
मुमैत और जिम्मी।
‘मुन्ना भाई एमबीबीएस’ हिंदी सिनेमा की उन फिल्मों में से एक है, जिसे दर्शक आज भी उतने ही प्यार से देखते हैं जितना रिलीज के समय देखा था। संजय दत्त, अरशद वारसी और बोमन इरानी जैसे कलाकारों से सजी इस फिल्म की कहानी, संवाद और किरदार आज भी याद किए जाते हैं। हालांकि फिल्म की कहानी और मुख्य पात्रों के अलावा एक और चीज थी जिसने दर्शकों का खूब ध्यान खींचा, फिल्म का आइटम सॉन्ग ‘देख ले आंखों में आंखें डाल…’। इस गाने में एक्ट्रेस मुमताज खान जिन्हें मुमैत खान के नाम से जाना जाता है नजर आई थीं, जिनकी ब्यूटी और लटके-झटकों ने न सिर्फ जिम्मी शेरगिल की नींद उड़ाई थीं, बल्कि कई और लोगों भी दीवाना बनाने में ये कामयाब रही थीं।
कई फिल्मों में किया काम
इस गाने में मुमैत खान ने ‘नंदिनी’ के किरदार में अपनी जबरदस्त अदाओं और डांस मूव्स से ऐसा समां बांधा कि वह रातोंरात चर्चा में आ गईं। उनकी ऊर्जा, आत्मविश्वास और स्क्रीन प्रेजेंस ने उन्हें अलग पहचान दिलाई। इस एक गाने ने उनके करियर को नई ऊंचाई दे दी और उन्हें लगातार कई फिल्मों में आइटम सॉन्ग के ऑफर मिलने लगे। देखते ही देखते मुमैत उस दौर की सबसे लोकप्रिय आइटम डांसरों में शामिल हो गईं। 2003 के बाद मुमैत खान ने हिंदी के साथ-साथ साउथ सिनेमा में भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने कई बड़े बैनर की फिल्मों में अपने डांस का जलवा बिखेरा। ‘हलचल’, ‘लकी नो टाइम फॉर लव’ और ‘राउडी राथौड़’ जैसी फिल्मों के गानों में उनके डांस को काफी सराहा गया। इसके अलावा साउथ की फिल्मों जैसे क्षत्रपति और पोकिरी में भी उन्होंने आइटम सॉन्ग्स के जरिए दर्शकों का ध्यान खींचा।
हादसे ने बदल दी दुनिया
अपने कातिलाना अंदाज और बेहतरीन डांसिंग स्किल्स की वजह से वह निर्माताओं की पहली पसंद बन गई थीं, लेकिन सफलता के इस सफर के बीच उनकी जिंदगी में एक ऐसा मोड़ आया, जिसने सब कुछ बदलकर रख दिया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार साल 2016 में मुमैत खान एक गंभीर सड़क हादसे का शिकार हो गईं। यह हादसा इतना भयंकर था कि उनके दिमाग की 5 नसें प्रभावित हुईं और वह करीब 15 दिनों तक कोमा में रहीं। इस कठिन दौर ने उनकी शारीरिक और मानसिक स्थिति पर गहरा असर डाला। एक्ट्रेस ने बताया था कि उनकी जीभ भी मोटी हो गई थी।
बदल गया पूरा लुक
हादसे के बाद लंबे समय तक उनका इलाज चला। डॉक्टरों ने उन्हें करीब सात वर्षों तक भारी काम, कड़ी एक्सरसाइज और अधिक शारीरिक मेहनत से दूर रहने की सलाह दी। लगातार दवाइयों और ट्रीटमेंट के चलते उनके शरीर में कई बदलाव आए। खासतौर पर उनका वजन तेजी से बढ़ गया, जिससे उनका लुक पूरी तरह बदल गया। जो मुमैत कभी अपने फिट और ग्लैमरस अंदाज के लिए जानी जाती थीं, वही अब बिल्कुल अलग रूप में नजर आने लगीं। हालांकि इस बदलाव ने उन्हें कमजोर नहीं किया। उन्होंने अपने जीवन को नए सिरे से संभालने की कोशिश की। एक्टिंग से दूरी बनाने के बाद भी मुमैत खान सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती हैं।
सोशल मीडिया पर हैं एक्टिव
वह अक्सर अपने डांस वीडियो और तस्वीरें साझा करती हैं, जिनमें उनका आत्मविश्वास साफ झलकता है। अपने फैंस से जुड़े रहने के लिए वह डिजिटल प्लेटफॉर्म का भरपूर उपयोग करती हैं। सिर्फ इतना ही नहीं, मुमैत ने बिजनेस की दुनिया में भी कदम रखा है। उन्होंने हैदराबाद में WeLyke Academy नाम से मेकअप और हेयर ट्रेनिंग अकादमी की शुरुआत की है। इस संस्थान के माध्यम से वह युवाओं को ब्यूटी और ग्रूमिंग के क्षेत्र में ट्रेनिंग दे रही हैं। यह पहल उनके नए सफर की मिसाल है, जहां उन्होंने कठिन परिस्थितियों के बावजूद खुद को फिर से स्थापित करने का साहस दिखाया।
ये भी पढ़ें: महात्मा गांधी को पर्दे पर उतारेगा वर्सेटाइल सुपरस्टार, पूरा बॉलीवुड मानता है एक्टिंग का लोहा
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited



