
राजपाल यादव
बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता राजपाल यादव इन दिनों चेक बाउंस केस के चलते चर्चा में हैं। इस महीने की शुरुआत में दिल्ली हाई कोर्ट ने चेक बाउंस केस मामले में सुनवाई की और अभिनेता की सजा पर रोक लगाने की समय सीमा आगे बढ़ाने से इनकार करते हुए उन्हें जेल में सरेंडर करने के आदेश दिए। कोर्ट के आदेश के बाद राजपाल यादव ने 5 फरवरी को तिहाड़ जेल में सरेंडर कर दिया, जिसके बाद से उनके दिन और रातें जेल में ही कट रही हैं। इस बीच बॉलीवुड के कई बड़े स्टार अभिनेता की मदद के लिए आगे आए हैं।
अब तक जेल में हैं राजपाल यादव
सोनू सूद से लेकर अजय देवगन तक, कई बड़े स्टार्स ने राजपाल यादव की मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाए हैं। बावजूद इसके अब तक उन्हें रिहाई नहीं मिली है। अभिनेता आज यानी सोमवार तक जेल में रहेंगे और आज ही मामले पर कोर्ट में दोबारा सुनवाई की जाएगी। इस बीच सोशल मीडिया पर ऐसी चर्चाएं तेज हो गईं कि राजपाल यादव को रिहाई मिल गई है, लेकिन अब अभिनेता की पत्नी राधा यादव ने खुद सामने आकर इन रूमर्स को खत्म कर दिया है और कन्फर्म किया कि अभिनेता अब तक जेल में ही हैं।
राजपाल यादव की पत्नी राधा ने दी ये जानकारी
राजपाल यादव की पत्नी राधा यादव ने टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में बताया कि राजपाल यादव अब भी जेल में ही हैं। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि अभिनेता फिलहाल जेल में ही हैं और जमानत मिलने तक जेल में ही रहेंगे। इसी के साथ उन्होंने जेल में बंद राजपाल यादव के सेहत की भी जानकारी दी और साथ ही फैंस और इंडस्ट्री के लोगों को धन्यवाद भी दिया, जो इस मुश्किल समय में उनका साथ दे रहे हैं।
क्या बोलीं राधा यादव?
राधा यादव ने राजपाल यादव के बारे में जानकारी देते हुए कहा- ‘जहां तक मैं जानती हूं, वह ठीक हैं। इंडस्ट्री के कई लोगों ने मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाए हैं, लेकिन इस समय मैं उनके नाम और रकम के बारे में जानकारी नहीं दे सकती।’ इससे पहले न्यूज एजेंसी पीटीआई से बातचीत में राधा ने कहा था- ‘सभी लोग उनकी मदद के लिए खड़े हैं। इंडस्ट्री ने बहुत साथ दिया है। जो भी लोग मदद के लिए आगे आए हैं, मैं उन्हें धन्यवाद कहना चाहती हूं।’ वहीं अभिनेता के मैनेजर ने भी इसकी जानकारी दी थी और कहा- ‘लोग खुद मदद के लिए आगे आ रहे हैं। सबने मदद का वादा किया है। जरूरी नहीं कि सिर्फ पैसे की ही मदद हो, किस तरह और किस रूप में मदद करेंगे, ये तय नहीं है। वे सभी उनके शुभचिंतक हैं।’
ये भी पढ़ेंः इंडियन आर्मी ने बनाई है ये धांसू शॉर्टफिल्म, अमिताभ बच्चन की आवाज भर देगी जोश, देखें झलक
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited



