
मानुषी छिल्लर
बॉलीवुड एक्ट्रेस मानुषी छिल्लर आज 28 साल की हो गई हैं। मिस वर्ल्ड का खिताब अपने नाम कर चुकीं एक्ट्रेस मानुषी के जन्मदिन पर बॉलीवुड सितारों समेत फैन्स ने उन्हें बधाई दी है। अब तक 5 फिल्मों में अपनी एक्टिंग का कमाल दिखा चुकीं मानुषी छिल्लर अपने करियर में एक भी हिट नहीं दे पाई हैं। मानुषी छिल्लर का जन्म 14 मई 1997 को हुआ था। मानुषी ने अपने करियर की शुरुआत बतौर मॉडल की थी। मानुषी ने साल 2017 में मिस वर्ल्ड का खिताब अपने नाम किया था। मानुषी ने फेमिना मिस इंडिया 2017 प्रतियोगिता में हरियाणा राज्य का प्रतिनिधित्व किया, जिसमें उन्होंने जीत हासिल की। छिल्लर मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता जीतने वाली छठी भारतीय महिला हैं।
माता और पिता दोनों ही अपनी फील्ड के दिग्गज
रियाणा के रोहतक में जन्मी मानुषी के पिता डॉ. मित्रा बसु छिल्लर रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO) में वैज्ञानिक हैं, जबकि उनकी मां डॉ. नीलम छिल्लर मानव व्यवहार और संबद्ध विज्ञान संस्थान में न्यूरोकेमिस्ट्री की एसोसिएट प्रोफेसर और विभागाध्यक्ष हैं। छिल्लर ने नई दिल्ली के सेंट थॉमस स्कूल से पढ़ाई की है और 12वीं कक्षा में अंग्रेजी विषय में अखिल भारतीय सीबीएसई टॉपर रही हैं। उन्होंने अपने पहले प्रयास में ही अखिल भारतीय प्री मेडिकल टेस्ट और एनईईटी परीक्षा पास कर ली है और सोनीपत के भगत फूल सिंह मेडिकल कॉलेज में मेडिकल डिग्री (एमबीबीएस) की पढ़ाई पूरी की है। मानुषी एक ट्रेंड कुचिपुड़ी डांसर हैं और उन्होंने दिग्गज नर्तक राजा और राधा रेड्डी और कौशल्या रेड्डी से प्रशिक्षण लिया है। छिल्लर ने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा में भी पढ़ाई की है।
बॉक्स ऑफिस पर फूटी किस्मत
मानुषी ने साल 2017 में मिस वर्ल्ड का खिताब अपने नाम किया और फिर फिल्मों में बतौर हीरोइन एंट्री ले ली। साल 2022 में मानुषी ने अक्षय कुमार स्टारर फिल्म ‘सम्राट पृथ्वीराज’ से अपने करियर की शुरुआत की थी। हालांकि ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप रही। 250 करोड़ रुपयों के बड़े बजट में बनी ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कोई खास कमाल नहीं दिखा पाई। इसके बाद मानुषी ने विक्की कौशल के साथ फिल्म ‘द ग्रेट इंडियन फैमिली’ में काम किया। लेकिन दूसरी फिल्म में भी मानुषी की किस्मत ने साथ नहीं दिया। इसके बाद मानुषी ने ऑपरेशन वेलेन्टाइन में भी अपनी किस्मत आजमाई लेकिन असफल रहीं। ये फिल्म भी फ्लॉप हो गई। इसके बाद बीते साल रिलीज हुई फिल्म ‘बड़े मियां छोटे मियां’ में भी मानुषी ने काम किया। ये फिल्म भी बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरी। इसी साल रिलीज हुई फिल्म तेहरान में भी मानुषी नजर आई थीं। लेकिन अब तक मानुषी को बॉक्स ऑफिस पर कोई सफलता नहीं मिली।
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited