
प्रद्युम्न रंधावा।
बॉलीवुड में आज के समय में कई स्टार किड हैं, जो दर्शकों के बीच अपनी पहचान बना रहे हैं। लेकिन, कुछ ऐसे स्टारकिड भी हैं जो अब लाइमलाइट और कैमरे की दुनिया से पूरी तरह दूर हो चुके हैं और अपनी अलग दुनिया बसा चुके हैं। आज हम आपको एक ऐसे ही कलाकार के बारे में बताते हैं, जिनके पिता हिंदी सिनेमा के जाने-माने अभिनेता थे। हिंदी सिनेमा के साथ-साथ टेलीविजन में भी इनका अभूतपूर्व योगदान रहा। वहीं इनके सौतेले भाई अब भी हिंदी सिनेमा में अपने अभिनय से धूम मचा रहे हैं, लेकिन ये खुद बड़े पर्दे से पूरी तरह दूर हो चुके हैं, जिसकी बड़ी वजह है अभिनय की दुनिया में लगातार मिल रही असफलताएं। तो चलिए बताते हैं कि फोटो में नजर आ रहा ये एक्टर कौन है?
कौन है इंटेंस लुक में नजर आ रहा एक्टर?
इस ब्लैक एंड व्हाइट फोटो में नजर आ रहा एक्टर कोई और नहीं बल्कि मशहूर दिवंगत अभिनेता दारा सिंह के बेटे और बिंदु दारा सिंह के सौतेले भाई प्रद्युम्न सिंह रंधावा, जो हूबहू अपने पिता दारा सिंह जैसे दिखते हैं। प्रद्युम्न सिंह रंधावा दारा सिंह और उनकी पहली पत्नी बचनो कौर की संतान हैं, जिनसे दिग्गज अभिनेता 1952 में अलग हो गए थे। दोनों की शादी 1942 में हुई थी और शादी के 10 साल बाद ही दोनों अलग हो गए। बचनो कौर से अलग होने के 9 साल बाद दारा सिंह ने सुरजीत कौर से शादी की, जिनसे उनके बच्चे विंदु दारा सिंह, अमरीक सिंह रंधावा, लवलीन सिंह, दीपा सिंह और कमल सिंह रंधावा हुए।
प्रद्युम्न रंधावा का करियर
प्रद्युम्न रंधावा का जन्म अप्रैल 1946 में अमृतसर पंजाब में हुआ था। वह दारा सिंह की पहली संतान हैं। प्रद्युम्न भी अपने पिता की तरह पहलवान बनना चाहते थे, लेकिन उनकी किस्मत में तो कुछ और ही था। उन्होंने पहले पत्रकारिता की और फिर बतौर निर्माता अपना करियर शुरू किया। उन्होंने 1967 में ‘नसीहत’ फिल्म का निर्देशन किया और फिर बतौर एक्टर भी अपना करियर शुरू किया। उन्होंने रामानंद सागर की फिल्म ‘आंखें’ में बतौर एक्टर काम किया और फिर ‘बंदिश’ (1969) और ‘गंगा तेरा पानी अमृत’ जैसी फिल्मों में काम किया, लेकिन उन्हें अपने पिता जैसी सफलता नहीं मिल पाई।
एक्टर से बने किसान
प्रद्युम्न रंधावा ने फिल्मी दुनिया में करियर बनाने की कोशिश की, जो असफल रही। उन्हें अपने पिता जैसी सफलता नहीं मिली। अभिनय और फिल्मी दुनिया में सफलता न मिलने के बाद प्रद्युम्न रंधावा ने अभिनय की दुनिया से दूरी बना ली और उनका फिल्मी करियर सिर्फ तीन फिल्मों तक ही सिमट कर रह गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रद्युम्न फिल्मी दुनिया से दूर अब खेती-किसानी करते हैं। प्रद्युम्न बड़े पर्दे और लाइमलाइट से दूर मेरठ में रहते हैं और खेती-किसानी करते हैं। पर्सनल लाइफ की बात करें तो उनके दो बेटे विजय सिंह और अजय सिंह हैं।
ये भी पढ़ेंः ईरान-इजरायल टेंशन के बीच फंसे सुपरस्टार अजीत कुमार, एयरपोर्ट से लौटना पड़ा वापस, सामने आया एक्टर से जुड़ा अपडेट
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited



