
किंशुक वैद्य।
90 के दशक में कई टीवी शो सुपरहिट हुए और इन शोज में नजर आने वाले सितारे घर-घर में पहचाने जाने लगे। कई लोग इतने लोकप्रिय हुए कि लोग उनके किरदारों को आज भी याद करते हैं। इसी दौर में एक शो रिलीज हुआ था जिसका टाइटल ‘शाका लाका बूम बूम’ था। इस शो में कई बाल कलाकार नजर आए थे, जिसमें किंशुक वैद्य नाम के बच्चे ने संजू का लीड रोल निभाया था, जिसके पास के जादुई पेंसिल हुआ करती थी। वो जो भी इस पेंसिल से बनाता था वो सच हो जाता था। साल 2000 में ये टीवी शो रिलीज हुआ था, जो 2004 तक चला, बीते 26 सालों में काफी कुछ बदल गया और इस शो की कास्ट भी। संजू का रोल निभाने वाले किंशुक वैद्य भी अब काफी बड़े हो गए हैं और उनका लुक पूरी तरह बदल गया है, जिन्हें आप एक नजर में पहचान भी नहीं पाएंगे।
पापा बन गए संजू
किंशुक वैद्य अब 34 साल के हो गए हैं और शादी कर के अपना घर भी बसा चुके हैं। वो काफी हैंडसम लगते हैं और उनके गुड लुक्स के लोग दीवाने हैं। 22 नवंबर 2024 को किंशुक वैद्य ने दीक्षा नागपाल से शादी की थी और अब डेढ़ साल बाद उन्होंने फैंस के साथ नई खुशखबरी साझा की है। किंशुक और उनकी पत्नी दीक्षा नागपाल ने अपने पहले बच्चे बेबी बॉय का इस दुनिया में स्वागत किया है। इस जोड़े ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपने प्रशंसकों के साथ यह भावुक कर देने वाली खबर साझा की, जिसके बाद से ही मनोरंजन जगत और उनके चाहने वालों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई है। लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं और कह रहे हैं कि संजू अब पापा बन गया है।
यहां देखें पोस्ट
सोशल मीडिया पर नन्हे मेहमान का स्वागत
किंशुक ने 9 मार्च 2026 को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर इस खुशखबरी की घोषणा की। उन्होंने एक बेहद प्यारी तस्वीर साझा की, जिसमें नवजात शिशु का छोटा सा हाथ अपने माता-पिता की उंगलियों को थामे हुए नजर आ रहा था। इस पोस्ट के जरिए उन्होंने बताया कि उनके बेटे का जन्म 8 मार्च 2026 को हुआ है। कैप्शन में अपनी भावनाओं को व्यक्त करते हुए किंशुक ने लिखा, ‘अत्यधिक प्रेम और कृतज्ञता के साथ, हम अपने बेटे का स्वागत करते हैं। बेबी वैद्य का आगमन हो चुका है।’ जैसे ही यह पोस्ट सार्वजनिक हुई, उनके सह-कलाकारों और प्रशंसकों ने कमेंट सेक्शन को बधाई संदेशों और दुआओं से भर दिया। हर कोई बेबी वैद्य की एक झलक पाने के लिए उत्साहित नजर आया।
सगाई से माता-पिता बनने तक का सफर
किंशुक और दीक्षा के इस खूबसूरत सफर की शुरुआत अगस्त 2024 में उनकी सगाई के साथ हुई थी। इसके कुछ महीनों बाद 22 नवंबर 2024 को इस जोड़े ने अलीबाग के शांत वातावरण में एक निजी समारोह में शादी रचाई। उनकी शादी की तस्वीरें काफी चर्चा में रही थीं, जहां किंशुक ने क्रीम और लाल रंग की शेरवानी पहनी थी, वहीं दीक्षा पारंपरिक महाराष्ट्रीयन दुल्हन के रूप में बेहद खूबसूरत लग रही थीं। पिछले साल दिसंबर में इस कपल ने एक मोनोक्रोम फोटो साझा कर दीक्षा की प्रेगनेंसी की घोषणा की थी। उस तस्वीर में वे बच्चों के छोटे जूते पकड़े हुए थे, जो उनके जीवन के इस नए अध्याय की आहट दे रहे थे। उन्होंने लिखा था कि उनकी प्रेम कहानी अब और भी मधुर होने जा रही है।
बाल कलाकार से सफल अभिनेता तक का करियर
किंशुक वैद्य भारतीय टेलीविजन का एक ऐसा नाम हैं जिन्हें हर पीढ़ी पहचानती है। उन्होंने अपने अभिनय सफर की शुरुआत एक चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर मराठी और हिंदी फिल्मों से की थी। लेकिन उन्हें असली पहचान मिली स्टार प्लस के हिट शो ‘शाका लाका बूम बूम’ से। उस शो में ‘संजू’ और उसकी जादुई पेंसिल के किरदार ने उन्हें घर-घर में लोकप्रिय बना दिया था। बड़े होने के बाद भी किंशुक ने अभिनय की दुनिया में अपनी धाक जमाए रखी। उन्होंने ‘एक रिश्ता साझेदारी का’, ‘वो अपना सा’, ‘कर्ण संगिनी’ और ‘वो तो है अलबेला’ जैसे कई सफल धारावाहिकों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। सोशल मीडिया पर किंशुक काफी एक्टिव हैं। अब अपने बेटे के जन्म के साथ किंशुक और दीक्षा अपने जीवन की सबसे महत्वपूर्ण और जिम्मेदारी भरी भूमिका यानी माता-पिता बनने के रोमांचक सफर पर निकल चुके हैं।
ये भी पढ़ें: सस्पेंस-थ्रिलर का डार्क कॉकटेल है मर्डर मिस्ट्री, IMDb पर 8 रेटिंग वाली सीरीज देख ढीले पड़ेंगे दिमाग के पुर्जे
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited



