
कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे।
कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे की बहुप्रतीक्षित रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म ‘तू मेरी मैं तेरा मैं तेरा तू मेरी’ इस साल की शुरुआत में रिलीज हुई थी। फिल्म की कहानी में कोई खास दम नहीं था, यही वजह रही कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ठंडा प्रदर्शन देखने को मिला। फिल्म को क्रिटिक्स का भी मिला जुला रिस्पॉन्स मिला था, जिसके बाद अब ये फिल्म डिजिटल प्लेटफॉर्म की ओर रुख कर चुकी है। फिल्म के बारे में विस्तार से जानने और आप इसे कब और कहां देख सकते हैं, ये जानने के लिए नीचे स्क्रोल करें।
कहां देखें ये फिल्म?
प्राइम वीडियो ने गुरुवार को आधिकारिक तौर पर इंस्टाग्राम पर इस फिल्म के डिजिटल प्रीमियर की घोषणा की। प्लेटफॉर्म ने कलाकारों की कुछ आकर्षक तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, ‘पॉपकॉर्न तो तैयार है, बस आपका इंतजार है।’ इस खबर ने उन प्रशंसकों के चेहरे पर खुशी ला दी है जो फिल्म को थिएटर में नहीं देख पाए थे। सोशल मीडिया पर फैंस ने इसे बार-बार देखो और आखिरकार यह आ गई जैसे कमेंट्स के साथ अपनी उत्सुकता जाहिर की है।
कैसी है फिल्म की कहानी?
समीर विदवान्स द्वारा निर्देशित और करण श्रीकांत शर्मा द्वारा लिखित इस फिल्म की कहानी एक वेडिंग प्लानर रे (कार्तिक आर्यन) और एक लेखिका रूमी (अनन्या पांडे) के इर्द-गिर्द घूमती है। कहानी की शुरुआत क्रोएशिया की एक यात्रा के दौरान होती है, जहां अपनी माँ के लाडले रे की मुलाकात रूमी से होती है, जो अपनी किताब के लिए पाठकों की तलाश में है। सफर के दौरान दोनों के बीच प्यार पनपता है, लेकिन कहानी में मोड़ तब आता है जब भावनाओं का टकराव पारिवारिक जिम्मेदारियों से होता है। रूमी अपने वृद्ध पिता (जैकी श्रॉफ) को अकेला छोड़कर रे के साथ अमेरिका जाने से मना कर देती है। फिल्म का मुख्य संघर्ष व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं और परिवार के प्रति कर्तव्य के बीच फंसा हुआ है, जिसमें नीना गुप्ता और चांदनी भभ्ड़ा भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आए हैं।
कितनी हुई थी कमाई
थिएटर रिलीज के दौरान फिल्म को समीक्षकों और दर्शकों दोनों से ही काफी कड़ी प्रतिक्रिया मिली। बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म वैश्विक स्तर पर केवल ₹49.5 करोड़ का ही कारोबार कर सकी, जिसे एक बड़ी विफलता माना गया। अनन्या पांडे को उनके अभिनय के लिए सोशल मीडिया पर काफी ट्रोल किया गया, वहीं पटकथा को भी ‘घिसी-पिटी’ और ‘पूर्वानुमानित’ बताया गया। इसके अलावा, क्लासिक गीत ‘सात समुंदर पार’ के रीमेक को लेकर भी दर्शकों में काफी नाराजगी देखी गई। ‘पति पत्नी और वो’ के बाद कार्तिक और अनन्या की जोड़ी से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन इस बार उनकी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री दर्शकों के दिलों में वह जगह नहीं बना पाई जिसकी अपेक्षा की जा रही थी।
कैसा था फिल्म का रिव्यू?
फिल्म की आलोचना इसके तकनीकी और संगीत पक्ष को लेकर भी हुई। विशाल-शेखर का संगीत फिल्म को वह आवश्यक गति देने में विफल रहा जिसकी एक रोमांटिक-कॉमेडी को जरूरत होती है। यहां तक कि लकी अली जैसा दिग्गज गायक भी फिल्म के सुस्त पहले भाग में जान नहीं फूंक सका। समीक्षा में फिल्म को एक ऐसे ‘पोस्टकार्ड’ की तरह बताया गया जो दिखने में तो सुंदर है लेकिन उसके पीछे कोई सार्थक संदेश नहीं लिखा है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि ओटीटी के दर्शक इस पोस्टमार्टम की जा चुकी प्रेम कहानी को कितना प्यार देते हैं।
ये भी पढ़ें: खौफ का मंजर देख कांपेगी हड्डियां, साइकोलॉजिकल भूलभुलैया कर देगी घनचक्कर, OTT पर दस्तक देगी क्राइम थ्रिलर वेब सीरीज
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited



