
2011 में रिलीज हुई कल्ट क्लासिक
रणबीर कपूर ने अपने करियर में कई शानदार फिल्में दी हैं। ‘अजब प्रेम की गजब कहानी’ से लेकर ‘संजू’ तक में उन्होंने अपने अभिनय का लोहा मनवाया है। 2011 में रिलीज हुई ‘रॉकस्टार’ भी रणबीर के करियर की बेस्ट फिल्मों में से एक मानी जाती है, जिसे कल्ट क्लासिक का भी दर्जा मिला है। इस रोमांटिक-ड्रामा में रणबीर के साथ नरगिस फाखरी लीड रोल में नजर आई थीं। इम्तियाज अली के निर्देशन में बनी ‘रॉकस्टार’ में रणबीर और नरगिस की केमेस्ट्री को खूब पसंद किया गया और इसका अंत दर्शकों को रुला गया। हालांकि, ये बात और है कि पहले इस फिल्म की एंडिंग कुछ और ही होने वाली थी। जी हां, हाल ही में फिल्म के निर्देशक इम्तियाज अली ने ‘रॉकस्टार’ की एंडिंग को लेकर एक बड़ा खुलासा किया और बताया कि पहले फिल्म की एंडिंग कुछ और ही होने वाली थी, लेकिन फिल्म की पहली स्क्रिप्ट गुम हो जाने के बाद इसकी एंडिंग भी बदल दी गई।
रॉकस्टार की पहली स्क्रिप्ट हो गई थी गुम
‘रॉकस्टार’ की रिलीज के 15 सालों बाद, निर्देशक इम्तियाज़ अली ने फिल्म के अंत को लेकर चौंकाने वाला खुलासा किया। मुंबई में लक्ष्य माहेश्वरी द्वारा आयोजित एक हालिया फैन मीट-अप में के दौरान इम्तियाज अली ने ‘रॉकस्टार’ के दुखद अंत के बारे में खुलकर बात की। बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि फिल्म में हीर की मौत ओरिजिनल स्क्रिप्ट का हिस्सा नहीं थी। उनके अनुसार, जब उन्होंने पहली बार कहानी लिखी तब फिल्म का अंत कुछ और ही होने वाला था। फिल्म में हीर की मौत नहीं होनी थी, लेकिन फिल्म का ड्राफ्ट खोने के साथ ही फिल्म का अंत भी बदल गया।
इम्तियाज़ अली ने 15 साल बाद ये खुलासा किया
इम्तियाज़ अली ने रॉकस्टार की एंडिंग के बारे में बात करते हुए कहा, ‘मैं चाहता था कि हीर जिंदा रहे। मैं ‘रॉकस्टार’ में कई अलग-अलग चीजें चाहता था, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। दरअसल, मैंने फिल्म का पूरा ड्राफ्ट लिखा था, लेकिन दुर्भाग्य से वो कहीं खो गया। सालों बाद जब मुझे ‘रॉकस्टार’ बनाने का मौका मिला, तो मैंने उसे ढूंढने की बहुत कोशिश की, लेकिन वो कंप्यूटर में नहीं मिला और मुझे फिल्म की कहानी दोबारा लिखनी पड़ी। जब मैंने दूसरी बार स्क्रिप्ट लिखना शुरू किया, कहानी का टोन बदल गया।’
क्या रॉकस्टार की कहानी हीर रांझा से प्रेरित है?
इम्तियाज अली बताते हैं कि जब उन्होंने फिल्म की स्क्रिप्ट दोबारा लिखना शुरू किया तो उन्होंने पंजाबी प्रेम कहानी ‘हीर रांझा’ से प्रेरणा ली और कहानी एक अलग ही मोड़ पर चली गई। इम्तियाज कहते हैं, ‘ड्राफ्ट खो गया, इसलिए मैंने इसे फिर से लिखा। इस बार, मुझे नहीं पता क्या हुआ। अंत में, हीर चली गई। मुझे लगता है कि ऐसा इसलिए भी हुआ क्योंकि मैं हीर रांझा से बहुत प्रभावित था। लड़की का नाम हीर था, और वह रांझा से पहले मर गई, इसलिए फिल्म जॉर्डन की मौत से पहले ही खत्म हो जाती है।’
रॉकस्टार का आखिरी सीन
रॉकस्टार में नरगिस का किरदार बीमारी के कारण मर जाता है। फिल्म के अंत में, रणबीर कपूर का किरदार जॉर्डन एक टूटे हुए कलाकार के रूप में इटली के वेरोना एरीना में एक कॉन्सर्ट में परफॉर्म करता नजर आता है और उसकी आंखों में हीर को खोने का दुख साफ नजर आता है। आखिरकार जॉर्डन अपने आइडियल जिम मॉरिसन की तरह स्टारडम के मुकाम तक पहुंच जाता है, लेकिन उसकी ये सफलता देखने के लिए हीर उसके साथ मौजूद नहीं होती।
ये भी पढ़ेंः बात से मुकरे आमिर खान! पहले इस फिल्म की OTT रिलीज से किया इनकार, अब डिजिटल स्ट्रीमिंग का हुआ ऐलान, चौंके फैन
करूर भगदड़ मामले में थलापति विजय से होगी पूछताछ, CBI ने जारी किया समन, दिल्ली में होंगे सवाल-जवाब
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited



