
चंद्रकांता एक्ट्रेस शिखा स्वारूप।
साल 1994 में टेलीविजन पर आई फैंटेसी ड्रामा सीरीज ‘चंद्रकांता’ ने लोगों के दिलों में खास जगह बनाई। इस शो की फैन फॉलोइंग ‘रामायण’ और ‘महाभारत’ से कम नहीं थी। इसे देखने के लिए दीवाने थे। इस शो में शिखा स्वरूप ने चंद्रकांता के किरदार के रूप में दर्शकों का दिल जीत लिया था। उनकी सुंदरता, सहजता और परफॉर्मेंस ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। यह शो शिखा स्वरूप के लिए बड़ी सफलता साबित हुआ और उन्हें रातों-रात लोकप्रियता दिलाई। इस शो की लीडिंग लेडी बनकर वो घर-घर में फेमस हो गईं। सिर्फ उनकी खूबसूरती ही नहीं, बल्कि उनके अभिनय कौशल की भी लोगों ने जमकर तारीफ की। ‘चंद्रकांता’ ने शिखा स्वरूप को टीवी इंडस्ट्री में पहचान दिलाई और उनके लिए मुख्यधारा के प्रोजेक्ट्स का रास्ता खोल दिया।
मॉडलिंग से शिखा ने शुरू किया करियर
शिखा स्वरूप का जन्म 23 अक्टूबर 1970 को दिल्ली में हुआ था। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की और 1988 में मिस इंडिया इंटरनेशनल का खिताब जीतकर अपनी प्रतिभा साबित की। मॉडलिंग में उनकी लंबाई और स्टाइल ने उन्हें इंडस्ट्री में विशेष पहचान दिलाई। इसके अलावा शिखा ने खेलों में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया। वे ऑल इंडिया पिस्टल शूटिंग चैंपियनशिप 1988 में गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं और राष्ट्रीय स्तर की बैडमिंटन खिलाड़ी भी रही हैं। इन उपलब्धियों ने उनकी बहुआयामी प्रतिभा को दर्शाया। शिखा स्वरूप ने अपनी पढ़ाई को भी गंभीरता से लिया। उन्होंने दिल्ली के सेंट स्टीफंस कॉलेज से इकनॉमिक्स ऑनर्स की पढ़ाई पूरी की। एक्टिंग और खेल के साथ उन्होंने शिक्षा को भी प्राथमिकता दी, जिससे उनकी व्यक्तित्व में संतुलन और निखार आया।

चंद्रकांता एक्ट्रेस शिखा स्वारूप।
कई टीवी शोज और फिल्मों में किया काम
‘चंद्रकांता’ की सफलता के बाद शिखा स्वरूप को हिंदी फिल्मों में भी काम मिलने लगा। उन्होंने ‘तहलका’, ‘पुलिसवाला गुंडा’, ‘पुलिस पब्लिक’, ‘कैदी कानून’ समेत लगभग 11 फिल्मों में काम किया। हालांकि इन फिल्मों में से कई बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं हो पाईं। फिल्मों की तुलना में शिखा टीवी पर ज्यादा प्रभावशाली और लोकप्रिय साबित हुईं। 1996 में उन्होंने टीवी शो ‘युग’ में 1997 में ‘शक्तिमान’ में 2011 में ‘कहानी चंद्रकांता की’ में और 2012 में ‘रामायण’ में काम किया। टीवी पर उनकी मौजूदगी दर्शकों के बीच उनकी स्थायी पहचान बन गई। कहा जाता है कि उनके कई अच्छे फिल्म ऑफर्स उनके लंबाई के कारण उनसे चूक गए, लेकिन मॉडलिंग वर्ल्ड में उनका सिक्का जम गया। उन्होंने 400 से ज्यादा रैंप वॉक और फैशन शो किए, जिससे उनका नाम इंडस्ट्री में कायम हुआ।
यहां देखें पोस्ट
अब क्या करती हैं शिखा
2012 के बाद शिखा स्वरूप ने एक्टिंग की दुनिया से दूरी बना ली और अब वे मोटिवेशनल स्पीकर के रूप में सक्रिय हैं। इतना ही नहीं वो दिल्ली में एक गार्मेंट फैक्ट्री भी चलाती हैं। वे विभिन्न सामाजिक और शिक्षा संबंधी मुद्दों पर लोगों को जागरूक करती हैं और उन्हें प्रेरित करने का काम करती हैं। शिखा ने अपने अनुभवों और जीवन की सीखों को साझा कर नई पीढ़ी को दिशा देने की कोशिश की है। शिखा स्वरूप का करियर बहुआयामी रहा, मॉडलिंग, एक्टिंग, खेल और शिक्षा और उन्होंने हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई। शिखा अब बेहद प्राइवेट लाइफ जीती हैं।
ये भी पढ़ें: 150 शोज ने दिलाई पहचान, एक हादसे ने बदली लाइफ, संन्यासी बनकर गुजारे के लिए मांगी भीख, अब कर रहीं अज्ञातवास
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited



