
ओटीटी पर आज-कल कंटेंट की ऐसी भरमार है कि कई बार समझ ही नहीं आता कि क्या देखें और क्या नहीं। आए दिन ओटीटी पर कुछ न कुछ नया रिलीज होता रहता है, जहां कुछ तो अपने कंटेंट के साथ दर्शकों की फेवरेट बन जाती हैं तो वहीं कुछ दर्शकों को कुछ खास इंप्रैस नहीं कर पातीं। ओटीटी पर इतना कंटेंट मौजूद है कि कई बार दिमाग कन्फ्यूज हो जाता है। ऐसे में दर्शक अब आईएमडीबी रेटिंग का भी सहारा लेते हैं। इस बीच हम आपको एक ऐसी क्राइम-थ्रिलर के बारे में बताते हैं, जिसकी आईएमडीबी रेटिंग 9.3 है। इस क्राइम थ्रिलर का नाम है ‘द वायर’, जिसे एक सीरीज से ज्यादा रियलिस्टिक स्टोरीटेलिंग का बेंचमार्क माना जा रहा है।
गहरी और सच्चाई के करीब है कहानी
इस सीरीज की कहानी सच्चाई के करीब और बेहद गहरी है। सीरीज की कहानी अमेरिका के बाल्टीमोर शहर के इर्द-गिर्द घूमती है। इस सीरीज को डेवि़ड साइमन ने बनाया है, जो खुद भी रिपोर्टर के तौर पर काम कर चुके हैं और पुलिस की कार्यप्रणाली को काफी करीब से देखा है। यही वजह है कि इसकी कहानी भी काफी हद तक असली लगती है। द वायर की कहानी पुलिस और अपराधियों के इर्द-गिर्द ही नहीं घूमती, बल्कि उस सिस्टम को भी समझने की कोशिश करती है, जो इस पूरी कार्यप्रणाली को नियंत्रित करती है। इस सीरीज के अब तक 5 सीजन आ चुके हैं और पांचो हिट रहे हैं।
हर सीजन में अलग कहानी
द वायर के हर सीजन में एक अलग कहानी और अलग मुद्दा देखने को मिलता है। शुरुआत ड्रग्स माफियाओं और पुलिस के टकराव से होती है, जिसके साथ अंडरवर्ल्ड और कानून के बीच की लड़ाई सामने आती है। फिर दूसरे सीजन की कहानी बंदरगाह और यहां काम करने वाले मजदूरों तक पहुंचती है, जहां रोजमर्रा की जद्दोजहद है और सिस्टम की कमजोरियां इस जद्दोजहद को और बढ़ाती है। तीसरे सीजन में राजनीति और प्रशासन पर फोकस रखा गया है और बताया गया है कि कैसे ऊपरी स्तर पर लिए गए फैसलों का असर जमीन पर पड़ता है। चौथा सीजन एजुकेशन सिस्टम पर प्रहार करता है और पांचवे सीजन में मीडिया और न्यूज रिपोर्टिंग की दुनिया को दिखाया गया है। इस सीजन में दिखाया गया है कि खबरें समाज को कैसे प्रभावित करती हैं।
कहां देंखें?
द वायर की सबसे बड़ी खासियत इसकी रियलिस्टिक अप्रोच है। इसका हर सीजन धमाकेदार और दिमाग को खोल देने वाला है, लेकिन इसे समझने के लिए इसे ध्यान से देखना जरूरी है। इस सीरीज में न तो कोई हीरो है और न ही फिल्मी विलेन, जिसके चलते इसे देखते हुए ऐसा महसूस होता है जैसे कोई डॉक्यूमेंट्री चल रही हो। अगर आप भी ये सीरीज देखना चाहते हैं तो ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर इसे देखा जा सकता है।
ये भी पढ़ेंः 9.2 है IMDb रेटिंग वाली धमाकेदार सीरीज, 5 एपिसोड में दिखाई देश के सबसे बड़े स्कैम की कहानी
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited




