
रणवीर सिंह, काजोल और शाहरुख खान।
आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ (धुरंधर 2) की रिलीज में अब 48 घंटे से भी कम समय बचा है और देशभर में इसे लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। एडवांस बुकिंग के मामले में इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर सुनामी ला दी है। यह भारतीय सिनेमा के इतिहास में सबसे बड़ी ओपनिंग वाली फिल्म बनने की राह पर है, जिसके अब तक 10 लाख से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं। दर्शकों की भारी मांग को देखते हुए सिनेमाघरों ने अब देर रात और आधी रात के बाद के शो भी जोड़ने शुरू कर दिए हैं, जिससे ‘धुरंधर 2’ भारत के कई हिस्सों में 24 घंटे चलने वाली चुनिंदा फिल्मों की सूची में शामिल हो गई है।
24 घंटे सिनेमाघरों में चलेगी ‘धुरंधर 2’
ताजा आंकड़ों के अनुसार ‘धुरंधर 2’ ने भारत में एडवांस बुकिंग के जरिए लगभग 15 लाख टिकट बेच लिए हैं। इनमें से आधे टिकट बुधवार को होने वाले ‘पेड प्रीव्यू’ शो के लिए बिके हैं। फिल्म की लगभग 4 घंटे की लंबी अवधि (रनटाइम) ने सिनेमाघर मालिकों के लिए एक बड़ी चुनौती पेश की थी, क्योंकि एक स्क्रीन पर दिन में 4 से ज्यादा शो दिखाना मुश्किल हो रहा था। रिपोर्ट्स के अनुसार बड़े थिएटर चेन प्रत्येक शो के लिए 4 घंटे 40 मिनट का विंडो रख रहे हैं, जिसमें ट्रेलर, इंटरवल और सफाई का समय शामिल है। मांग को देखते हुए मुंबई और ठाणे जैसे शहरों में पीवीआर चाकाला और मूवी मैक्स सायन जैसे सिनेमाघरों ने वीकेंड के लिए रात 1.50 बजे से शो शुरू करने का फैसला किया है। अहमदाबाद के कॉन्प्लेक्स सिनेमाज में भी गुरुवार से ही आधी रात के बाद के शो शुरू हो जाएंगे। दक्षिण और पश्चिम भारत के कई अन्य थिएटर भी अगले 24 घंटों में इसी मॉडल को अपनाने की तैयारी कर रहे हैं।
मराठा मंदिर का ऐतिहासिक बदलाव
‘धुरंधर 2’ की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मुंबई के प्रतिष्ठित मराठा मंदिर सिनेमाघर को भी अपनी परंपरा बदलनी पड़ी है। पिछले 30 सालों से लगातार सुबह 11.30 बजे चलने वाली शाहरुख खान की ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ (DDLJ) का स्लॉट ‘धुरंधर 2’ की लंबी अवधि के कारण बदल दिया गया है। अब ‘धुरंधर 2’ को जगह देने के लिए DDLJ को सुबह के समय में शिफ्ट किया गया है, जो इस फिल्म के क्रेज को साफ दर्शाता है।
एडवांस बुकिंग में टूटे पुराने कीर्तिमान
फिल्म की एडवांस बुकिंग हर घंटे नए रिकॉर्ड बना रही है। ‘पेड प्रीव्यू’ के लिए फिल्म ने अब तक 35 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है, जिसने पिछले साल पवन कल्याण की फिल्म ‘ओजी’ द्वारा बनाए गए 25 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। पहले दिन की एडवांस बुकिंग से फिल्म ने भारत में 21 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी रणवीर सिंह स्टारर इस फिल्म ने इतिहास रच दिया है। यह उत्तरी अमेरिका में प्री-सेल्स से 5 मिलियन डॉलर की कमाई करने वाली पहली भारतीय फिल्म बन गई है। वैश्विक स्तर पर फिल्म का कुल एडवांस बुकिंग कलेक्शन 125 करोड़ रुपये को पार कर चुका है।
स्टारकास्ट और बॉक्स ऑफिस भविष्यवाणी
आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस स्पाय-थ्रिलर में रणवीर सिंह के साथ आर. माधवन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, सारा अर्जुन और राकेश बेदी जैसे दिग्गज कलाकार नजर आएंगे। पहले भाग में खलनायक ‘रहमान डकैत’ की भूमिका निभाने वाले अक्षय खन्ना इस बार कैमियो रोल में दिख सकते हैं। यह फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। गौरतलब है कि पहले भाग ‘धुरंधर’ ने दुनिया भर में 1300 करोड़ रुपये की कमाई की थी और यह अभी भी कुछ सिनेमाघरों में चल रही है। ट्रेड एनालिस्ट्स का मानना है कि यह सीक्वल दुनिया भर में 2000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर सकता है और आमिर खान की ‘दंगल’ का रिकॉर्ड तोड़कर भारतीय सिनेमा की सबसे सफल फिल्म बन सकता है।
ये भी पढ़ें: लापता लेडीज की तरह इस साल भी Oscar एंट्री निकली कॉपी पेस्ट, खोज निकाली 2021 की फिल्म, जिससे चुराया गया सीन दर सीन
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited



