
सलमा आगा।
बॉलीवुड और विवादों का पुराना नाता रहा है और बीते कुछ सालों में तो फिल्मों को लेकर विवाद और भी ज्यादा बढ़ गए हैं। ‘पद्मावत’ से लेकर ‘द केरल स्टोरी 2’ तक कई फिल्में विवादों का सामना कर चुकी हैं, इनमें से कुछ सफल रहीं तो कुछ को ये विवाद प्रभावित करने में सफल रहे। आज हम आपको 44 साल पहले रिलीज हुई एक ऐसी फिल्म के बारे में बताते हैं, जिसने एक धधकते हुए मुद्दे को छुआ और जैसे ही सिनेमाघरों में रिलीज हुई इतिहास रच दिया। हम बात कर रहे हैं ‘महाभारत’ के निर्माता बीआर चोपड़ा की फिल्म ‘निकाह’ की, जो 1982 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म की कहानी तीन तलाक जैसे संवेदनशील विषय पर आधारित थी और इसी मुद्दे के चलते इस पर 34 केस भी दर्ज हुए थे। पहले फिल्म का नाम ‘तलाक’ रखा गया था, लेकिन बाद में निर्माताओं ने इसे बदलकर ‘निकाह’ कर दिया।
विवादों में उलझी थी फिल्म
सलमा आगा, दीपक पराशर और राज बब्बर स्टारर इस फिल्म को लेकर मुस्लिम समाज का एक वर्ग खासा नाराज था। उनका मानना था कि ये फिल्म उनके धार्मिक विश्वासों को ठेस पहुंचाती है। जैसे ही फिल्म चर्चा में आई, देखते ही देखते इसके खिलाफ 34 कोर्ट केस दर्ज हो गए। फिल्म को लेकर कई शहरों में विरोध प्रदर्शन भी हुए। विरोध करने वालों ने फिल्म के पोस्टर फाड़े, सिनेमा हॉल के बाहर नारेबाजी की और इसकी रिलीज रोकने की भी कोशिशें की गईं। यही नहीं, फिल्म में लीड रोल में नजर आईं सलमा आगा को भी इन विरोधों का सामना करना पड़ा। उन्हें धमकी भरे खत आने लगे और उन्हें भारत छोड़कर लंदन वापस जाने को कहा गया।
बॉक्स ऑफिस पर की तगड़ी कमाई
विवादों और नकारात्मक प्रचार के बावजूद, ‘निकाह’ जब रिलीज हुई तो बॉक्स ऑफिस पर कमाई के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। 4 करोड़ के बजट में बनी निकाह ने बॉक्स ऑफिस पर 9 करोड़ से ज्यादा की कमाई की और 225% का मुनाफा हासिल किया। फिल्म की सफलता ने हर किसी को हैरत में डाल दिया था और साथ ही ये भी साफ कर दिया कि अगर कंटेंट मजबूत हो और साफ इरादे से पेश किया गया हो तो दर्शक इसे जरूर अपनाएंगे। फिल्म की संवेदनशीलता और विषय की गंभीरता को खूब सराहा गया और राज बब्बर, दीपक पाराशर और सलमा आगा के अभिनय को भी खूब तारीफें मिलीं।
कहां देखें ये फिल्म
निकाह की सफलताके साथ ही सलमा आगा भी रातों-रात स्टार बन गईं। उन्हें ढेरों फिल्मों के ऑफर मिले, लेकिन उनकी अन्य फिल्में निकाह जैसी सफलता हासिल नहीं कर पाईं। आज भी ‘निकाह’ एक ऐसी फिल्म है, जो दर्शकों को सालों बाद भी अपनी तरफ खींचने का दम रखती है। आज भी इसे समय से आगे की सोच वाली फिल्म माना जाता है। यह समाज को आईना दिखाने वाली फिल्म थी, जिस पर दर्शकों ने खूब प्यार लुटाया। अगर आप भी ये फिल्म देखना चाहते हैं तो ये यूट्यूब पर उपलब्ध है। इसके अलावा जियो हॉटस्टार या अमेजन प्राइम वीडियो पर भी ये फिल्म देखी जा सकती है।
ये भी पढ़ेंः नोरा फतेही के गाने पर सरकार का एक्शन, सीबीएफसी को दिए निर्देश, सभी प्लेटफॉर्म से हटाया जाए ‘सरके चुनर’
प्रेग्नेंट हैं दिव्यांका त्रिपाठी, शादी के 10 साल बाद टीवी की ईशी मां बनेंगी रियल लाइफ मम्मी?
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited



