
रणवीर सिंह अभिनीत फिल्म ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ ने सिनेमाघरों में दस्तक देते ही दर्शकों के बीच तहलका मचा दिया है। फिल्म को मिल रही शानदार प्रतिक्रिया ने इसे बॉक्स ऑफिस पर चर्चा का केंद्र बना दिया है। इस सीक्वल की सबसे बड़ी विशेषता इसकी कहानी है, जो कई चौंकाने वाले वास्तविक अपराधों की परतों को खोलती है। फिल्म की पटकथा में उत्तर प्रदेश के कुख्यात माफिया अतीक अहमद के जीवन से प्रेरित एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम को भी शामिल किया गया है, जो दर्शकों के लिए काफी रोमांचक साबित हो रहा है। ‘धुरंधर 2’ न केवल मनोरंजन करती है, बल्कि यह अतीक अहमद जैसे अपराधियों के साम्राज्य और उनके पतन के पीछे के अनकहे पहलुओं को भी पर्दे पर उकेरती है। अब सवाल आता है कि इस गैंगस्टर का किरदार किसने निभाया और इसका ISI से क्या कनेक्शन रहा है, ये जानने के लिए नीचे स्क्रोल करें।
कौन हैं आतिफ अहमद का रोल निभाने वाले सलीम?
अतीक अहमद से इंस्पायर्ड आतिफ अहमद का किरदार मंझे हुए एक्टर सलीम सिद्दीकी ने निभाया है। सलीम इससे पहले कई ओटीटी फिल्मों और वेब सीरीज में नजर आ चुके हैं। थिएटर से इनका नाता है। 12वीं फेल में इन्हें आपने विक्रांत मैसी के साथ देखा होगा। मनोज बाजपेयी के साथ ये ‘डिस्पैच’ में दिखे थे। इसके अलावा ये केके मेनन के साथ ‘स्पेशल ऑप्स’, ‘बॉम्बे मेरी जान’ और ‘शेखर होम’ में भी दिखे थे। मिर्जापुर में भी इनका छोटा किरदार रहा है। स्कैम 2003, काला, इंडिया लॉकडाउन, रक्षाबंधन, आखिरी सच, एस्पिरेंट्स जैसी फिल्मों और वेब सीरीज में नजर आ चुके हैं।
यहां देखें तस्वीर
कैसा है रोल?
51 साल के सलीम सिद्दीकी ने अपने लंबे करियर में कई शानदार एक्टर्स के साथ स्क्रीन स्पेस साझा किया है, लेकिन उन्हें अब पहचान धुरंधर 2 में निभाए आतिफ अहमद के किरदार से मिली है। फिल्म में उन्होंने गजब की एक्टिंग की है। इतना ही नहीं पूरी तरह से अतीक अहमद की कार्बन कॉपी भी लगे हैं। उनके किरदार की बात करें तो वो एक ऐसे नेता के रोल में हैं, जिसका ISI से सीधा कनेक्शन है और वो भारत में ड्रग्स और इल्लीगल वेपन का धंधा चलाता है। इलाहाबाद में बैठ कर ये उत्तर प्रदेश के चुनावों में नकली नोट नेपाल के रास्ते पाकिस्तान से मंगा रहा है, ताकि चुनावों को प्रभावित कर सके। फिल्म इसकी हत्या ठीक वैसी ही दिखाई गई है, जैसी अतीक अहमद की हुई थी। फिल्म में मेजर इकबाल को ये कहते हुए भी दिखाया गया, ‘जब तक आतिफ अहमद जिंदा है, सब संभाल लेगा।’
कौन था अतीक अहमद?
प्रयागराज में 1962 को जन्मे अतीक अहमद की पहचान एक दुर्दांत अपराधी से राजनेता बने शख्स के रूप में रही है। मात्र 17 वर्ष की उम्र में हत्या के पहले आरोप के साथ उसका अपराध जगत में प्रवेश हुआ, जिसके बाद हत्या, फिरौती और अपहरण जैसे 100 से अधिक गंभीर मामले उस पर दर्ज हुए। खौफ के दम पर उसने राजनीति की राह पकड़ी और समाजवादी पार्टी के टिकट पर विधानसभा के साथ-साथ भारतीय संसद लोकसभा तक का सफर तय किया। अतीक की दबंगई का आलम यह था कि उसने जेल की सलाखों के पीछे रहकर भी कई चुनाव लड़े और जीते। 160 से ज्यादा आपराधिक मुकदमों के बोझ तले दबा अतीक अहमद उत्तर प्रदेश के इतिहास में अपराध और राजनीति के खतरनाक गठजोड़ का एक प्रमुख चेहरा माना जाता था।
कैसे हुई अतीक अहमद की हत्या?
15 अप्रैल 2023 की रात उत्तर प्रदेश के आपराधिक इतिहास के लिए एक बड़ी घटना साबित हुई, जब पुलिस संरक्षण में अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की सरेआम हत्या कर दी गई। मेडिकल जांच के लिए ले जाते समय पत्रकारों के भेष में आए हमलावरों ने कैमरों के सामने ही दोनों भाइयों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हाल ही में चर्चा में आई फिल्म ‘धुरंधर’ इसी नाटकीय घटनाक्रम और अतीक के जीवन पर आधारित है। यह फिल्म महज एक क्राइम थ्रिलर नहीं है, बल्कि यह गहराई से उन परिस्थितियों का विश्लेषण करती है जिन्होंने अतीक को एक बाहुबली के रूप में खड़ा किया। साथ ही यह फिल्म उस चर्चित हत्याकांड के पीछे छिपे संभावित कारणों और साजिशों को भी पर्दे पर उतारने का प्रयास करती है।
ये भी पढ़ें: Dhurandhar 2: कौन हैं बड़े साहब? न इमरान हाशमी, न सलमान, मिल गया वो एक्टर जिसने निभाया अंडरवर्ल्ड डॉन का रोल
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited



