
राम गोपाल वर्मा फिल्म इंडस्ट्री के उन निर्देशकों में से हैं, जिन्होंने अपने दम पर अपनी अलग पहचान बनाई है। ‘सत्या’ से लेकर ‘कौन’ जैसी फिल्मों से उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई है। आज के समय में उनकी गिनती बॉलीवुड के टॉप डायरेक्टर्स में होती है। राम गोपाल वर्मा ने बॉलीवुड को कुछ ऐसे गैंगस्टर दिए हैं, जिनकी चर्चा आज भी होती है। अनुराग कश्यप जैसे निर्देशक ने भी इन्हीं के अंडर रहकर काम किया है और आज के समय में फिल्मी दुनिया के सबसे शानदार निर्देशकों में उनकी गिनती होती है। आज यानी 7 अप्रैल को राम गोपाल वर्मा का जन्मदिन है, वह आज अपना 64वां जन्मदिन मना रहे हैं, इस मौके पर आपको उनसे जुड़ी कुछ दिलचस्प बातें बताते हैं।
राम गोपाल वर्मा का जन्म
राम गोपाल वर्मा का जन्म 7 अप्रैल 1962 को आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में हुआ था। आज के समय में राम गोपाल वर्मा फिल्मी दुनिया का जाना-माना नाम हैं, लेकिन उन्होंने सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है, मगर सिनेमा को लेकर उनका जुनून उन्हें सिनेमा की दुनिया तक ले आया। वह हैदराबाद में एक वीडियो लाइब्रेरी चलाते थे, जहां उन्होंने दर्शकों की पसंद और फिल्म मेकिंग की बारीकियों को गहराई से समझा। साल 1989 में उन्होंने ‘शिवा’ का निर्देशन किया। इस फिल्म में नागार्जुन, अमला और रघुवरन लीड रोल में थे, जो एक छात्र राजनीति एक्शन ड्रामा थी। ये फिल्म एक बड़ी सफलता थी और इस फिल्म ने उन्हें नंदी पुरस्कार मिला।
बॉलीवुड में एंट्री के साथ ही मचाया बवाल
सिर्फ साउथ के दर्शकों पर ही नहीं, ‘शिवा’ ने हिंदी दर्शकों को भी प्रभावित किया। इसके बाद उन्होंने रेवती स्टारर हॉरर फिल्म ‘रात’ और आमिर खान-उर्मिला मातोंकर स्टारर ‘रंगीला’ बनाई, दोनों ही फिल्में खूब पसंद की गईं। राम गोपाल वर्मा की कुछ अन्य बेहतरीन फिल्मों की बात करें तो इनमें ‘शूल’, ‘सत्या’, ‘कंपनी’, ‘भूत’, ‘मस्त’, ‘प्यार तूने क्या किया’, ‘सरकार राज’ और ‘डरना मना है’ जैसी फिल्में शामिल हैं। राम गोपाल वर्मा ने फिल्म जगत को कुछ ऐसी गैंगस्टर फिल्में दी हैं, जैसी आज तक कोई और नहीं बना पाया है।
राम गोपाल वर्मा की निजी जिंदगी
राम गोपाल वर्मा की पर्सनल लाइफ की बात करें तो उन्होंने रत्ना वर्मा से शादी की थी, लेकिन दोनों का तलाक हो गया। इस शादी से उनकी एक बेटी भी हुई, जिनका नाम रेवती है। रेवती सोशल मीडिया और लाइमलाइट से दूर रहती हैं। राम गोपाल वर्मा की निजी जिंदगी कई अन्य वजहों से भी चर्चा में रही। बीते सालों में उनका कई अभिनेत्रियों से भी नाम जुड़ा, जिनमें उर्मिला मातोंडकर का नाम भी शामिल है। उर्मिला मातोंडकर ने राम गोपाल वर्मा की ‘रंगीला’, ‘दौड़’, ‘सत्या’ और ‘प्यार तूने क्या किया’ जैसी फिल्मों में काम किया, जिसके चलते दोनों के अफेयर के चर्चे भी शुरू हो गए। हालांकि, आरजीवी ने इन अफवाहों को ये कहते हुए खारिज कर दिया कि अगर इन अफवाहों में सच्चाई होती तो वह इसे स्वीकार करने से कभी पीछे नहीं हटते।
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited




