
रणबीर कपूर,आलिया भट्ट और राहा
बॉलीवुड के सबसे मशहूर कपल में से एक आलिया भट्ट और रणबीर कपूर भी हैं। रणबीर और आलिया की शादी 14 अप्रैल 2022 को हुई थी। 6 नवंबर 2022 को आलिया ने राहा को जन्म दिया। रणबीर और आलिया अक्सर एक-दूसरे का सपोर्ट करते हुए भी नजर आते हैं। आलिया सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। एक्ट्रेस अक्सर अपने पति रणबीर और अपनी बेटी राहा के साथ बिताए खास पलों को इंस्टाग्राम पर फैंस के साथ शेयर करती रहती हैं। बीते दिनों सोशल मीडिया पर एक नरेटिव सेट किया गया कि रणबीर कपूर ‘रेड फ्लैग’ (ऐसा शख्स जो महिलाओं के लिए सही नहीं होता) हैं। उन्हें मम्माज बॉय यानी मां का लाडला और लड़की बाज जैसे टैग भी दिए गए। उनके पुराने रिलेशनशिप्स को सोशल मीडिया पर उछाला गया, लेकिन अब हाल ही में उनके एक फैन ने उन्हें सपोर्ट किया और उनके बचाव में एक पोस्ट किया। ये पोस्ट आलिया भट्ट को भी काफी पसंद आया है। यही वजह रही कि आलिया ने इस वायरल पोस्ट को लाइक भी किया है।
क्या था वायरल पोस्ट
रणबीर अक्सर अपनी छवि को लेकर ट्रोल होते रहते हैं, लेकिन ऐसे हाल में भी उनके फैंस उनका साथ नहीं छोड़ते। हाल में भी ऐसा ही देखने को मिला। उनके एक फैन ने उनको सपोर्ट करते हुए लिखा, ‘ये कितनी फनी बात है कि कई लोग हमेशा उन्हें रेड फ्लैग, वुमेनाइजर, मम्माज बॉय कहते हैं, लेकिन रणबीर कपूर ने सच में अपने ब्रांड नेम में अपनी पत्नी और बेटी के नाम के पहला अक्षरों का इस्तेमाल किया है। अगर इन्हें आप रेड फ्लैग कहेंगे तो मुझे लगता है कि ये इंटरनेट पर मौजूद सभी ग्रीन फ्लैग लोगों से काफी बेहतर हैं।’ इस पोस्ट के वायरल होने के बाद इस पर आलिया भट्ट की भी नजर पड़ गई है। आलिया हर बार की तरह ही इस बार भी अपने पति का साथ देती नजर आई हैं। उन्होंने एक बार फिर साबित किया है कि वो उन्हें किस कदर प्यार करती हैं। दोनों के बीच की स्ट्रॉन्ग बॉन्ड की झलक भी इस एक्शन से जाहिर हो रही है।
आलिया भट्ट द्वारा लाइक किया पोस्ट।
फैंस का रिएक्शन
सोशल मीडिया पर वायरल होते ही फैंस ने अपनी प्रतिक्रिया देना शुरू कर दिया। कुछ फैंस ने एक्टर को सपोर्ट किया तो कई ऐसे भी हैं जो उन्हें एक बार फिर ट्रोल करने में लग गए हैं। उनके एक फैन ने कमेंट करते हुए लिखा, ‘ओ माय गॉड आलिया भट्ट ने लाइक किया है।’ वहीं दूसरे यूजर ने लिखा, ‘आलिया आप बहुत अच्छी हो। आप दोनों हर बार एक-दूसरे को ऐसे ही सपोर्ट करते हो आगे भी करते रहना।’ वहीं एक ने रणबीर का मजाक बनाते हुए लिखा, ‘रणबीर कपूर सच में रेड फ्लैग लगते हैं।’ बता दें, ऐसी ट्रोलिंग का सेलिब्रिटिज अक्सर शिकार होते रहते हैं।
रणबीर-आलिया की अपकमिंग फिल्म
रणबीर कपूर और आलिया भट्ट फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ में साथ नजर आए थे। कपल की ये फिल्म लोगों को खूब पसंद भी आई थी। फिल्म ने बाक्स ऑफिस पर काफी धमाल मचाया था। अब ये प्यारा सा कपल एक बार फिर से स्क्रीन शेयर करने जा रहा है। कपल की केमिस्ट्री को एक बार फिर से देखने के लिए फैंस बेहद एक्साइटेड हैं। रणबीर और आलिया संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘लव एंड वॉर’ में नजर आने वाले हैं। फिल्म में रणबीर और आलिया के साथ विक्की कौशल भी लीड रोल में दिखाई देगें। ये फिल्म 2026 में रिलीज होगी।
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited