
सोशल मीडिया पर अक्सर बॉलीवुड सितारों की पुरानी तस्वीरें वायरल होती रहती हैं, लेकिन हाल ही में सामने आई एक ब्लैक-एंड-व्हाइट तस्वीर ने नेटिजन्स का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। इस यादगार फ्रेम में गुजरे जमाने की मशहूर अभिनेत्री रीना रॉय आठ बच्चों से घिरी नजर आ रही हैं। पहली नजर में ये बच्चे साधारण लग सकते हैं, लेकिन असल में ये आज के दौर के सुपरस्टार्स, फिल्म निर्माता और जाने-माने लेखक हैं। यह तस्वीर बॉलीवुड की चार दिग्गज फैमिली विरासत की एक अनमोल झलक पेश करती है।
रोशन और कपूर खानदान की झलक
तस्वीर की बाईं ओर नजर डालें तो चेक शर्ट में मुस्कुराता हुआ एक छोटा बच्चा दिखाई देता है, जिसकी आंखों में वही चमक है जो आज दुनिया भर के फैंस को दीवाना बनाती है। यह बच्चा कोई और नहीं बल्कि बॉलीवुड के ‘ग्रीक गॉड’ कहे जाने वाले ऋतिक रोशन हैं। ऋतिक के ठीक बगल में ब्लैक-एंड-व्हाइट सूट में उनकी बहन सुनैना रोशन बैठी हैं। वहीं, सोफे के पिछले हिस्से पर टी-शर्ट और जींस पहने एक शरारती बच्चा मस्ती के मूड में दिख रहा है, जो दिग्गज अभिनेता जितेंद्र के बेटे तुषार कपूर हैं। रीना रॉय की गोद में गुलाबी और काली फ्रॉक पहने जो छोटी बच्ची बैठी है, वह सुपरस्टार राजेश खन्ना और डिंपल कपाड़िया की छोटी बेटी रिंकी खन्ना हैं।
रीना रॉय संग दिखे 8 बच्चे कौन हैं?
खन्ना, खान और ‘क्वीन’ एकता कपूर
तस्वीर के दाहिने हिस्से में भी सितारों का जमावड़ा है। रीना रॉय के ठीक पीछे बॉब कट बालों में एक मासूम सी बच्ची नजर आ रही है, जो थोड़ी शर्मा रही है। यह बच्ची आज भारतीय टेलीविजन इंडस्ट्री की ‘क्वीन’ मानी जाने वाली एकता कपूर हैं। एकता के बगल में बैठा बच्चा ‘शोले’ के गब्बर यानी अमजद खान के बेटे शादाब खान हैं। उनके ठीक नीचे रिंकी खन्ना जैसी ही फ्रॉक पहने एक छोटी बच्ची कहीं खोई हुई सी दिख रही है, जो आज की मशहूर लेखिका और पूर्व अभिनेत्री ट्विंकल खन्ना हैं। तस्वीर के केंद्र में रीना रॉय की गोद में सबसे छोटी और बेहद प्यारी बच्ची अमजद खान की बेटी अहलम खान हैं।
बचपन की दोस्ती से कामयाबी के शिखर तक
सालों पुरानी इस तस्वीर में दिखने वाले ये आठों बच्चे आज मनोरंजन जगत के अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी पहचान बना चुके हैं। ऋतिक रोशन जहां आज ग्लोबल सुपरस्टार हैं, वहीं तुषार कपूर ने अभिनय और प्रोडक्शन में हाथ आजमाया है। एकता कपूर ने टीवी और ओटीटी की दुनिया में अपनी बादशाहत कायम की है, जबकि उनकी बहन सुनैना रोशन पारिवारिक प्रोडक्शन हाउस की जिम्मेदारी संभालती हैं। राजेश खन्ना की बेटियों की बात करें तो ट्विंकल खन्ना ने फिल्मों के बाद लेखन की दुनिया में ‘मिसेज फनीबोन्स’ के नाम से बड़ा मुकाम हासिल किया और अब वह एक सफल प्रोड्यूसर भी हैं। वहीं रिंकी खन्ना शादी के बाद लंदन में बस चुकी हैं। अमजद खान के बेटे शादाब खान ने अभिनय और लेखन में अपनी प्रतिभा दिखाई है तो उनकी बेटी अहलम खान थिएटर की दुनिया का एक प्रतिष्ठित नाम बन चुकी हैं। यह तस्वीर न केवल इन सितारों के बचपन की याद दिलाती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि कैसे इन स्टारकिड्स ने अपनी पारिवारिक विरासत को अपने-अपने अंदाज में आगे बढ़ाया है।
ये भी पढ़ें: ‘धुरंधर 2’ बनी असली बाहुबली, एक हफ्ते में छापे 1000 करोड़, 7 दिन में 7 बड़े रिकॉर्ड से सबको कर रही चारों खाने चित
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited



