
सोनम कपूर।
सोनम कपूर लंब समय से फिल्मों से दूर हैं, लेकिन इन दिनों अपनी प्रेग्नेंसी को लेकर सुर्खियों में बनी हुई हैं। एक्ट्रेस अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी के तीसरे ट्राइमेस्टर में हैं। हाल ही में एक्ट्रेस की गोद भराई की रस्म हुई, जिसमें करीना कपूर, शबाना आजमी, अर्जुन कपूर से लेकर मसाबा गुप्ता तक, बॉलीवुड के कई सेलेब्स ने शिरकत की। इसके अलावा कपूर फैमिली के भी सभी सदस्य सोनम की खुशी में शामिल हुए। इस बीच सोनम कपूर ने अपनी गोद भराई की रस्म का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है, जिसके साथ उन्होंने अपनी एक बेहद खास और पवित्र रस्म के बारे में बताया है।
सोनम कपूर की हुई गोद भराई
सोनम कपूर ने इंस्टाग्राम पर अपनी गोद भराई की रस्म का एक बहुत ही प्यारा सा वीडियो शेयर किया है, जिसमें उनके साथ परिवार के सदस्य और करीबी दोस्त नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में करीना कपूर, जीनत अमान, खुशी कपूर, अनिल कपूर, सुनीता कपूर, अर्जुन कपूर सहित कई जाने-माने चेहरे नजर आ रहे हैं। वीडियो शेयर करते हुए सोनम कपूर ने अपनी गोद भराई में हुई सीमनतोन्नयन संस्कार के बारे में भी बताया, जो सनातन धर्म की अहम परंपरा है।
सोनम कपूर ने बताया सीमनतोन्नयन का महत्व
वीडियो शेयर करते हुए सोनम कपूर ने कैप्शन में लिखा- ‘सीमान्तोन्नयन, सनातन धर्म के सोलह पवित्र संस्कारों में से तीसरा संस्कार है। इसे अक्सर “बालों को अलग करने की रस्म” कहा जाता है, जो मां और उसके गर्भ में पल रहे जीवन का सम्मान करती है। भारत के विभिन्न हिस्सों में गोद भराई, श्रीमंत, दोहले जेवन, शाद, सीमांतम, वलाइकाप्पु, सीमांत, पुलिक्कुडी और सदाबक्शन के नाम से जाना जाता है – नाम बदल सकते हैं, लेकिन आशीर्वाद वही रहता है। प्यार, सुरक्षा और नए जीवन का उत्सव।’
क्यों खास है रस्म
सोनम ने अपने पोस्ट में आगे लिखा- ‘यह प्राचीन और पवित्र रस्म और भी अधिक अर्थपूर्ण लगी क्योंकि मेरे सारे सबसे अच्छे दोस्त मेरे लिए मौजूद थे। मेरा पूरा परिवार भी। मुझे बहुत सहारा मिला। और मेरी मां, मेरी सास और मेरी बहन को – सब कुछ व्यवस्थित करने और मुझे इतना प्यार, स्नेह और सम्मान का एहसास कराने के लिए धन्यवाद। मैं इसे कभी नहीं भूलूंगी। आशीर्वाद से भरी गोद। कृतज्ञता से भरा दिल।
2018 में हुई थी शादी
बता दें, सोनम कपूर 8 मई 2018 को बिजनेसमैन आनंद आहूजा के साथ शादी के बंधन में बंधी थीं, जिसके बाद उन्होंने अगस्त 2022 को अपने बेटे का इस दुनिया में स्वागत किया, जिसका नाम उन्होंने वायु रखा है। वहीं 2025 में सोनम ने अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी का ऐलान किया और अब जल्दी ही वह अपने दूसरे बच्चे का इस दुनिया में स्वागत करने वाली हैं।
ये भी पढ़ेंः बॉलीवुड एक्टर, जिसे देखकर पुलिसवाले भी करते थे सैल्यूट, 144 बार निभाया एक ही किरदार, बेटी बनी धर्मेंद्र की हीरोइन
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited



