
आयुष शर्मा।
बॉलीवुड इंडस्ट्री में हाल ही में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाने वाली घटनाएं सामने आई हैं। रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग के बाद अब सुपरस्टार सलमान खान के जीजा और अभिनेता आयुष शर्मा को बुधवार को एक धमकी भरा ईमेल मिला है। यह मामला ऐसे समय में सामने आया है, जब ठीक एक दिन पहले अभिनेता रणवीर सिंह को व्हाट्सऐप पर एक वॉइस नोट के जरिए धमकी मिलने की खबर आई थी। इन घटनाओं ने फिल्म इंडस्ट्री और पुलिस प्रशासन दोनों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
मुंबई पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस सूत्रों के अनुसार आयुष शर्मा को भेजे गए ईमेल में प्रेषक ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया है। हालांकि अभी तक इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और न ही ईमेल की पूरी सामग्री सार्वजनिक की गई है। आयुष शर्मा की ओर से अब तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई पुलिस ने खुद से संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ईमेल वास्तव में किसी संगठित गैंग से जुड़ा है या फिर यह किसी शरारती तत्व की हरकत है।
रणवीर सिंह को भी मिली थी धमकी
यह भी गौर करने वाली बात है कि आयुष को मिली धमकी, रणवीर सिंह को मिली धमकी के तुरंत बाद आई है। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक रणवीर सिंह के असिस्टेंट को एक अनजान नंबर से व्हाट्सऐप वॉइस नोट मिला था, जिसमें कथित तौर पर करोड़ों रुपये की मांग की गई थी। पुलिस को संदेह है कि इन मामलों के पीछे लॉरेंस बिश्नोई गैंग का हाथ हो सकता है और मकसद जबरन वसूली हो सकता है। हालांकि जांच पूरी होने तक किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग
इसी बीच पिछले सप्ताह फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के मुंबई के जुहू स्थित घर के बाहर भी फायरिंग की घटना सामने आई थी। एक अज्ञात शूटर ने घर के बाहर पांच राउंड गोलियां चलाई थीं। गनीमत रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। पुलिस ने इस मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए पुणे से पांच संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। मंगलवार को मुंबई पुलिस ने रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग मामले में गिरफ्तार पांच आरोपियों पर महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गनाइज्ड क्राइम एक्ट (MCOCA) के तहत मामला दर्ज किया। आरोपियों को एक विशेष MCOCA कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 17 फरवरी, 2026 तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इन घटनाओं के बीच कोई कड़ी है।
आयुष का करियर
जहां तक आयुष शर्मा के करियर की बात हैउन्होंने साल 2018 में फिल्म ‘लवयात्री’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इस फिल्म में उनके साथ वरीना हुसैन नजर आई थीं। 35 वर्षीय अभिनेता को आखिरी बार 2024 में रिलीज हुई एक्शन थ्रिलर ‘रुस्लान’ में देखा गया था, जिसमें विद्या मालवड़े, जगपति बाबू और सुश्री मिश्रा भी अहम भूमिकाओं में थीं। फिलहाल मुंबई पुलिस इन सभी मामलों की गहन जांच कर रही है। फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े इन हालिया घटनाक्रमों ने सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
(PTI Input)
ये भी पढ़ें: Netflix पर आ गई 6 एपिसोड वाली क्राइम थ्रिलर सीरीज, हर एपिसोड में गहराता है सस्पेंस, देखकर फटने लगेगी दिमाग की नसें
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited



