
राजपाल यादव।
अभिनेता सोनू सूद के बाद अब गुरमीत चौधरी और कमाल खान भी अभिनेता राजपाल यादव के समर्थन में सामने आए हैं। ₹9 करोड़ के कर्ज और चेक बाउंस मामले में गुरुवार को सरेंडर करने के बाद राजपाल यादव को दिल्ली की तिहाड़ जेल भेज दिया गया है। इस पूरे मामले ने फिल्म इंडस्ट्री में हलचल मचा दी है और कई कलाकार एकजुटता दिखाते हुए उनके समर्थन में आवाज उठा रहे हैं। राजपाल यादव की मुश्किलें साल 2010 से जुड़ी बताई जा रही हैं, जब उन्होंने अपनी डायरेक्टोरियल डेब्यू फिल्म ‘अता पता लापता’ के लिए ₹5 करोड़ का लोन लिया था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर असफल रही, जिसके बाद वह लोन चुकाने में नाकाम रहे। समय के साथ यह मामला कानूनी रूप लेता गया और बकाया रकम बढ़कर करीब ₹9 करोड़ तक पहुंच गई। अदालत द्वारा कई मौके दिए जाने के बावजूद भुगतान न हो पाने के चलते कोर्ट ने उनके खिलाफ सख्त रुख अपनाया।
गुरमीत चौधरी ने बढ़ाया मदद का हाथ
इस बीच अभिनेता गुरमीत चौधरी ने राजपाल यादव के समर्थन में खुलकर बयान दिया है। गुरमीत ने मंगलवार 10 फरवरी को अपने आधिकारिक X हैंडल (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, ‘राजपाल यादव जी जैसे सीनियर और बेहद टैलेंटेड आर्टिस्ट को इस दर्दनाक दौर से गुजरते देख मेरा दिल टूट गया है। उन्होंने हमें अनगिनत मुस्कानें, हंसी और यादगार पल दिए हैं। आज उन्हें हमारी जरूरत है।’ गुरमीत चौधरी ने न सिर्फ व्यक्तिगत तौर पर मदद की पेशकश की, बल्कि फिल्म इंडस्ट्री से भी आगे आने की अपील की। उन्होंने लिखा, ‘एक साथी अभिनेता और एक इंसान के तौर पर मैं हर संभव मदद करने के लिए तैयार हूं। मैं सभी प्रोड्यूसर्स, डायरेक्टर्स और फिल्म इंडस्ट्री के सदस्यों से विनम्र निवेदन करता हूं कि हम सब मिलकर दया और इंसानियत के साथ कोई समाधान निकालें। हमारी इंडस्ट्री एक परिवार है और परिवार मुश्किल वक्त में अपनों का साथ नहीं छोड़ता।’
यहां देखें पोस्ट
केआरके भी करेंगे मदद
कमाल राशिद खान, जिन्हें KRK के नाम से जाना जाता है भी राजपाल यादव की मदद के लिए आगे आए हैं। उन्होंने अपनी X प्रोफाइल पर लिखा, ‘मैं राजपाल यादव के लिए 10 लाख रुपये देने को तैयार हूं। चलो सभी बॉलीवुड के लोग मिलकर उन्हें 5 करोड़ रुपये दें! अगर वह सिर्फ़ 5 करोड़ रुपये वापस कर देते हैं तो वह तुरंत जेल से बाहर आ सकते हैं! चलो सब उनकी मदद करें।’
यहां देखें पोस्ट
सोनू सूद ने की शुरुआत
गौरतलब है कि इससे पहले सोनू सूद ने भी राजपाल यादव को सपोर्ट करते हुए उन्हें अपनी एक फिल्म ऑफर करने का ऐलान किया था। सोनू सूद ने यह भी कहा था कि वह राजपाल को थोड़ा सा साइनिंग अमाउंट देंगे और अन्य फिल्ममेकर्स से भी अपील करेंगे कि वे अपने आने वाले प्रोजेक्ट्स के लिए राजपाल को साइन करें। सोनू सूद ने स्पष्ट किया था कि यह मदद किसी तरह की चैरिटी नहीं, बल्कि सम्मान और प्रोफेशनल सपोर्ट का तरीका है। सोनू सूद ने X पर लिखा था, ‘राजपाल यादव एक टैलेंटेड एक्टर हैं जिन्होंने हमारी इंडस्ट्री को सालों तक यादगार काम दिया है। कभी-कभी ज़िंदगी मुश्किल हो जाती है, टैलेंट की वजह से नहीं बल्कि खराब टाइमिंग की वजह से। वह मेरी फिल्म का हिस्सा होंगे। एक छोटा सा साइनिंग अमाउंट, जिसे भविष्य के काम के हिसाब से एडजस्ट किया जा सकता है, वह चैरिटी नहीं बल्कि इज्जत है।’
क्या है मामला?
दिल्ली हाई कोर्ट द्वारा और समय देने की उनकी याचिका खारिज किए जाने के बाद राजपाल यादव ने गुरुवार को तिहाड़ जेल में सरेंडर कर दिया। बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट के अनुसार सरेंडर से पहले राजपाल यादव ने अपनी आर्थिक स्थिति को लेकर भावुक बयान दिया था और कहा था कि वह पैसों की भारी तंगी से जूझ रहे हैं और मदद के लिए उनके पास कोई नहीं है। इस बयान के सामने आने के बाद इंडस्ट्री में उनके समर्थन की आवाजें और तेज हो गई हैं।
ये भी पढ़ें: सास-बहू वाली सीरीज, कट्टे के दम पर लेडीज चला रहीं ड्रग का धंधा, सस्पेंस-मिस्ट्री और खून-खराबा से लबरेज
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited



