
मशहूर अभिनेता और निर्देशक ई. ए. राजेंद्रन का 71 साल की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने कोल्लम के पट्टाथानम स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। मनोरमा ऑनलाइन की रिपोर्ट के अनुसार, ई. ए. राजेंद्रन लंबे समय से उम्र से संबंधित बीमारियों का इलाज करवा रहे थे। त्रिशूर जिले के त्रितल्लूर के मूल निवासी राजेंद्रन अपने पीछे अपनी पत्नी संध्या राजेंद्रन को छोड़ गए हैं। उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार, 27 मार्च को उनके पैतृक स्थान त्रितल्लूर में होगा।
थिएटर से सिनेमा तक का यादगार सफर
राजेंद्रन ने बहुत कम उम्र में ही अपने फिल्मी सफर की शुरुआत कर दी थी। त्रिशूर यूपी स्कूल में अपने पढ़ाई के दौरान, उन्होंने नाटकों में हिस्सा लेना शुरू किया था। कॉलेज की पढ़ाई पूरी करने के बाद, उन्होंने दिल्ली स्थित नेशनल स्कूल ऑफ़ ड्रामा (NSD) में दाखिला लिया। उन्होंने अभिनय में प्रथम श्रेणी के साथ स्नातक की उपाधि प्राप्त की और बाद में पुणे के फिल्म संस्थान से टेलीविजन का कोर्स किया।
शानदार फिल्मी करियर
ई. ए. राजेंद्रन ने अपने करियर के दौरान लगभग साठ फिल्मों में काम किया। उन्होंने कई सुपरहिट फिल्मों में खलनायक और सहायक भूमिकाएं निभाकर दर्शकों के दिलों में अपनी खास जगह बनाई थी। वे फिल्मों के अलावा, कुछ टेलीविजन धारावाहिक में भी नजर आ चुके हैं। उन्होंने वी. आर. गोपीनाथ की फिल्म ‘ग्रीष्मम’ से अपने करियर की शुरुआत की थी। हालांकि, उन्हें फिल्म इंडस्ट्री में एक ऐसे दौर का भी सामना करना पड़ा जब उनके पास काम के अवसर नहीं थे। एक लंबे अंतराल के बाद उन्होंने क्लासिक फिल्म ‘कलियट्टम’ से वापसी की, जिसका निर्देशन जयराज ने किया था। राजेंद्रन ने कई फिल्मों में अभिनय किया है, जिनमें ‘प्रणयवर्णंगल’, ‘दया’ और जयराम की ‘पट्टाभिषेकम’ शामिल हैं।
सेहत को लेकर परेशान थे अभिनेता
राजेंद्रन ने थिएटर में निर्देशक के तौर पर और अन्य रचनात्मक क्षेत्रों में भी अपनी एक अलग पहचान बनाई। उन्होंने ‘स्टेट हॉर्टिकल्चर कॉर्पोरेशन’ के चेयरमैन के रूप में भी अपनी सेवाएं दीं। राजेंद्रन, अभिनेता मुकेश के जीजा भी थे। साल 2025 की शुरुआत में राजेंद्रन ने यूट्यूब चैनल ‘मेनस्ट्रीम वन’ को दिए एक इंटरव्यू में अपनी सेहत से जुड़ी चिंताओं पर बात की। उन्होंने कहा, ‘मैंने अपने शुगर लेवल को कंट्रोल करने के लिए डॉक्टर की सलाह के अनुसार अपना वजन कम किया। उम्र भी बढ़ रही है, इसलिए मुझे सावधान रहने की जरूरत है। मेरा बेटा अब एक्टिंग कर रहा है और हम एक प्रोडक्शन कंपनी भी चला रहे हैं। मैं दक्षिण भारत में सीरियल के जाने-माने प्रोड्यूसर में से एक हूं।’
ई. ए. राजेंद्रन का अंतिम संस्कार
अभिनेता के पार्थिव शरीर को कोल्लम में रखा जाएगा। बाद में उनके गृह नगर त्रिशूर ले जाया जाएगा। अंतिम संस्कार अगले दिन त्रिशूर के त्रिथल्लूर स्थित उनके आवास पर किया जाएगा।
ये भी पढे़ं-
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited



