
अरिजीत सिंह, अनुष्का शंकर
बॉलीवुड के मशहूर सिंगर अरिजीत सिंह ने पिछले दिनों एक ऐसा पोस्ट शेयर किया, जिसने उनके फैंस को निराश कर दिया। अरिजीत ने सोशल मीडिया के जरिए प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट की घोषणा कर दी, जिससे उनके फैंस मायूस हो गए। हालांकि, उन्होंने ये साफ कर दिया कि वह लंबे समय से इस पर विचार कर रहे थे। इस बीच रिटायरमेंट के महज कुछ दिनों बाद ही सिंगर ने स्टेज पर धमाकेदार वापसी की है। रविवार रात अरिजीत सिंह ने कोलकाता में स्टेज शो किया। उन्होंने सितार वादक अनुष्का शंकर के साथ नेताजी इंडोर स्टेडियम में लाइव शो किया, जिसे देखने के बाद सिंगर के फैंस की खुशी का ठिकाना नहीं है।
कोलकाता में अरिजीत सिंह का शो
अरिजीत सिंह ने अनुष्का शंकर के ‘चैप्टर्स टूर 2026’ में गेस्ट परफॉर्मर के तौर पर हिस्सा लिया। जैसे ही अनुष्का ने सिंगर को स्टेज पर आमंत्रित किया, पूरा ऑडिटोरियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। सोशल मीडिया पर अब कोलकाता में आयोजित हुए इस इवेंट के वीडियो वायरल हो रहे हैं। स्टेज पर आते ही अरिजीत ने अपने फैंस को संबोधित किया और मुस्कुराते हुए दर्शकों से कहा, ‘मैं बहुत नर्वस हूं। मुझे बुलाने के लिए धन्यवाद।’ सोशल मीडिया पर अब इस इवेंट के वीडियो छाए हैं, जिसे देखने के बाद फैंस अपनी खुशी जाहिर कर रहे हैं।
अरिजीत सिंह ने गाया ये खूबसूरत गाना
अनुष्का शंकर, तबला वादक बिक्रम घोष के साथ मिलकर अरिजीत सिंह ने ‘माया भोरा राती’ पेश किया। बता दें, माया भोरा राती एक बांग्ला रचना है, जिसे मूल रूप से लक्ष्मी शंकर ने गाया था और इसका संगीत सितार वादक पंडित रवि शंकर ने तैयार किया था। अरिजीत सिंह की इस परफॉर्मेंस ने ऑडियंस को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद अरिजीत ने अनुष्का के साथ मिलकर ‘ट्रेसेस ऑफ यू’ का ड्यूएट वर्जन दर्शकों के सामने परफॉर्म किया, जो मूल रूप से अनुष्का और नोरा जोन्स का गाना है। लगभग 20 मिनट तक चली इस परफॉर्मेंस को दर्शकों ने इसे खूब सराहा।
अनुष्का शंकर के घर गए थे अरिजीत सिंह
परफॉर्मेंस के बाद अरिजीत सिंह ने बताया कि वह हाल ही में अनुष्का शंकर के घर गए थे, जहां दोनों ने साथ मिलकर एक नई धुन पर काम किया। अरिजीत सिंह के इस खुलासे ने फैंस को खुश कर दिया है और ये उम्मीद भी बांध दी है कि शायद भविष्य में ये दोनों साथ मिलकर कुछ खास लेकर आने वाले हैं। बता दें, अरिजीत सिंह ने 27 जनवरी को एक पोस्ट शेयर करते हुए प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास का ऐलान किया था। उनके इस फैसले ने हर किसी को हैरान कर दिया। कुछ जहां उनके इस फैसले के सपोर्ट में दिखे तो कुछ ने निराशा जाहिर की। उन्होंने ये भी साफ किया कि वह इस बारे में लंबे समय से विचार कर रहे थे और अब जाकर ये फैसला ले सके हैं।
ये भी पढ़ेंः क्यों ट्रोल हो रही हैं आकांक्षा चमोला? प्रमोशनल वीडियो पर मचा हंगामा, तो सीधे-सीधे शब्दों में दिया जवाब
फिर से साथ काम करेंगे शाहिद कपूर और रश्मिका मंदाना? कॉकटेल 2 में फिर दिखेगा लव ट्रायंगल
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited



