
नागबंधम का टीजर हुआ जारी।
अभिषेक नामा के निर्देशन में बनी माइथो-एक्शन फिल्म ‘नागबंधम’ का मोस्ट अवेटेड टीजर महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर रिलीज कर दिया गया है। इस माइथोलॉजिकल एक्शन फिल्म में अभिनेता विराट कर्णा लीड रोल में नजर आने वाले हैं। सुपरस्टार महेश बाबू ने रविवार, 15 फरवरी को इस फिल्म का टीजर जारी किया, जिसे बहुत ही बड़े स्केल पर तैयार किया गया है। टीजर के जारी होते ही फैंस की एक्साइटमेंट सातवें आसमान पर पहुंच गई है और अब सोशल मीडिया पर नागबंधम का टीजर ट्रेंड कर रहा है। विराट कर्णा स्टारर ये फिल्म पहले से ही सुर्खियों में बनी हुई है और अब इसके टीजर ने फैंस की एक्साइटमेंट और भी बढ़ा दी है।
‘नागबंधम’ का टीजर
नागबंधम के टीजर से एक बात तो साफ है कि प्रोड्यूसर किशोर अन्नापुरेड्डी और निशिता नागिरेड्डी ने इस फिल्म को काफी बड़े बजट और बहुत बड़े स्केल पर तैयार किया है, जिसमें वर्ल्ड-क्लास प्रोडक्शन वैल्यू की झलक साफ नजर आ रही है। टीजर की शुरुआत हिमालय की रहस्यमयी वादियों के बैकड्रॉप से होती है और धीरे-धीरे एक ऐसी दुनिया का दरवाजा खुलता है, जहां एक सदियों पुराना गहरा राज दफन है और जब एक इंसान अपने लालच के चलते इस ब्रह्मांडीय सच को उजागर करने की कोशिश करता है, तब इस इंसान को जवाब देने के लिए नियति अपना योद्धा चुनती है।
अब्दाली के ऐतिहासिक अफगान आक्रमण से प्रेरित है फिल्म
‘नागबंधम’ की कहानी को लेकर अब तक सामने आई जानकारी के अनुसार, ये फिल्म अब्दाली के ऐतिहासिक अफगान आक्रमण से प्रेरित है। वहीं फिल्म में इतिहास के साथ माइथोलॉजी और आध्यात्मिक युद्ध का अनोखा मेल देखने को मिलेगा। टीजर से साफ है कि फिल्म सांस्कृतिक विरोध और दैवीय सुरक्षा के बीच के टकराव को दिखाने वाली है, जिसे लेकर फैंस काफी उत्सुक हैं।
महागाथा का केंद्र
फिल्म की कहानी का केंद्र एक पवित्र नागबंधम मंदिर है। एक गुप्त मंदिर जिसमें सदियों पुराने राज दफन हैं और इसकी रक्षा दिव्य शक्तियां कर रही हैं। इस मंदिर को लेकर मान्यता है कि यहां एक प्राचीन शक्ति सुरक्षित है। इस मंदिर में इतनी शक्तिशाली शक्ति छिपी है कि अगर किसी गलत हाथ में पड़ गई तो प्रलय आ सकता है। मेकर्स ने टीजर जारी करते हुए कैप्शन में लिखा- ”ब्रह्मा की रचना से जन्मा… विष्णु के धर्म से सुरक्षित… महादेव के क्रोध से शक्ति प्राप्त…”। यह दमदार लाइन फिल्म के एक ऐसे हीरो की ओर इशारा करती है, जिसमें दिव्यता, नियति और विनाश का सामना करने की ताकत है।
कब रिलीज होगी नागबंधम?
टीजर के जारी होते ही फिल्म की रिलीज डेट को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। मेकर्स ने टीजर जारी करते हुए ये तो बताया है कि फिल्म समर 2026 में ही रिलीज होगी, लेकिन अब तक इसकी रिलीज डेट का ऐलान नहीं किया है। दूसरी तरफ फिल्म के टीजर ने दर्शकों के दिलों में हलचल पैदा कर दी है और दर्शक कमेंट के जरिए इसे लेकर अपनी उत्सुकता जाहिर कर रहे हैं। फिल्म में विराट कर्णा लीड रोल में हैं और उनके साथ नभा नतेश, ईश्वर्या मेनन, महेश मांजरेकर, ऋषभ साहनी, जगपति बाबू, मुरली शर्मा, जय प्रकाश, गरुड़ राम और अनसूया भारद्वाज जैसे कलाकार अहम भूमिका में नजर आएंगे।
ये भी पढ़ेंः ‘ओम नमः शिवाय’ के शिव अब कहां हैं? गले में असली सांप डालकर की शूटिंग, 29 सालों में इतने बदल गए यशोधन राणा
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited



