
अमीषा पटेल
बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव पिछले कुछ दिनों से कानूनी विवादों के चलते खबरों में रहे। चेक बाउंस केस मामले में अभिनेता को जेल तक जाना पड़ा। राजपाल यादव के बाद अब अमीशा पटेल का नाम भी एक ऐसे ही मामले के चलते सुर्खियों में है। कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार, 2017 के एक इवेंट विवाद मामले में मुरादाबाद कोर्ट ने अमीषा पटेल के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है। इन रिपोर्ट्स के बाद सवाल उठने लगे कि क्या अब अमीषा पटेल को भी जेल जाना पड़ेगा? इन चर्चाओं के बीच खुद अमीषा ने रिएक्शन दिया है और इसे एक ‘पुराना मामला’ बताते हुए कहा कि उन पर लगे आरोप झूठे हैं और मामले का सेटलमेंट पहले ही हो चुका है।
पुराना है मामला- अमीषा पटेल
अमीषा पटेल ने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए गैर-जमानती वारंट की रिपोर्ट्स पर रिएक्शन दिया और दावा कि इस मामले का सेटलमेंट पहले ही हो चुका है। दरअसल, हाल ही में ऐसी रिपोर्ट्स आईं कि 2017 के एक चेक बाउंस मामले में मुरादाबाद कोर्ट ने अमीषा पटेल के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है। अभिनेत्री के खिलाफ ये शिकायत मुरादाबाद स्थित एक कंपनी के मालिक पवन कुमार वर्मा ने दर्ज कराई है। इन खबरों के बाद अमीषा ने इंस्टाग्राम पर अपनी स्टोरी शेयर की है।
मामले पर अमीषा ने तोड़ी चुप्पी, दी सफाई
अमीषा पटेल ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर बयान जारी करते हुए लिखा- ‘कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में मुरादाबाद में पवन कुमार वर्मा द्वारा कुछ कार्यवाही की बातें कही जा रही हैं। मैं सभी को सूचित करना चाहती हूं कि ये मामला बहुत ही पुराना है और सालों पहले ही ये सुलझ चुका था। पवन वर्मा द्वारा सेटलमेंट डीड पर साइन भी किया गया था और पूरी सहमत राशि प्राप्त की थी। सेटलमेंट के बावजूद उन्होंने झूठे आरोप लगाना और मेरे खिलाफ कार्यवाही शुरू की है इसलिए अब मेरे वकील उनके खिलाफ धोखाधड़ी की आपराधिक कार्यवाही शुरू कर रहे हैं, ताकि उन्होंने जो झूठे आरोप लगाए हैं, वो उजागर हों। मैं अपने काम पर ध्यान देना पसंद करती हूं और ऐसे लोगों पर ध्यान नहीं देती जो झूठे बहाने से किसी का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश करते हैं।’

अमीषा पटेल का पोस्ट
क्या है मामला?
दरअसल, ये विवाद 2017 का है और एक वेडिंग इवेंट से जुड़ा है। अमीषा पर मुरादाबाद के एक इवेंट ऑर्गनाइजर पवन वर्मा ने आराप लगाया था कि उन्होंने अमीषा को 16 नवंबर 2017 को एक शादी में परफॉर्म करने के लिए बुक किया था। पवन वर्मा के अनुसार, उन्होंने अभिनेत्री को इस इवेंट के लिए 14.50 लाख रुपये का एडवांस अमाउंट भी दिया गया था। अभिनेत्री के लिए मुरादाबाद के दिल्ली रोड में स्थित एक शानदार होटल में ठहरने का इंतजाम भी किया गया था, लेकिन एक्ट्रेस इवेंट में नहीं पहुंचीं, जिसके बाद पवन वर्मा ने अभिनेत्री के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, अभिनेत्री ने बातचीत के बाद पूरी राशि लौटाने का वादा किया था। लेकिन, उनकी तरफ से 10 लाख नकद लौटाने के बाद बाकि बचे 4 लाख 50 हजार का चेक दिया गया, जो बाउंस हो गया।
क्यों जारी किया गैर-जमानती वारंट?
मुरादाबाद के अतिरिक्त सिविल जज (जूनियर डिवीजन) की कोर्ट ने मामले की सुनवाई के लिए कई बार समन जारी किए, लेकिन अमीषा पेश नहीं हुईं। जिसके बाद अदालत ने अभिनेत्री की मौजूदगी सुनिश्चित करने के लिए उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है। बताया जा रहा है कि अभिनेत्री के खिलाफ 27 मार्च को सुनवाई होगी। शिकायतकर्ता के वकील पंकज शर्मा के अनुसार, मामला भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धाराओं 120-बी (आपराधिक साजिश), 504 (जानबूझकर अपमान), 406 (आपराधिक विश्वासघात) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत लंबित है।
अमीषा पटेल का कमबैक
अमीषा पटेल ने 2023 में ‘गदर 2’ के साथ बड़े पर्दे पर धमाकेदार कमबैक किया। सनी देओल और उत्कर्ष शर्मा स्टारर फिल्म ब्लॉकबस्टर साबित हुई, जिसने वर्ल्डवाइड 686 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया। इसके अलावा वह 2024 में आई ‘तौबा तेरा जलवा’ में भी नजर आईं।
ये भी पढ़ेंः अभिषेक बच्चन बनेंगे ‘KING’ के विलेन? शाहरुख खान की फिल्म के लिए बदला पूरा हुलिया, खतरनाक लुक में आएंगे नजर
अवनीत कौर ने थामा मिस्ट्री मैन का हाथ, पहले शेयर की रोमांटिक स्टोरी, फिर की डिलीट, कौन है लकी बॉय?
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited



