
आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर’ पिछले साल दिसंबर में रिलीज हुई थी। इसमें 2008 के मुंबई आतंकी हमलों (26/11) के खौफनाक मंजर को पर्दे पर उतारकर दर्शकों को झकझोर कर रख दिया था। अब धुरंधर 2 भी सिनेमाघरो में रिलीज हो गई है। फिल्म जमकर कमाई कर रही है और भारत की जनता इसे खूब पसंद कर रही हैं। हाल ही में एक पुरस्कार समारोह के दौरान फिल्म के प्रमुख कलाकार अर्जुन रामपाल ने उस भयानक रात की अपनी निजी यादें साझा कीं। उन्होंने खुलासा किया कि कैसे ‘धुरंधर’ में काम करना उनके लिए केवल एक पेशेवर जिम्मेदारी नहीं, बल्कि एक व्यक्तिगत प्रतिशोध जैसा था।
26/11 की वो खौफनाक रात और अर्जुन की यादें
अर्जुन रामपाल ने उस भयावह रात को याद करते हुए बताया कि 2008 में जब मुंबई पर हमला हुआ तब वह अपने दोस्तों के साथ अपना जन्मदिन मनाने के लिए ताज होटल जाने की तैयारी कर रहे थे। उन्होंने साझा किया, ‘मैं अपने दोस्तों को लेने एक होटल पहुंचा ही था कि माहिम के पास पहला विस्फोट हुआ। धमाका इतना जोरदार था कि खिड़कियों के कांच हिलने लगे। हमें लगा कि शायद कोलाबा में कोई गैंगवार छिड़ गई है, लेकिन अगले 20-30 मिनट में पूरा इलाका छावनी में तब्दील हो गया और सुरक्षा कारणों से हमें होटल से बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी गई।’ अर्जुन ने बताया कि अपने जन्मदिन पर उन्होंने टीवी पर उन दृश्यों को देखा जिन्हें भूल पाना नामुमकिन है। अगली सुबह जब वह घर लौट रहे थे तो सदमे के कारण उन्हें रास्ते में कई बार रुकना पड़ा।
मेजर इकबाल और ‘धुरंधर’ से प्रतिशोध
फिल्म ‘धुरंधर’ में अर्जुन रामपाल ने आईएसआई मेजर इकबाल की भूमिका निभाई थी, जो हमले के पीछे के मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक था। फिल्म में उनके किरदार को तब जश्न मनाते दिखाया गया था जब ताज होटल में आतंकी निर्दोषों का खून बहा रहे थे। अर्जुन ने कहा, ‘जब आदित्य धर ने मुझे 26/11 का सीक्वेंस सुनाया तो मुझे लगा कि यह मेरे लिए अपना बदला लेने का मौका है। उस नकारात्मक किरदार को निभाकर मैंने उस नफरत और गुस्से को बाहर निकाला जो मेरे अंदर सालों से दबा था। अंत में बस यही कहूंगा, भारत माता की जय।’
सीक्वल में ‘बदले’ का अंत
फिल्म के हालिया रिलीज हुए दूसरे भाग ‘धुरंधर: द रिवेंज’ में कहानी प्रतिशोध के अगले पड़ाव पर पहुंचती है। इस फिल्म में रणवीर सिंह का किरदार ‘हमजा’ एक क्रूर संघर्ष के बाद मेजर इकबाल (अर्जुन रामपाल) को मौत के घाट उतार देता है। फिल्म में रणवीर सिंह के अलावा संजय दत्त, आर माधवन, सारा अर्जुन और राकेश बेदी जैसे दिग्गज कलाकारों ने भी महत्वपूर्ण भूमिकाएँ निभाई हैं, जिन्होंने इस स्पाई-थ्रिलर को एक नया आयाम दिया है।
बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर’ की सुनामी
आदित्य धर की इस फ्रैंचाइजी ने बॉक्स ऑफिस पर सफलता के सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। जहाँ पहले भाग ने दुनिया भर में 1300 करोड़ रुपये का विशाल कलेक्शन किया था, वहीं ‘धुरंधर 2’ ने अपनी रिलीज के पहले ही दिन 145 करोड़ रुपये की ऐतिहासिक ओपनिंग की। महज चार दिनों के भीतर, फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 450 करोड़ रुपये और वैश्विक स्तर पर 750 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। दर्शकों और समीक्षकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया के साथ यह फिल्म अब भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर बनने की ओर अग्रसर है।
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited



