
सास बहू और फ्लैमिंगो के एक सीन की झलक।
अगर आपको लगता है कि सास-बहू पर बनी कहानियां अब सिर्फ घरेलू ड्रामे, साजिशों और आंसुओं तक सीमित रह गई हैं तो ओटीटी के दौर में आई एक वेब सीरीज अपकी ये गलतफहमी दूर कर देगी। साल 2023 में आई इस वेब सीरीज का नाम ‘सास बहू और फ्लेमिंगो’ है। यह सीरीज पारंपरिक टीवी शोज की परिभाषा को पलटकर रख देती है, जहां साड़ी-बिंदी के साथ बंदूकें, खून-खराबा और खतरनाक साजिशें भी बराबरी से मौजूद हैं। हर एपिसोड के साथ रोमांच का स्तर इतना तेजी से बढ़ता है कि दर्शक खुद को स्क्रीन से नजरें हटाने नहीं देता।
कैसी है सीरीज की कहानी?
साल 2023 में रिलीज हुई यह एक्शन-थ्रिलर वेब सीरीज अपने नाम जितनी अनोखी है, कहानी उतनी ही चौंकाने वाली। ‘सास बहू और फ्लेमिंगो’ की दुनिया पाकिस्तान बॉर्डर के पास बसे काल्पनिक रण प्रदेश में बसती है, जहां कानून से ज्यादा रानी बा का हुक्म चलता है। इस दमदार किरदार में डिंपल कपाड़िया ने ऐसा जानदार अभिनय किया है कि वह लंबे समय तक याद रह जाता है। रानी बा सिर्फ परिवार की मुखिया नहीं, बल्कि इलाके का सबसे बड़ा ड्रग माफिया भी है, जिसने अपराध का एक विशाल साम्राज्य खड़ा कर रखा है।
महिलाओं ने संभाला मोर्चा
इस साम्राज्य को संभालने में रानी बा अकेली नहीं है। उसकी दोनों बहुएं और बेटी इस काले कारोबार में पूरी ताकत से उसका साथ देती हैं। ईशा तलवार और अंगिरा धर ने बहुओं के किरदार में मजबूती और खौफ दोनों को बखूबी पर्दे पर उतारा है, जबकि राधिका मदान बेटी शांता के रोल में एक अलग ही रंग लेकर आती हैं। यह परिवार बाहर से जितना सामान्य दिखता है, अंदर से उतना ही खतरनाक है।
सीरीज की खास बातें
सीरीज की सबसे बड़ी खासियत यही है कि यह आम सास-बहू ड्रामों की तरह घरेलू झगड़ों में नहीं उलझती। यहां हर रिश्ते के पीछे एक राज है, हर मुस्कान के पीछे साजिश और हर फैसले के साथ हिंसा जुड़ी हुई है। कहानी में थ्रिल, एक्शन और सस्पेंस का ऐसा तड़का लगाया गया है कि हर एपिसोड खत्म होते-होते दर्शक अगले ट्विस्ट के लिए बेचैन हो जाता है। खून-खराबा यहां दिखावे के लिए नहीं, बल्कि कहानी का अहम हिस्सा है।
सधी हुई है पूरी सीरीज
डिंपल कपाड़िया ने रानी बा के किरदार में जिस तरह की ठहराव और क्रूरता दिखाई है, वह सीरीज को एक अलग ऊंचाई पर ले जाती है। दमदार डायलॉग्स, सधी हुई स्क्रीन प्रेजेंस और रहस्यमयी अंदाज उनकी परफॉर्मेंस को और मजबूत बनाता है। क्लाइमैक्स तक पहुंचते-पहुंचते कहानी ऐसा बड़ा राज खोलती है, जो दर्शकों को चौंका देता है। होमी अदजानिया के निर्देशन में बनी यह सीरीज तेज रफ्तार और कसी हुई कहानी के साथ आगे बढ़ती है। सौरभ डे, नंदिनी गुप्ता और अमन मन्नन की लिखी स्क्रिप्ट कहीं भी ढीली नहीं पड़ती।
ये है IMDb रेटिंग
कुल 8 एपिसोड वाली यह सीरीज एक बार शुरू करने के बाद खत्म किए बिना छोड़ी नहीं जा सकती। आईएमडीबी पर 7.7 की दमदार रेटिंग पाने वाली ‘सास बहू और फ्लेमिंगो’ को क्राइम-थ्रिलर जॉनर की बेहतरीन सीरीज में गिना जाता है। हिंदी के साथ-साथ तमिल, तेलुगु, मलयालम, कन्नड़, मराठी और बंगाली में उपलब्ध यह शो जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम किया जा सकता है। अगर आप कुछ हटकर, बोल्ड और रोमांच से भरपूर देखने का मन बना रहे हैं तो यह सीरीज आपकी वॉचलिस्ट में जरूर होनी चाहिए। जिसने भी ये सीरीज देखी है, वो अब इसके दूसरे सीजन के आने का इंतजार कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें: राजपाल यादव की फिल्म, जिसके चलते खा रहे जेल की हवा, IMDb पर मिली है ठीक-ठाक रेटिंग, फ्री में देख सकते हैं मूवी
Jodha Akbar: 10 सालों में पूरी तरह बदल गए TV के अकबर, एक झलक में पहचान पाना मुश्किल
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited



