
ऋषि कपूर, शोमा आनंद।
फिल्मी दुनिया में कुछ ऐसे कलाकार भी हैं, जिन्होंने साइड रोल से ही दर्शकों के दिल-दिमाग में ऐसी छाप छोड़ी की कई लीड एक्टर भी ऐसा नहीं कर पाए। शोमा आनंद भी इन्हीं कलाकारों में से एक हैं, जिनका असली नाम नीलम अरोड़ा है। शोमा ने बड़े पर्दे पर शुरुआत तो बतौर लीड एक्ट्रेस की थी, लेकिन धीरे-धीरे समय का पहिया घूमता गया और वह जिद्दी, गुस्सैल और चालाक महिला के किरदारों में नजर आने लगीं। धीरे-धीरे शोमा आनंद की पहचान भी उनके यही किरदार बन गए, जिन्होंने उन्हें हिंदी सिनेमा में एक अलग मुकाम पर पहुंचा दिया और उन्होंने फिल्मों के साथ-साथ टीवी इंडस्ट्री में भी अपने ऐसे ही किरदारों के जरिए दर्शकों के बीच अलग पहचान बनाई।
ऋषि कपूर के साथ किया था डेब्यू
शोमा आनंद ने अपने करियर की शुरुआत 1976 में आई ‘बारूद’ से की थी, जिसमें दिवंगत अभिनेता ऋषि कपूर लीड रोल में थे। प्रमोद चक्रवर्ती की इस रोमांटिक-क्राइम फिल्म के साथ शोमा दर्शकों का ध्यान अपनी तरफ खींचने में सफल रहीं। इसके बाद उन्होंने ‘जागीर’ और ‘कुली’ जैसी फिल्मों में काम किया, लेकिन फिर हिंदी सिनेमा में उनकी छवि बदलने लगी। धीरे-धीरे उनके पास लीड रोल की कमी हो गई और उन्हें सपोर्टिंग रोल मिलने लगे और यहीं से उनके करियर का नया चैप्टर शुरू हो गया।
चालाक भाभी-बहू बनकर मिली पहचान
शोमा आनंद को धीरे-धीरे तेज-तर्रार और चालाक महिलाओं के किरदार ऑफर होने लगे और उन्होंने इन किरदारों को खुले दिल से स्वीकार भी किया। उन्होंने कई फिल्मों में निगेटिव किरदार निभाए और उनके इन किरदारों को दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला। शोमा आनंद, ‘घर एक मंदिर’, ‘स्वर्ग से सुंदर’, ‘घर द्वार’, ‘जैसी करनी वैसी भरनी’ और ‘बड़े घर की बेटी’ जैसी फिल्मों में काम किया और अपने किरदारों से सुर्खियां बटोरीं।
टीवी शोज में भी जमाई धाक
फिल्मों के साथ ही शोमा आनंद ने टीवी में भी खास पहचान बनाई। पॉपुलर टीवी सीरियल ‘हम पांच’ में उन्होंने विद्या बालन की मां का किरदार निभाया था। बड़े पर्दे की ही तरह छोटे पर्दे पर भी उन्हें पहचान मिली और पसंद किया गया। हम पांच के अलावा उन्होंने ‘मायका’, ‘शरारत’, ‘जिनी और जूजू’, ‘भाभी’, और ‘खेलती है जिंदगी आंख मिचोली’ जैसे शोज में काम किया।
पति के निधन के बाद छोड़ी एक्टिंग
शोमा आनंद की पर्सनल लाइफ की बात करें तो उन्होंने डायरेक्टर और एक्टर तारीक शाह से शादी की थी। साल 2021 में तारिक का निधन हो गया, जिसके बाद से ही शोमा एक्टिंग से दूर हैं। पति के निधन के बाद उन्होंने परिवार और अपनी बेटी सारा शाह को समय देना चुना और अभिनय से दूरी बना ली।
ये भी पढ़ेंः तमन्ना भाटिया ने आदियोगी में मनाई महाशिवरात्रि, साथ दिखीं ‘धुरंधर’ स्टार सारा अर्जुन, मगन होकर झूमती आईं नजर
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited



