
मयूरी कांगो
बॉलीवुड में ऐसे कई कलाकार हैं जो स्टार बनने का अपना सपना पूरा करने के लिए बड़ी नौकरियां ठुकरा चुके हैं। इन्हीं स्टार्स में से एक ‘पापा कहते हैं’ फेम एक्ट्रेस मयूरी कांगो भी थीं, जिन्होंने फिल्मों के लिए कॉर्पोरेट जगत छोड़ दिया था। लेकिन, कुछ ही फिल्मों के बाद मयूरी ने फिर कोर्पोरेट का रुख कर लिया और बॉलीवुड से लेकर बोर्डरूम तक का सफर तय किया। महेश भट्ट की फिल्म से मशहूर हुईं मयूरी ने करियर के शिखर पर पहुंचने के बाद बॉलीवुड को अलविदा कह दिया और कॉर्पोरेट की दुनिया का रुख कर लिया। कभी गूगल इंडिया में टॉप पद संभालने वालीं मयूरी ने 2025 में एक और बड़ी छलांग लगाई और पब्लिसिस ग्रुप के ग्लोबल डिलीवरी की सीईओ का पद संभालते हुए सबको चौंका दिया।
फिल्मी है मयूरी कांगो की कहानी
मयूरी कांगो की कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है। अभिनेत्री की मां एक मशूर थिएटर आर्टिस्ट थीं और अपनी मां के चलते ही मयूरी की मुलाकात मशहूर निर्देशक सईद अख्तर मिर्जा से हुई। सईद अख्तर मिर्जा को मयूरी के रूप में अपनी फिल्म ‘नसीम’ की हीरोइन मिल गई। उन्होंने मयूरी को फिल्म ऑफर की, लेकिन तब 12वीं की परीक्षाएं सिर पर थीं। उन्होंने इस ऑफर को पहले तो ठुकरा दिया, लेकिन बाद में ये फिल्म करने का फैसला लिया। फिल्म ने बेस्ट निर्देशन और स्क्रीनप्ले का अवॉर्ड अपने नाम किया और मयूरी के अभिनय ने भी सुर्खियां बटोरीं।
महेश भट्ट को पसंद आया मयूरी का अभिनय
नसीम में महेश भट्ट को भी मयूरी का अभिनय पसंद आया, ऐसे में उन्होंने अभिनेत्री को अपनी फिल्म ‘पापा कहते हैं’ में लीड रोल ऑफर किया। इसके बाद मयूरी ‘होगी प्यार की जीत’, ‘बेताबी’, ‘वंशी’ और ‘बादल’ जैसी फिल्मों में नजर आईं और ‘क्या हादसा क्या हकीकत’, ‘कुसुम’, ‘रंगोली’ और ‘करिश्मा’ जैसे टीवी शोज का भी हिस्सा रहीं।
अभिनय की राह छोड़ चुना कॉर्पोरेट वर्ल्ड
मयूरी जब अपने करियर के पीक पर थीं, उन्होंने अपने फैसले से सबको चौंका दिया। मयूरी ने 2003 में एनआरआई आदित्य ढिल्लों से शादी कर ली और अमेरिका में जाकर बस गईं। यहां उन्होंने अपनी पढ़ाई फिर शुरू की और 2007 में न्यूयॉर्क के बरूच कॉलेज से मार्केटिंग और फाइनेंस में एमबीए किया। एमबीए की डिग्री पूरी करने के बाद 36Oi नाम की कंपनी में एसोसिएट मीडिया मैनेजर के तौर पर नौकरी की। फिर 2008 में न्यूयॉर्क रिजॉल्यूशन मीडिया में सुपरवाइजर बनीं। 2012 में मयूरी भारत लौटीं और बतौर चीफ डिजिट ऑफसर जेनिथ में काम किया। इसके बाद पब्लिसिस ग्रुप की परफॉर्मिक्स में मैनेजिंग डायरेक्टर बनीं। अगस्त 2019 में उन्होंने गूगल इंडिया में बतौर इंडस्ट्री हेड-एजेंसी पार्टनरशिप्स पद संभाला और 2024 में गूगल में ही अपनी भूमिका को विस्तार दिया और एआई और मीडिया सॉल्यूशंस @MPT की इंडस्ट्री हेड बनीं।
गूगल छोड़ बनीं सीईओ
2025 में मयूरी कांगो की लिंकडिन प्रोफाइल ने सबका ध्यान अपनी तरफ खींच लिया। अभिनेत्री ने एक पोस्ट के साथ ऐलान किया कि गूगल की जॉब छोड़ते हुए वह पब्लिसिस ग्लोबल डिलीवरी की वैश्विक कार्यकारी नेतृत्व टीम के सदस्य के रूप में एक बार फिर पब्लिसिस ग्रुप में फिर से शामिल हो गई हैं। मयूरी अपनी नई भूमिका के तहत डिजिटल शाखाओं में सेवाओं को आकार देंगी और इसके लिए वह वैश्विक टीम के साथ काम करेंगी।
ये भी पढ़ेंः Hello Bachhon Trailer: आ गया फिजिक्सवाला के अलख पांडे की बायोपिक का ट्रेलर, जानें ओटीटी रिलीज डेट
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited



