
दिवंगत बिजनेसमैन संजय कपूर की तीसरी पत्नी प्रिया सचदेव कपूर ने सोमवार को अपनी शादी की सालगिरह पर एक बेहद भावुक इंस्टाग्राम पोस्ट साझा किया। यह पहली बार है जब प्रिया ने अपनी शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सार्वजनिक की हैं। हालांकि उनके प्रोफाइल पर संजय के साथ कई पुरानी यादें मौजूद हैं, लेकिन शादी की इन अनदेखी तस्वीरों ने नेटिजन्स का ध्यान खींच लिया है। प्रिया का यह पोस्ट ऐसे समय में आया है जब संजय कपूर के निधन को लगभग एक साल होने वाला है।
प्रिया सचदेव का दिल छू लेने वाला संदेश
अपनी शादी की सालगिरह पर प्रिया ने संजय को याद करते हुए लिखा, ‘सालगिरह मुबारक हो जे। पिछले साल हमारी आठवीं सालगिरह पर हमने तुम्हारे ‘डोस्को’ दोस्तों के साथ जश्न मनाया था। वह माहौल हंसी और गर्माहट से भरा था। तुमने मेरी ओर देखकर कहा था कि तुम अगले सात जन्मों तक मेरे साथ रहना चाहते हो। जे, मैं तुम्हारी उस बात को पकड़ कर बैठी हूं।’ प्रिया ने आगे लिखा कि संजय उनके लिए केवल पति नहीं, बल्कि उनकी रूह का हिस्सा, सुरक्षित ठिकाना और धड़कन थे। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, ‘तुम मेरे अतीत का हिस्सा नहीं हो, बल्कि तुम मेरे भविष्य में मेरा इंतजार कर रहे हो। हमारी कहानी अभी खत्म नहीं हुई है। अगर मुझे फिर से जीवन जीने का मौका मिले, तो मैं अपनी हर गलती दोहराने को तैयार हूं, बशर्ते वह मुझे फिर से तुम्हारी ओर ले जाए।’
निधन और विवादित कारण
सोना कॉमस्टार के चेयरमैन रहे संजय कपूर का निधन 53 वर्ष की आयु में 12 जून 2025 को यूनाइटेड किंगडम में हुआ था। शुरुआत में मीडिया रिपोर्ट्स में उनके निधन को लेकर कई तरह के दावे किए गए थे, यहां तक कि मधुमक्खियों के हमले से मौत की खबरें भी आई थीं। हालांकि सरे के कोरोनर की जांच के बाद यह निष्कर्ष निकला कि उनकी मृत्यु प्राकृतिक थी और मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट था।
30000 करोड़ की संपत्ति पर कानूनी जंग
संजय कपूर के निधन के बाद उनकी छोड़ी गई संपत्ति, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 30000 करोड़ रुपये बताई जा रही है, अब कानूनी विवादों के घेरे में है। यह मामला दिल्ली हाईकोर्ट तक पहुंच चुका है। संजय की विधवा प्रिया सचदेव कपूर का दावा है कि साल 2025 में तैयार की गई एक वसीयत के अनुसार, संजय ने अपनी पूरी संपत्ति उनके नाम कर दी है। दूसरी ओर संजय की दूसरी पत्नी और बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर के बच्चों, समायरा और कियान ने इस दावे को अदालत में चुनौती दी है। करिश्मा के बच्चों की ओर से दायर इस याचिका के बाद यह संपत्ति विवाद अब एक हाई-प्रोफाइल कानूनी लड़ाई का रूप ले चुका है। कोर्ट अब इस वसीयत की प्रामाणिकता और उत्तराधिकार के दावों की जांच कर रहा है।
ये भी पढ़ें: पंचतत्व में विलीन हुईं आशा भोसले, बेटे आनंद ने दी मुखाग्नि, राजकीय सम्मान के साथ हुई अंतिम विदाई
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited






