
आलिया भट्ट
लंदन में रविवार रात ब्रिटिश एकेडमी फिल्म एंड टेलीविजन अवॉर्ड (BAFTA) का आयोजन हुआ। बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट से लेकर फरहान अख्तर तक, बाफ्टा में बॉलीवुड की भी कई हस्तियों ने शिरकत की। फरहान अख्तर के प्रोडक्शन तले बनी मणिपुरी फिल्म ‘बूंग’ को बाफ्टा में बेस्ट चिल्ड्रन और फैमिली फिल्म की कैटेगरी में अवॉर्ड मिला। वहीं आलिया भट्ट ने भी BAFTA के मंच पर पहली बार कोई अवॉर्ड प्रेजेंट किया। आलिया की ये इस अवॉर्ड फंक्शन में पहली उपस्थिति थी और अपने अंदाज से उन्होंने हर किसी को हैरान कर दिया। बाफ्टा के रेड कार्पेट पर आलिया ने झिलमिलाती बैकलेस गूची गाउन पहनी थी, जिसमें वह बेहद हसीन लग रही थीं। एक्ट्रेस ने मंच पर नॉन इंग्लिश भाषा की बेस्ट फिल्म का अवॉर्ड भी दिया और इस दौरान उन्होंने कुछ ऐसा किया, जिसने उनके फैंस का दिल एक बार फिर जीत लिया।
आलिया भट्ट ने बाफ्टा 2026 में बोली हिंदी
होस्ट एलन कमिंग ने आलिया को स्टेज पर बुलाया। एक्ट्रेस सिल्वर गाउन में मंच पर आईं और दर्शकों का “नमस्कार” कहते हुए अभिवादन किया। उन्होंने हिंदी में अपनी स्पीच दी और फिर अपनी स्पीच को इंग्लिश में ट्रांसलेट भी किया। अवॉर्ड प्रेजेंट करते हुए आलिया ने कहा, “अगला पुरस्कार एक ऐसी फिल्म के लिए है, जो अंग्रेजी में नहीं है।” इसके बाद वह अपनी बात को स्पष्ट करते हुए कहती हैं, “अभी सबटाइटल देखने की जरूरत नहीं है,” और फिर उन्होंने अपनी बात अंग्रेजी में दोहराई और बेस्ट नॉन-इंग्लिश भाषा फिल्म श्रेणी के नॉमिनीज का परिचय दिया।
आलिया भट्ट की स्पीच
बाफ्टा में आलिया भट्ट ने अपनी स्पीच में कहा- “नमस्कार, अगला अवॉर्ड एक ऐसी फिल्म को जाता है,जो हिंदी में नहीं है। आप सबटाइटल पर ना जाएं। मैं हिंदी में बात कर रही थी, कि जो हमारा अगला अवॉर्ड है वो एक ऐसी फिल्म के लिए है जो इंग्लिश में नहीं है। क्योंकि, फिल्में तो ढेर हैं, अनगिनत आवाजों में बोलती हैं फिर भी जिस चीज की सबसे ज्यादा तारीफ होती है, वो है सिनेमा जिसे सब अच्छे से समझते हैं।”
किस फिल्म को सर्वश्रेष्ठ गैर-अंग्रेजी फिल्म का पुरस्कार मिला?
इसके बाद आलिया भट्ट ने जोआकिम ट्रायर द्वारा निर्देशित नॉर्वेजियन पारिवारिक ड्रामा फिल्म ‘सेंटिमेंटल वैल्यू’ के नाम का ऐलान किया और बाफ्टा पुरस्कार प्रदान किया। इस फिल्म ने ‘इट वॉज जस्ट एन एक्सीडेंट’, ‘द सीक्रेट एजेंट’, ‘सिरात’ और ‘द वॉइस ऑफ हिंद रजब’ को पीछे छोड़ते हुए यह पुरस्कार जीता।
आलिया भट्ट के मंच पर हिंदी बोलने पर इंटरनेट पर क्या प्रतिक्रिया रही?
आलिया का ये अंदाज तुरंत सुर्खियों में छा गया। बाफ्टा के इंस्टाग्राम पेज पर आलिया के भाषण के कमेंट सेक्शन में फैंस ने लिखा, “उन पर बहुत गर्व है”, एक अन्य लिखता है- “बाफ्टा के मंच पर हिंदी बोलना एक ऐतिहासिक कदम है आलिया पर बहुत गर्व है शाबाश!” एक ने लिखा- “रानी मुझे गर्व महसूस करा रही है हमें इसी प्रतिनिधित्व की जरूरत है!” ऐसे ही कमेंट करते हुए यूजर आलिया की तारीफ कर रहे हैं।
इन फिल्मों में नजर आएंगी आलिया भट्ट
वर्क फ्रंट की बात करें तो आलिया भट्ट अब संजय लीला भंसाली की ‘लव एंड वॉर’ में नजर आएंगी, जिसमें उनके साथ रणबीर कपूर और विक्की कौशल भी मुख्य भूमिका में हैं। इसके अलावा आलिया यशराज फिल्म्स की ‘अल्फा’ में भी लीड रोल में हैं, जिसमें उनके साथ शरवरी वाघ भी महत्वपूर्ण भूमिका में हैं।
ये भी पढ़ेंः ‘राइटर्स को नहीं देते महत्व’, ‘जवान’ के लेखक ने बताई फिल्ममेकर्स की सच्चाई, बोले- उन्हें लगता है सिर चढ़ जाएंगे
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited



