
गोलमाल 5 के एक्टर्स।
‘गोलमाल’ बॉलीवुड की शानदार कॉमेडी फ्रेंचाइजी है, इसके चार पार्ट काफी सफल रहे और अब इसके अगले पार्ट के आने की उम्मीद लगाए फैंस बैठे। फिल्म को लेकर मेकर्स भी प्लानिंग कर रहे हैं और जल्द ही फिल्म की कास्टिंग पूरी कर इसकी शूटिंग शुरू करने की योजना भी है। फिल्म को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। कहा जा रहा है कि फिल्म में नए और दमदार एक्टर को कास्ट किया जा रहा है, जो अजय देवगन की टोली से भिड़ता नजर आएगा। जी हां, ये नई कास्ट एक विलेन के लिए है, जो अपनी कॉमिक टाइमिंग के लिए मशहूर है। कौन है ये एक्टर जानने के लिए नीचे स्क्रोल करें।
लीड विलेन के रूप में दिखेंगे अक्षय कुमार
बॉलीवुड से जुड़ी ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक सुपरस्टार अक्षय कुमार और डायरेक्टर रोहित शेट्टी पहली बार एक बड़े कॉमेडी प्रोजेक्ट के लिए हाथ मिलाने जा रहे हैं। यह प्रोजेक्ट कोई और नहीं, बल्कि रोहित शेट्टी की सुपरहिट कॉमेडी फ्रेंचाइजी ‘गोलमाल 5’ है। अक्षय कुमार की एंट्री के साथ ही इस फिल्म को लेकर फैंस की एक्साइटमेंट कई गुना बढ़ गई है और माना जा रहा है कि यह सीक्वल अब तक का सबसे बड़ा और अलग गोलमाल साबित हो सकता है। वैरायटी इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार अक्षय कुमार को ‘गोलमाल 5’ में एक बेहद अहम किरदार के लिए साइन किया गया है। खास बात यह है कि वह इस फिल्म में हीरो नहीं, बल्कि लीड विलेन के रूप में नजर आएंगे। कॉमेडी फ्रेंचाइजी में अक्षय का नेगेटिव रोल निभाना अपने आप में एक बड़ा सरप्राइज माना जा रहा है। फिल्म में उनका सामना अजय देवगन और पूरी ओरिजिनल गोलमाल टीम से होगा, जिससे स्क्रीन पर जबरदस्त कॉमिक टकराव देखने को मिल सकता है।
कॉमेडी के साथ फैंटेसी का तड़का
रिपोर्ट्स की मानें तो गोलमाल फ्रेंचाइजी का यह नया पार्ट पहले से कहीं ज्यादा बड़े स्केल पर बनाया जाएगा। फिल्म में जहां एक तरफ सिचुएशनल कॉमेडी होगी, वहीं दूसरी ओर इसमें कुछ फैंटेसी एलिमेंट्स भी जोड़े जाएंगे, जो कहानी को और मज़ेदार और अलग बनाएंगे। रोहित शेट्टी अपनी फिल्मों में एंटरटेनमेंट का लेवल हमेशा ऊंचा रखते हैं और गोलमाल 5 से भी दर्शकों को इसी तरह के धमाकेदार अनुभव की उम्मीद है। रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनी गोलमाल सीरीज बॉलीवुड की सबसे सफल कॉमेडी फ्रेंचाइजी में से एक है। इसकी शुरुआत साल 2006 में फिल्म ‘गोलमाल: फन अनलिमिटेड’ से हुई थी, जिसने बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता हासिल की। इसके बाद ‘गोलमाल रिटर्न्स’ (2008), ‘गोलमाल 3’ (2010) और ‘गोलमाल अगेन’ (2017) रिलीज हुईं। अब दर्शक बेसब्री से गोलमाल 5 का इंतजार कर रहे हैं, जो उम्मीद की जा रही है कि 2026 में सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
ओरिजिनल कास्ट की वापसी
गोलमाल सीरीज़ की पहचान उसकी मज़बूत और यादगार कास्ट से भी रही है। सभी फिल्मों में अजय देवगन, अरशद वारसी, तुषार कपूर, संजय मिश्रा, व्रजेश हिरजी और मुकेश तिवारी नजर आते रहे हैं। वहीं श्रेयस तलपड़े तीन फिल्मों का हिस्सा रहे हैं, जबकि कुणाल खेमू और जॉनी लीवर दो-दो फिल्मों में दिखाई दिए हैं। गोलमाल 5 में भी इन कलाकारों की वापसी की उम्मीद की जा रही है, जिससे फिल्म का कॉमिक टेम्परेचर और भी हाई होगा। गोलमाल फ्रेंचाइजी का एक स्पिन-ऑफ भी बनाया गया था, जिसका नाम ‘सर्कस’ था। यह फिल्म 23 दिसंबर 2022 को रिलीज़ हुई थी और इसे भी रोहित शेट्टी ने ही डायरेक्ट किया था। हालांकि यह फिल्म गोलमाल जितनी बड़ी हिट नहीं बन पाई, लेकिन इससे रोहित शेट्टी के कॉमिक यूनिवर्स का दायरा और बढ़ा।
अक्षय कुमार का 2026 में बिज़ी शेड्यूल
वर्क फ्रंट की बात करें तो अक्षय कुमार का आने वाला समय बेहद व्यस्त रहने वाला है। 2026 में उनकी कई बड़ी फिल्में लाइनअप हैं। इनमें हॉरर-कॉमेडी ‘भूत बंगला’ (15 मई), एक्शन-कॉमेडी ‘वेलकम टू द जंगल’ (26 जून), लंबे समय से इंतजार की जा रही ‘हेरा फेरी 3’ और एक्शन थ्रिलर ‘हैवान’ शामिल हैं। ऐसे में गोलमाल 5 में उनका विलेन अवतार दर्शकों के लिए एक बिल्कुल नया और मजेदार अनुभव साबित हो सकता है।
ये भी पढ़ें: पहले अटेंप्ट में क्रैक की UPSC परीक्षा, IPS बन कर फिल्मों में मारी ग्लैमरस एंट्री, अब पर्दे पर भी बनेंगी सुपरकॉप
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited



