
रुपाली गांगुली और रणवीर सिंह।
फिल्ममेकर आदित्य धर की फिल्म धुरंधर ने रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया था और अब फैंस इसके सीक्वल ‘धुरंधर: द रिवेंज’ का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। टीजर रिलीज होने के बाद से ट्रेलर को लेकर उत्सुकता और भी बढ़ गई है। इसी बीच एक्ट्रेस रुपाली गांगुली ने खुलासा किया है कि उन्होंने सीक्वल के कुछ हिस्से देखे हैं और अपनी प्रतिक्रिया भी साझा की है। रुपाली के भाई विजय गांगुली ने धुरंधर में कोरियोग्राफर के तौर पर काम किया था और ‘शरारत’ और ‘फा9ला’ जैसे गानों को कोरियोग्राफ किया था। NDTV को दिए इंटरव्यू में रुपाली ने बताया कि जब विजय फिल्म के दूसरे पार्ट की एडिटिंग कर रहे थे, तब उन्होंने वीडियो कॉल पर उन्हें कुछ सीन दिखाए।
रुपाली ने पहले ही देख ली फिल्म!
रुपाली ने कहा, ‘मैंने धुरंधर थिएटर में दो बार देखी थी। क्या शानदार फिल्म है। मैं दूसरे पार्ट के आने का इंतजार नहीं कर पा रही हूं। कल ही मैंने दूसरे पार्ट के कुछ हिस्से देखे। विजय कुछ एडिट कर रहे थे और हम वीडियो कॉल पर थे। वह कह रहे थे, ‘ये शॉट देखो, ये शॉट देखो।’ ओह, क्या कमाल का शॉट था। मैंने उनसे कहा इसे दोबारा रिवाइंड करके दिखाओ। हर फ्रेम शानदार है।’ उन्होंने यह भी याद किया कि उनके भाई को इस बात पर शक था कि उनका गाना ‘शरारत’ हिट होगा या नहीं। इस पर रूपाली ने उन्हें कहा, ‘वह बार-बार कह रहे थे, ‘अगर मैंने इसे और बेहतर शूट किया होता तो ये गाना हिट होता।’ मैंने कहा, ‘क्या तुम पागल हो? ये गाना सुपर-डुपर हिट होगा।’
धुरंधर और इसका सीक्वल
आदित्य धर के निर्देशन में बनी धुरंधर एक भारतीय जासूस की कहानी है, जिसका किरदार रणवीर सिंह ने निभाया है। वह पाकिस्तान में अपराधी गिरोहों में घुसपैठ कर भारत को निशाना बनाने वाले एक आतंकी नेटवर्क को खत्म करने के मिशन पर निकलता है। फिल्म में अक्षय खन्ना ने खलनायक रहमान डकैत का रोल निभाया था। फिल्म में अर्जुन रामपाल, आर. माधवन और संजय दत्त भी मुख्य भूमिकाओं में नजर आए, जबकि सारा अर्जुन, राकेश बेदी और डैनिश पंडोर अहम किरदारों में थे। धुरंधर ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए दुनियाभर में ₹1,300 करोड़ से ज्यादा और भारत में ₹1,000 करोड़ का कलेक्शन किया। नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ के बाद भी यह फिल्म ग्लोबली नंबर वन रही।
पाकिस्तान में भी ट्रेंडिंग बनी फिल्म
पाकिस्तान में बैन होने के बावजूद रिपोर्ट्स के मुताबिक वहां भी नेटफ्लिक्स चार्ट्स में फिल्म टॉप पर रही और दर्शकों ने आदित्य धर की रिसर्च और स्टोरीटेलिंग की जमकर तारीफ की। ‘धुरंधर: द रिवेंज’ में रणवीर सिंह के किरदार हमजा की बैकस्टोरी को और विस्तार से दिखाया जाएगा। साथ ही अर्जुन रामपाल और रणवीर सिंह के बीच एक बड़े टकराव की झलक भी देखने को मिल सकती है। फिल्म 19 मार्च को रिलीज़ होगी और बॉक्स ऑफिस पर यश की टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर द ग्रोन अप्स से टक्कर लेगी।
ये भी पढ़ें: दो बार पहले भी जेल जा चुके हैं राजपाल यादव, 3 महीने की कैद में बदली लोगों की जिंदगी, किया गया सम्मानित
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited



