी किया गया था। धुरंधर 2 19 मार्च को दुनिया भर में रिलीज होने वाली है। हमजा अली मजारी उर्फ जसकिरत सिंह रंगी भारत पर हुए घातक आतंकी हमलों का बदला कैसे लेते हैं, यह देखने के लिए दर्शकों में जबरदस्त उत्सुकता है। अब देखना होगा कि क्या धुरंधर 2 भी बॉक्स ऑफिस पर वैसा ही तहलका मचा सकती है या नहीं।
ये भी पढ़ें- धुरंधर 2 से टकराव के बीच आगे बढ़ी साउथ सुपरस्टार की फिल्म, जाह्नवी कपूर भी आएंगी नजर, ये रही नई तारीख
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited



