
पति निक और बेटी मालती के साथ प्रियंका चोपड़ा।
निक जोनास ने हाल ही में अपनी जिंदगी के उस सबसे नाजुक और भावनात्मक दौर के बारे में खुलकर बात की है, जब वह और प्रियंका चोपड़ा पहली बार माता-पिता बने। बेटी मालती मैरी चोपड़ा जोनास के जन्म के बाद का उनका सफर आसान नहीं था और अब पहली बार निक ने उस समय की तकलीफ, डर और उम्मीदों को शब्दों में पिरोया है। यह कपल, जिसे दुनिया भर में उनके मजबूत रिश्ते और आपसी सपोर्ट के लिए जाना जाता है, अक्सर सोशल मीडिया के जरिए अपनी फैमिली लाइफ की झलक दिखाता है, लेकिन इस बार निक ने दिल से जुड़ी एक ऐसी कहानी साझा की, जिसने फैंस को भावुक कर दिया।
मालती के जन्म से जुड़ा सबसे मुश्किल दौर
जे शेट्टी के पॉडकास्ट पर बातचीत के दौरान निक जोनास ने बताया कि मालती का जन्म उम्मीद से काफी पहले हो गया था। उन्होंने स्वीकार किया कि वे और प्रियंका इसके लिए मानसिक रूप से बिल्कुल तैयार नहीं थे। निक ने कहा, ‘हमें अंदाजा नहीं था कि वह इतनी जल्दी इस दुनिया में आ जाएंगी।’ उन्होंने उस पल को याद करते हुए बताया जब उन्हें अस्पताल से फोन आया और बताया गया कि डिलीवरी तय समय से पहले होगी। जब वे अस्पताल पहुंचे तो हालात बेहद डराने वाले थे। मालती का वजन केवल 1 पाउंड 11 औंस (यानी एक किलो से भी कम) था। निक ने बताया कि वह बेहद नाजुक थीं और उनका रंग बैंगनी पड़ चुका था, जिससे यह साफ हो रहा था कि उनकी हालत कितनी गंभीर थी।
NICU में लंबी और थकाने वाली लड़ाई
मालती को जन्म के बाद तुरंत NICU (नियोनेटल इंटेंसिव केयर यूनिट) में रखा गया, जहां उन्होंने करीब 3.5 महीने बिताए। इस दौरान निक और प्रियंका दोनों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। निक ने बताया कि वे 12-12 घंटे की शिफ्ट में अस्पताल में रहते थे, ताकि हर पल अपनी बेटी के पास रह सकें। यह सब COVID-19 महामारी के बीच हो रहा था, जिसने हालात को और भी चुनौतीपूर्ण बना दिया था। निक ने NICU की नर्सों और डॉक्टरों की जमकर तारीफ की और कहा कि उन्होंने मालती की जान बचाने के लिए दिन-रात मेहनत की। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी को छह बार ब्लड ट्रांसफ्यूजन कराना पड़ा। हर दिन उनके लिए डर और उम्मीद के बीच झूलने जैसा था। निक के शब्दों में, ‘यह एक साथ सुकून देने वाला भी था और बेहद डरावना भी।’
हर दिन एक नई उम्मीद
निक ने बताया कि मालती ने हर दिन जिंदगी के लिए संघर्ष किया। धीरे-धीरे वह मजबूत होती गईं और वह दिन भी आया जब डॉक्टरों ने उन्हें घर ले जाने की इजाजत दे दी। उस पल को याद करते हुए निक भावुक हो गए और कहा कि यह उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा सुकून देने वाला अनुभव था। निक और प्रियंका ने 2018 में ईसाई और हिंदू परंपराओं के साथ भव्य शादी की थी। जनवरी 2022 में उन्होंने सरोगेसी के ज़रिए मालती का स्वागत किया। बेटी के जन्म के बाद यह कपल पहले से कहीं ज्यादा मजबूत नजर आया और उन्होंने हमेशा एक-दूसरे का सहारा बने रहने की मिसाल पेश की।
प्रोफेशनल फ्रंट पर क्या चल रहा है
काम की बात करें तो निक जोनास जल्द ही जॉन कार्नी द्वारा निर्देशित फिल्म ‘पावर बैलेड’ में पॉल रड के साथ दिखाई देंगे, जो 5 जून को रिलीज़ होने वाली है। वहीं प्रियंका चोपड़ा भारतीय सिनेमा में दमदार वापसी की तैयारी कर रही हैं। वह एस.एस. राजामौली की अगली फिल्म ‘वाराणसी’ में महेश बाबू के साथ नजर आएंगी और इसके लिए वह भारत के कई हिस्सों में शूटिंग भी कर चुकी हैं।
ये भी पढ़ें: Mirzapur The Movie Release: अब OTT पर नहीं बड़े पर्दे पर दहाड़ेंगे कालीन भैया, तय हो गई रिलीज डेट
सुपरस्टार का बेटा, कर्ज चुकाने के लिए छोड़ी पढ़ाई, सेट पर बनाई चाय, अब 6 ब्रैंड का है मालिक
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited



